1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. झारखंड में मोदी के दौरे से पहले हिंसा, बस फूंकी

झारखंड में मोदी के दौरे से पहले हिंसा, बस फूंकी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड दौरे से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से कोल्हान प्रमंडल में आहूत बंद का यहां व्यापक असर देखने को मिल रहा है...

narendra modi- India TV Hindi
narendra modi

रांची: प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के झारखंड दौरे से पहले झारखंड मुक्ति मोर्चा (झामुमो) की ओर से कोल्हान प्रमंडल में आहूत बंद का यहां व्यापक असर देखने को मिल रहा है। इस दौरान हिंसा की घटनाएं भी देखने को मिल रही हैं।

ये भी पढ़े-  पंचायती राज व्यवस्था हमारी लोकतांत्रिक व्यवस्था की मजबूत कड़ी: PM मोदी

प्रदर्शनकारियों ने एक बस में आग लगा दी, जबकि पांच विधायकों को एहतियात के तौर पर हिरासत में लिया गया है। झारखंड पुलिस के प्रवक्ता एस.एन.प्रधान ने आईएएनएस को बताया, "पूर्वी सिंहभूम जिले के मूसाबिनी में रविवार अल सुबह एक बस में आग लगा दी गई। झामुमो के पांच विधायकों सहित 242 लोगों को हिरासत में लिया गया है। मोदी के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था चाक चौबंद की गई है।"

झामुमो ने राज्य की नई अधिवास नीति और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा ग्रामीण निकाय के प्रतिनिधियों को संबोधित करने के लिए कॉर्पोरेट घराने के स्टेडियम के इस्तेमाल के विरोध में कोल्हान प्रमंडल में बंद का आह्वान किया है, जिसके तहत जमशेदपुर भी आता है।

झामुमो महासचिव सुप्रियो भट्टाचार्य ने आईएएनएस को बताया, "मोदी पंचायती राज प्रणाली का इस्तेमाल कॉर्पोरेट घरानों के लिए कर रहे हैं। मोदी सरकारी स्टेडियम में कार्यक्रम क्यों नहीं कर रहे हैं? मोदी राज्य में उद्योग स्थापित करने के लिए कॉर्पोरेट घरानों को सुविधा देने चाहते हैं।"

देशभर के लगभग 3,000 पंचायती राज प्रतिनिधियों के रविवार को जमशेदपुर के टाटा स्पोर्ट्स स्टेडियम में होने वाले सम्मेलन में हिस्सा लेने की उम्मीद है।

मोदी देशभर में 258,000 ग्रामसभाओं को भी संबोधित करने वाले हैं, जिसका सीधा प्रसारण ऑल इंडिया रेडियो तथा दूरदर्शन से किया जाएगा।

झामुमो ने तीन मुद्दों को लेकर बंद का आह्वान किया है : राज्य में सत्तारूढ़ भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) की सरकार द्वारा नई अधिवास नीति का विरोध, अनुसूचित क्षेत्र में निर्वाचित पंचायत से संबंधित मामले को प्रकाश में लाना और प्रधानमंत्री मोदी द्वारा कॉर्पोरेट घराने से संबद्ध जमशेदपुर के टाटा स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स से पंचायत प्रतिनिधियों को संबोधित करने का विरोध।

Latest India News