A
  1. Hindi News
  2. हेल्थ
  3. विटामिन और प्रोटीन सप्लीमेंट्स लेने वाले हो जाएं सावधान, किडनी के लिए हैं खतरनाक, जानिए क्या होते हैं नुकसान

विटामिन और प्रोटीन सप्लीमेंट्स लेने वाले हो जाएं सावधान, किडनी के लिए हैं खतरनाक, जानिए क्या होते हैं नुकसान

Supplements Side Effects: विटामिन और प्रोटीन सप्लीमेंट्स का सेवन करने वाले हो जाएं सावधान! बिना डॉक्टर की सलाह के सप्लीमेंट्स लेना सेहत के लिए हानिकारक हो सकता है। इससे किडनी पर बुरा असर पड़ता है। जानिए क्या होते हैं नुकसान?

सप्लीमेंट्स लेने के नुकसान- India TV Hindi
Image Source : FREEPIK सप्लीमेंट्स लेने के नुकसान

आजकल खाने-पीने में सबसे ज्यादा मिलावट होने लगी है। खराब आहार के कारण शरीर को सही मात्रा में पोषक तत्व नहीं मिल पाते हैं जिसकी वजह से लोगों को सप्लीमेंट्स का सहारा लेना पड़ता है। ये सप्लीमेंट्स शरीर में पोषक तत्वों की कमी तो पूरा कर देते हैं लेकिन इनके कई नुकसान भी झेलने पड़ते हैं। ये सप्लीमेंट्स इंटरनल ऑर्गन समेत किडनी को भारी नुकसान पहुंचाते हैं। ऐसे में अगर आप भी बिना डॉक्टर की सलाह के सप्लीमेंट्स ले लेते हैं तो ऐसा भूलकर भी न करें। आइये जानते हैं कौन से सप्लीमेंट हैं जो आपकी सेहत को नुकसान पहुंचाते हैं। 

विटामिन सप्लीमेंट्स का किडनी पर असर 

डॉक्टर आर एस मिश्रा (प्रिंसिपल डायरेक्टर और हेड, डिपार्टमेंट ऑफ इंटरनल मेडिसिन, फॉर्टिस एसकॉर्ट होस्पिटल, दिल्ली) ने बताया कि सलाह की सलाह के बिना विटामिन सप्लीमेंट्स और प्रोटीन का सेवन करना स्वास्थ्य के लिए हानिकारक हो सकता है। ज्यादा सप्लीमेंट्स लेना पॉइजनस हो सकता है, दवाओं के साथ रिएक्शन हो सकता है या कई बार कोई बीमारी इससे और बढ़ सकती है। जैसे-

  • विटामिन ए की अधिकता से सिरदर्द, चक्कर आना और लिवर को नुकसान हो सकता है
  • अत्यधिक प्रोटीन सेवन गुर्दे और लिवर पर दबाव डाल सकता है
  • दूसरी दवाओं के साथ रिएक्ट करके दवाओं का असर कम हो सकता है और नुकसान हो सकते हैं। 

विटामिन सी सप्लीमेंट के नुकसान- विटामिन सी शरीर के विकास के लिए काफी जरूरी है। लेकिन डेली 2000 एमजी से ज्यादा विटामिन सी का सेवन शरीर में किडनी को नुकसान पहुंचता है। अधिक मात्रा में विटामिन सी का सेवन करने से शरीर में ऑक्सालेट क्रिस्टल का निर्माण होने लगता है जिससे किडनी स्टोन का खतरा और किडनी की दूसरी बीमारियों का रिस्क बढ़ जाता है। एस्कॉर्बिक एसिड की खुराक सबसे अधिक इस्तेमाल की जाने वाली विटामिन में से एक है जो पुरुषों में किडनी स्टोन के खतरे को 2 गुना बढ़ा देती है।

विटामिन डी सप्लीमेंट्स के नुकसान- विटामिन डी हड्डियों को मजबूत बनाने और रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ाने के लिए सबसे जरूरी है। लेकिन बिना डॉक्टर की सलाह के विटामिन डी का सेवन करने से आपकी किडनी में डायरेक्ट इफेक्ट पड़ सकता है। इसलिए ऐसे ही विटामिन डी की दवाओं का सेवन न करें।

क्रिएटिन के नुकसान- जिम जाने वाले और फिटनेस के शौकीन बॉडी बनाने के लिए क्रिएटिन लेने लगते हैं। इस सप्लीमेंट को लेने से बॉडी की ग्रोथ तो होती है लेकिन इसको ज्यादा मात्रा में लेने से किडनी भी खराब हो सकती है। अगर आपको कोई बीमारी है तो इससे रिस्क और भी बढ़ जाता है।

हर्बल सप्लीमेंट के नुकसान- कुछ लोग बिना सोचे समझे हर्बल सप्लीमेंट्स का सहारा लेने लगते हैं। ये सप्लीमेंट भले ही नेचुरल सोर्स पर बेस्ड हों, लेकिन लंबे समय तक इसका इस्तेमाल करने से नुकसान हो सकता है। जैसे वजन घटाने वाले एरिस्टो लिचिया जैसे सप्लीमेंट का सेवन करते हैं। नेशनल किडनी फाउंडेशन हर्बल सप्लीमेंट्स से भी दूर रहने की सलाह देते हैं।

प्रोटीन सप्लीमेंट के नुकसान- प्रोटीन सप्लीमेंट का सेवन भले ही शरीर को फायदा पहुंचाने के लिए लेते हों लेकिन इससे शरीर तनाव में भी आने लगता है। ज्यादा प्रोटीन सप्लीमेंट लेने से किडनी पर अधिक बोझ पड़ सकता है। इससे किडनी अतिरिक्त नाइट्रोजन उत्सर्जित करने लगती है। बेहतर होगा कि प्रोटीन के लिए नेचुरल फूड का इस्तेमाल करें।

विटामिन सप्लीमेंट की जगह इन चीजों का करें इस्तेमाल

किसी भी सप्लीमेंट को शुरू करने से पहले डॉक्टर से सलाह लेनी चाहिए। खासकर अगर आपको हाई ब्लड प्रेशर, शुगर या किसा तरह की किडनी की बीमारी का फैमिली बैकग्राउंड रहा है। अपनी किडनी को स्वस्थ रखने के लिए हाइड्रेटेड रहें, सोडियम और प्रोसेस्ड फूड का सेवन न करें और संतुलित आहार और हेल्दी लाइफस्टाइल अपनाएं। शुगर और बीपी जैसी बीमारियों को नियंत्रित करें। किडनी को हेल्दी रखने के लिए सोडा, प्रोसेस्ड डेली मीट, मक्खन, मेयोनीज और फ्रोजन प्रोसेस्ड फूड से बचना चाहिए। इसकी बजाय जामुन, सेब, खट्टे फल, चेरी, अनार, ब्रोकोली, पत्तेदार साग और नट्स का सेवन करें। इससे किडनी नेचुरली हेल्दी रहेगी और शरीर स्वस्थ रहेगा। 

Disclaimer: (इस आर्टिकल में सुझाए गए टिप्स केवल आम जानकारी के लिए हैं। सेहत से जुड़े किसी भी तरह का फिटनेस प्रोग्राम शुरू करने अथवा अपनी डाइट में किसी भी तरह का बदलाव करने या किसी भी बीमारी से संबंधित कोई भी उपाय करने से पहले अपने डॉक्टर से सलाह जरूर लें। इंडिया टीवी किसी भी प्रकार के दावे की प्रामाणिकता की पुष्टि नहीं करता है।)

Latest Health News