1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गुजरात: भाजपा के विकास पर्व समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे आडवाणी

गुजरात: भाजपा के विकास पर्व समारोह में कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे आडवाणी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के दो साल पूरे होने पर गुजरात पार्टी इकाई द्वारा आयोजित विकास पर्व में भाजपा के कद्दावर नेता लालकृष्ण आडवाणी शामिल होंगे।

Lalkrishna Advani
- India TV Hindi
Lalkrishna Advani

अहमदाबाद: भाजपा के कद्दावर नेता लालकृष्ण आडवाणी केंद्र में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अगुवाई वाली सरकार के दो साल पूरे होने पर गुजरात पार्टी इकाई द्वारा आयोजित विकास पर्व समारोह के तहत 26 मई को यहां एक कार्यक्रम में पार्टी कार्यकर्ताओं और अन्य लोगों को संबोधित करेंगे।

प्रदेश भाजपा केंद्र में भाजपा सरकार और आनंदी बेन पटेल की अगुवाई वाली राज्य सरकार के दो साल पूरा होने पर 22-26 मई के दौरान पूरे राज्य में सभाएं और रैलियां करने जा रही हैं।

प्रदेश भाजपा समन्वयक कौशिक पटेल ने कहा, भाजपा राज्य के मंत्रियों और अन्य पार्टी नेताओं की उपस्थिति में विभिन्न स्थानों पर 14 विकास पर्व सभाएं करेगी। 26 मई को लालकृष्ण आडवाणी यहां साबरमती रिवरफ्रंट पर आयोजित ऐसी सभा को संबोधित करेंगे।

उन्होंने बताया कि केंद्रीय मानव संसाधन विकास मंत्री और गुजरात से राज्यसभा सदस्य स्मृति ईरानी 23 और 24 मई को आणंद एवं वड़ोदरा में ऐसी ही सभाएं करेंगी।

कौशिक ने कहा, इसके अलावा, हमने अरूण जेटली और राजनाथ सिंह समेत छह केंद्रीय मंत्रियों को इन कार्यक्रमों में हिस्सा लेने के लिए आमंत्रित किया है। हमें उनकी ओर से (शिरकत संबंधी) उनकी पुष्टि नहीं मिली है।

केंद्र में मोदी की अगुवाई वाली सरकार 26 मई को और आनंदी बेन पटेल मुख्यमंत्री के रूप में अपना दो साल 22 मई को पूरा करेंगे। कौशिक के अनुसार इस समारोह का मुख्य लक्ष्य लोगों को इन दो सालों में मोदी एवं पटेल द्वारा किए गए जनोन्मुखी कार्य से सूचित कराना है।

Latest India News