नई दिल्ली: जेएनयू में नौ फरवरी को विवादास्पद कार्यक्रम के मामलों में छात्रों से सुलह की सीमित गुंजाइश का संकेत देते हुए विश्वविद्यालय ने बुधवार को छात्रों से अपनी भूख हड़ताल खत्म करने का आह्वान करते हुए कहा कि मामला अभी विचाराधीन है।
विश्वविद्यालय ने एक बयान में कहा, नौ फरवरी के कार्यक्रम संबंधी उच्च स्तरीय जांच कमेटी के मुद्दे पर कुछ छात्रों के उच्च न्यायालय जाने के मद्देनजर जेएनयू प्रशासन छात्रों से तुरंत भूख हड़ताल खत्म करने की अपील करता है। बहरहाल, छात्रों की अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल बुधवार को 14 वें दिन में प्रवेश कर गई।
स्वास्थ्य स्थिति बिगड़ने के कारण एक छात्रा को एम्स में भर्ती कराया गया जिसके बाद उसे भूख हड़ताल खत्म करनी पड़ी। अब तक जेएनयूएसयू अध्यक्ष कन्हैया कुमार और उमर खालिद सहित 13 छात्र भूख हड़ताल खत्म कर चुके हैं जबकि सात अन्य अभी भी हड़ताल पर डटे हुए हैं।
Latest India News