1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. क्या है जीवन का ढाई सुख, जिसके पास है वो दुनिया का सबसे धनी, डॉक्टर मानते हैं सेहतमंद रहने का राज

क्या है जीवन का ढाई सुख, जिसके पास है वो दुनिया का सबसे धनी, डॉक्टर मानते हैं सेहतमंद रहने का राज

Jeevan Ke Dhai Sukh Kya Hai: जीवन में ढाई सुख जिसके पास हैं वो दुनिया का सबसे धनी इंसान है। डॉक्टर की भाषा में ये सुख आपकी सेहत का राज है। आइये जानते हैं क्या आपके पास है ये ढाई सुख?

जीवन के ढाई सुख- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK जीवन के ढाई सुख

आज की तारीख में स्वस्थ शरीर सबसे बड़ी पूंजी है। जिसके पास स्वस्थ शरीर निरोगी काया है वो इस दुनिया का सबसे धनी इंसान है। जाने माने डॉक्टर और लिवर स्पेशलिस्ट डॉक्टर सरीन ने बताया कि डॉक्टर्स की भाषा में कहा जाता है अगर आपके पास ढाई सुख है तो आप सेहतमंद हैं। ये ढाई सुख है पहला निरोगी काया, यानि आपके शरीर में कोई बीमारी न हो। दूसरा सुख है रात में अच्छी नींद आना। बाकी सारे सुख आधे में आते हैं। यानि जिसके पास भी ये ढाई सुख है वो सेहत के मामले में इस दुनिया का सबसे अमीर इंसान है।

सेहत का ढाई सुख क्या है?

पहला निरोगी काया- अगर आपका शरीर स्वस्थ है तो इससे बड़ा सुख कोई नहीं हो सकता। इसे आपको कोई नहीं छीन सकता है। यह कहावत बताती है कि बिना शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य के जीवन के सारे सांसारिक सुख जैसे धन, घर, रिश्ते अधूरे हैं। अब निरोगी शरीर पाने के लिए नियमित दिनचर्या को अपनाना जरूरी है। जिसमें योग, संतुलित आहार और स्वस्थ जीवनशैली का होना जरूरी है। इसके लिए व्यायाम जरूर करें, हेल्दी खाना खाएं और अच्छी आदतों को अपनाएं।

दूसरा अच्छी नींद- अगर आप रोजाना 7 घंटे की अच्छी नींद लेते हैं तो इससे आपका शरीर स्वस्थ रहता है। नींद सिर्फ आलस भगाने या सोने के लिए नहीं बल्कि शरीर के फंक्शन के लिए है। जब आप सोते हैं तो पूरा शरीर अपनी रिपेयरिंग में लग जाता है। डॉक्टर रिस्टोरेटिव स्लीप लेने के लिए कहते हैं। जिसमें गहरी नींद की बात होती है, इससे शरीर और दिमाग की मरम्मत होती है। दिमाग तेज करने, रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने और ऊर्जावान बनाए रखने के लिए ऐसी नींद जरूरी है। अगर नींद खराब है तो मोटापा बढ़ता है। लिवर में फैट जमा होने लगता है। एजिंग जल्दी आती है और हार्ट अटैक से लेकर ब्लड प्रेशर तक न जाने कितनी बीमारियां शरीर में घर कर जाती हैं। 

आधे में अन्य सुख- डॉक्टर्स की भाषा में आधे सुख में आपके जीवन के वो सारे सुख आते हैं जिसमें दौलत, घर, कपड़ा, जमीन और भोजन है। लेकिन आजकल लोग इसे आधे सुख की प्राप्ति के लिए अपने दो बड़े सुखों को कुर्बान करने लगे हैं। जाने अनजाने में वो भूल जाते हैं कि अगर ये 2 बड़े सुख नहीं रहे तो इन सारी चीजों का कोई मतलब नहीं है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

 

Latest Health News