अहमदाबाद: पाकिस्तान समुद्री सुरक्षा एजेन्सी (PMSA) ने आज गुजरात के जखाउ तट की तरफ 24 भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया और 4 नावों को जब्त किया। नेशनल फिशरवर्कर्स फोरम (NFF) के अधिकारियों ने यह जानकारी दी। एनएफएफ के सचिव मनीष लोधारी ने बताया कि ये मछुआरे पोरबंदर और ओखा से कुछ दिन पहले नाव लेकर निकले थे और आज सुबह अंतरराष्ट्रीय समुद्री सीमा रेखा :आईएमबीएल: के पास पीएमएसए ने इन्हें पकड़ लिया।
लोधारी ने कहा, हमें पता चला है कि आज सुबह जखाउ तट के निकट पीएमएसए द्वारा कम से कम 24 मछुआरों को पकड़ लिया गया और चार नावें जब्त की गईं। दो नावें ओखा में पंजीकृत हैं, जबकि दो नावें पोरबंदर की हैं। इन मछुआरों और उनकी नावों को पीएमएसए द्वारा कराची बंदरगाह ले जाया गया है।
पीएमएसए गुजरात तट के पास नियमित अंतराल पर भारतीय मछुआरों को पकड़ता रहा है। आज की घटना से पहले तीन महीने के भीतर पीएमएसए द्वारा छह अलग अलग घटनाओं में 34 नावों के साथ 191 मछुआरों को पकड़ा जा चुका है।
हाल ही में पाकिस्तान ने 172 मछुआरों को रिहा किया जो पिछले महीने ही गुजरात पहुंचे हैं।
Latest India News