1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सजा...सलाखें और सट्टेबाजी का सिंडिकेट, यूपी के बाहुबली का 'खेल' खत्म!

सजा...सलाखें और सट्टेबाजी का सिंडिकेट, यूपी के बाहुबली का 'खेल' खत्म!

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने उत्तर भारत में चल रहे सट्टे के सबसे बड़े काले कारोबार का खुलासा किया है और इसी के साथ ये भी खुलासा हुआ है कि सट्टेबाजी का गैंग जेल में

dp yadav- India TV Hindi
dp yadav

नई दिल्ली: दिल्ली पुलिस ने उत्तर भारत में चल रहे सट्टे के सबसे बड़े काले कारोबार का खुलासा किया है और इसी के साथ ये भी खुलासा हुआ है कि सट्टेबाजी का गैंग जेल में बैठा पश्चिमी उत्तर प्रदेश का बड़ा बाहुबली धर्मपाल यादव यानी डीपी यादव चला रहा था। पुलिस को पता चला है कि डीपी एंड कंपनी सट्टेबाजी से हर रोज 30 करोड़ की कमाई करता था जिसमें 2 लाख रुपए बतौर प्रोटेक्शन मनी हर दिन डीपी यादव को मिलते थे।

एक बाहुबली जो जेल से खेलता था 'खेल'

पश्चिमी उत्तर-प्रदेश का बाहुबली नेता डीपी यादव जिसके सिर कत्ल, मर्डर की कोशिश और जबरन उगाही जैसे दर्जनों संगीन मामले अदालतों में चल रहे हैं। फिलहाल ये देहरादून के जेल में सजा काट रहा था लेकिन ये एक बार फिर से सुर्खियों में है और इस पर आरोप है जेल से सट्टे का खेल चलाने का।

दिल्ली पुलिस के मुताबिक डीपी यादव सैकड़ों सुरक्षाकर्मियों की निगरानी में देहरादून जेल में बैठकर नॉर्थ इंडिया के कई शहरों में सट्टे का साम्राज्य चला रहा था। ऐसा साम्राज्य जिसमें हर रोज डीपी यादव एंड कंपनी करीब 30 करोड़ रूपये कमाते थे और अकेले डीपी यादव के हिस्से में रोजाना 2 लाख रूपये की प्रोटेक्शन मनी आती थी।

7 सूबों में फैला है जिसके सट्टे का साम्राज्य

पुलिस की मानें तो डीपी यादव पिछले करीब 11 सालों से सट्टा खिलाने का काम कर रहा है...इस बाहुबली के सट्टे का साम्रज्य देश की राजधानी दिल्ली, हरियाणा, पंजाब, हिमाचल, उत्तर प्रदेश, बिहार और राजस्थान तक फैला हुआ है। पुलिस के मुताबिक डीपी यादव सट्टे के कारोबार करने वालों का गॉड फादर है। डीपी जेल में जरुर कैद था लेकिन वो वहीं से सट्टेबाजों को संरक्षम मुहैया कराता था और बदले में हर रोज मोटी रकम वसूलता था।

जेल से सट्टे का खेल

  • सट्टेबाजी के नेटवर्क का खुलासा साल 2015 में हुआ था
  • दिल्ली पुलिस को गोकलपुरी में सट्टेबाजी की खबर मिली थी
  • पुलिस ने रेड डालकर 14 लोगों को पकड़ा था...जिनमें 4 नाबलिग थे
  • केस की जांच आगे बढ़ी तो रोशनलाल और अमरनाथ बजाज के नाम सामने आए

दोनों से पूछताछ में खुलासा हुआ कि वो खुद को सरकारी कर्मचारी बताकर लोगों को गुमराह करते थे। दोनों लोगों को बताते थे कि ये सरकार की तरफ से मान्य लॉटरी सिस्टम है जो कानूनी तौर पर सही है। दोनों का रुतबा इतना था कि ये नेता कि तरह एंबेसडर गाड़ी में घुमा करते थे और उन दोनों के ऊपर हाथ था जेल में बैठे बाहुबली नेता डीपी यादव का।

रोशनलाल और अमरनाथ से पूछताछ के बाद 9 लोगों के खिलाफ मकोका के खिलाफ केस दर्ज हुआ जिनमें डीपी यादव का नाम भी शामिल था। लिहाजा पुलिस डीपी यादव को देहरादून जेल से 10 दिन की पुलिस रिमांड पर  दिल्ली लेकर आई है।  फिलहाल डीपी यादव, रोशनलाल शर्मा, अमरनाथ समेत 9 लोग पुलिस की गिरफ्त में है और डी पी यादव से अगले 9 दिनों तक दिल्ली पुलिस पूछताछ करेगी।

देखिए वीडियो-

Latest India News