1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मजहब से बड़ी इंसानियत की मिसाल, अमित के दिल से सोहेल को मिली ज़िंदगी

मजहब से बड़ी इंसानियत की मिसाल, अमित के दिल से सोहेल को मिली ज़िंदगी

अहमदाबाद में एक हिन्दू युवक का दिल अब मुस्लिम के सीने में धड़क रहा है। नवसारी के अमित का 12 जुलाई को एक्सीडेंट हो गया था। डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड डिक्लेयर कर दिया।

Heart transplant- India TV Hindi
Heart transplant

अहमदाबाद: अहमदाबाद में एक हिन्दू युवक का दिल अब मुस्लिम के सीने में धड़क रहा है। नवसारी के अमित का 12 जुलाई को एक्सीडेंट हो गया था। डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड डिक्लेयर कर दिया। जिसके बाद अमित के घरवालों ने अंग दान का फैसला लिया। अमित के अलग-अलग अंग पांच लोगों को दान किए गये। जिनमें से दिल सोहेल नाम के एक मुस्लिम युवक को ट्रान्सप्लांट किया गया। 

अमित की मौत के बाद फौरन उसके दिल को सोहेल के शरीर में ट्रांसप्लाट किया जाना था, लेकिन ये आसान नहीं था। अमित गुजरात के नवसारी में सड़क हादसे का शिकार हुआ। उसे इलाज के लिए सूरत लाया गया। जहां 12 जुलाई को उसकी मौत हो गई। डॉक्टरों ने उसे ब्रेन डेड डिक्लेयर कर दिया। अब चुनौती ये थी कि कैसे अमित का दिल सूरत से करीब 280 किलोमीटर दूर अहमदाबाद ले जाया जाए। इसके लिए चार्टर्ड फ्लाइट का इंतजाम किया गया। डॉक्टरों की टीम अमित का दिल लेकर प्लेन से रवाना हुई। 

अहमदाबाद एयरपोर्ट से ग्रीन कोरिडोर के जरिये अमित का दिल अस्पताल पहुंचा। इस पूरी कवायद में करीब एक घंटे का समय लगा। जिसके बाद पांच घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद एक हिन्दू युवा का दिल मुस्लिम युवा के शरीर में धडकने लगा है। अमित की वजह से सिर्फ सोहेल को ही नहीं बल्कि पांच लोगों को नई ज़िंदगी मिली है। हार्ट के अलावा अमित का लिवर, किडनी और पैनक्रियाज़ भी डोनेट कर दिया गया है।

Latest India News