1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. मच्छर के काटने से खुजली क्यों होती है? जानें इसके पीछे का साइंटिफिक रीजन

मच्छर के काटने से खुजली क्यों होती है? जानें इसके पीछे का साइंटिफिक रीजन

जब भी मच्छर काटता है तो लोग यही सोचते हैं कि इनके काटने से खुजली और जलन क्यों होती है। यहां हम इसके पीछे के साइंटिफिक रीजन के बारे में बताने जा रहे हैं। चलिए जानते हैं।

मच्छर के काटने से खुजली क्यों होती है? जानें इसके पीछे का साइंटिफिक रीजन- India TV Hindi
Image Source : MAGNIFIC मच्छर के काटने से खुजली क्यों होती है? जानें इसके पीछे का साइंटिफिक रीजन

गर्मियों और बरसात के दिनों में मच्छरों का आतंक बढ़ जाता है। शाम होते ही घरों में ये अपना डेरा जमा लेते हैं और काटते हैं। दिखने में छोटे-छोटे ये मच्छर जब आपके शरीर पर काटते हैं, तो शरीर में खुजली और जलन होती है। लेकिन क्या आपने कभी सोचा है कि जब कोई मच्छर हमें काटता है, तो उस जगह पर तेज खुजली क्यों होने लगती है और वहां लाल रंग का एक छोटा सा गुब्बारा क्यों बन जाता है? यहां हम आपको बताने जा रहे हैं कि इसके पीछे का साइंटिफिक रीजन क्या है। चलिए जानते हैं। 

1. लार की वजह से
जब एक मादा मच्छर हमारी त्वचा पर बैठती है, तो वह अपने डंक को हमारी त्वचा के अंदर डालती है। खून चूसने से पहले, मच्छर हमारी त्वचा में अपनी लार छोड़ती है। इस लार में खास तरह के एंटी-कोगुलेंट्स यानी थक्का-रोधी प्रोटीन होते हैं। इनका काम खून को जमने से रोकना होता है ताकि मच्छर बिना किसी रुकावट के आसानी से खून चूस सके। 

2. हमारे इम्यून सिस्टम का एक्टिव होना
जैसे ही मच्छर की लार हमारे शरीर के संपर्क में आती है, हमारा इम्यून सिस्टम तुरंत अलर्ट हो जाता है। शरीर को लगता है कि कोई बाहरी और हानिकारक तत्व अंदर घुस आया है। इस हमले से बचने के लिए हमारा इम्यून सिस्टम 'हिस्टामाइन' नाम का एक केमिकल रिलीज करता है।

3. खुजली और सूजन की असली वजह
यह हिस्टामाइन ही है जो असल में खुजली और सूजन के लिए जिम्मेदार होता है। हिस्टामाइन काटे गए हिस्से के आसपास की ब्लड वेसल्स को फैला देता है। इससे उस जगह पर खून का बहाव बढ़ जाता है, जिससे वहां लाल घेरा और सूजन आ जाती है। हिस्टामाइन वहां मौजूद नसों को उत्तेजित करता है, जिससे मस्तिष्क को लगातार सिग्नल जाता है कि उस जगह पर कुछ गड़बड़ है। इसी सिग्नल के कारण हमें वहां तेज खुजली महसूस होती है।

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News