1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. स्वाइन फ्लू: पंजाब में 61 तो हरियाणा में पांच की मौत

स्वाइन फ्लू: पंजाब में 61 तो हरियाणा में पांच की मौत

स्वाइन फ्लू से पंजाब में अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है और पिछले एक महीने में ही राज्य में एच1एन1 विषाणु से 30 लोगों की मौत हो चुकी है।

Swine Flu
- India TV Hindi
Swine Flu

चंडीगढ़: स्वाइन फ्लू से पंजाब में अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है और पिछले एक महीने में ही राज्य में एच1एन1 विषाणु से 30 लोगों की मौत हो चुकी है। राज्य में स्वाइन फ्लू के नोडल अधिकारी डॉ. गगनदीप सिंह ग्रोवर ने कहा, पंजाब में स्वाइन फ्लू से अब तक 61 लोगों की मौत हो चुकी है। सोमवार तक पॉजीटिव मामलों की संख्या 163 थी।

उन्होंने कहा कि अधिकतर मौत बठिंडा, फिरोजपुर, फरीदकोट और लुधियाना, मोगा और मुक्तसर जिले में हुई है। इस बीच पड़ोसी राज्य हरियाणा में भी स्वाइन फ्लू से पांच लोगों की मौत हो चुकी है जिनमें दो हिसार से और एक-एक मौत जींद, फतेहाबाद और सिरसा जिले से होने की खबर है। यह जानकारी हरियाणा राज्य निगरानी अधिकारी डॉ. अपराजिता सोंध ने दी। उन्होंने कहा कि कल तक पॉजीटिव मामलों की संख्या 59 थी।

क्या है स्वाइन फ्लू
स्वाइन फ्लू सूअरों में होने वाला सांस संबंधी एक अत्यंत संक्रामक रोग है जो कई स्वाइन इंफ्लुएंजा वायरसों में से एक से फैलता है। आमतौर पर यह बीमारी सूअरों में ही होती है लेकिन कई बार सूअर के सीधे संपर्क में आने पर यह बीमारी मनुष्य में भी फैल जाती है।

क्या हैं लक्षण
स्वाइन फ्लू के लक्षण आम मानवीय फ्लू से मिलते-जुलते ही हैं। नाक का लगातार बहना, छींक आना, कफ, कोल्ड और लगातार खांसी, मांसपेशियां में दर्द या अकड़न, सिर में भयानक दर्द, नींद न आना, ज्यादा थकान, दवा खाने पर भी बुखार का लगातार बढ़ना, गले में खराश का लगातार बढ़ते जाना इसके अलावा सांस भी फूलने लगती है।  साथ ही किसी किसी को इससे उल्टी और दस्त भी हो सकता है। ऐसे में तुरंत डॉक्टर के पास जाने की जरूरत होती है।

Latest India News