मुक्तसर: आम आदमी पार्टी (आप) के राष्ट्रीय संयोजक व दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने गुरुवार को पंजाब में सत्तारूढ़ बादल परिवार पर हमला करते हुए लोगों से बादल को सत्ता से हटाने की गुजारिश की और कहा कि बादल परिवार ने सबसे प्रगतिशील राज्य को बर्बादी के कगार पर पहुंचा दिया है। पीले रंग की पगड़ी पहने हुए केजरीवाल ने माघी मेला के दौरान जमा हुए पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा, "बादल और उनके परिवार ने पंजाब जैसे प्रगतिशील राज्य को पिछले 10 सालों में बर्बाद करके रख दिया है। एक समय पंजाब पूरे देश का पेट भरने के लिए जाना जाता था, लेकिन अब यहां किसान आत्महत्या कर रहे हैं।"
अगले साल फरवरी में यहां विधानसभा चुनाव होने वाला है, जिसे देखते हुए पंजाब की सभी प्रमुख पार्टियां सत्ताधारी शिरोमणि अकाली दल, विपक्षी कांग्रेस और नई पार्टी आप अपने-अपने पक्ष में माहौल बनाने में जुट गई है। सभी पार्टियों के प्रमुख नेता मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल (अकाली दल), अमरिंदर सिंह (कांग्रेस) और केजरीवाल (आप) अपने-अपने भाषणों में दूसरों की बुराई कर रहे हैं।
केजरीवाल ने अपने आक्रामक भाषण में कहा, "पिछले 10 सालों में बादल और उनके परिवार ने पंजाब को लूट लिया है। उन्होंने प्रदेश में गुंडागर्दी फैला दी है। 10 सालों में इन्होंने पूरे पंजाब में ड्रग्स का कारोबार फैला दिया। उन्होंने यहां के किसानों को आत्महत्या पर मजबूर कर दिया है। बादल ने पंजाब को पूरी तरह से बर्बाद कर के रख दिया है।"
केजरीवाल ने पंजाब के लोगों को दिल्ली से सीखने की गुजारिश करते हुए कहा कि दिल्ली के लोगों ने रास्ता दिखा दिया है। मैंने पंजाब में कई लोगों से बात की है और मुझे भरोसा है कि आप पार्टी प्रदेश की 117 सीटों में से कम से कम 100 सीटें जीतेगी। केजरीवाल ने कहा कि दिल्ली में उनकी सरकार ने भ्रष्टाचार पर रोक लगाई है, "दिल्ली में 80 फीसदी भ्रष्टाचार रुक चुका है। मेरे मंत्री ने 6 लाख रुपये घूस की मांग की थी, मैंने उसे तुरंत पद से हटा दिया। अगर मेरा बेटा भी भ्रष्टाचार में लिप्त होता है तो मैं उसे अपने घर से बाहर फेंक दूंगा।"
उन्होंने अकाली और कांग्रेस नेताओं पर हाथ पर हाथ धरे बैठे रहने का आरोप लगाते हुए कहा, "अगला विधानसभा चुनाव केवल दो पार्टियों के बीच लड़ा जाएगा। एक तरफ आप पार्टी होगी तो दूसरी तरफ अकाली दल, कांग्रेस और भाजपा साथ होंगे।"
वहीं, पंजाब के मुख्यमंत्री प्रकाश सिंह बादल ने अकाली दल की रैली में कहा, "कांग्रेस और आप के नेता लोगों को बहका रहे हैं। केवल अकाली दल ही पंजाब में विकास ला सकती है।" उन्होंने कहा, "केजरीवाल को किसी खेत में खड़ा कर दो तो वह उसमें लगी फसल को पहचान भी नहीं पाएगा। वो भला पंजाब के किसानों की क्या मदद करेगा।" वहीं, अमरिंदर सिंह के बारे में बादल ने कहा, "अमरिंदर दो बार चुनाव हार चुके हैं और उनमें दुबारा जीतने की क्षमता नहीं है। वे तो कई सालों से कांग्रेस में ही बगावत फैला रहे हैं।"
ये भी पढ़ें: जेठमलानी ने सोनिया को लिखे पत्रों को ब्लागस्पॉट पर जारी किया
Latest India News