अहमदाबाद: पाकिस्तानी नौवहन सुरक्षा एजेंसी (एमएसए) ने गुजरात में जखाउ बंदरगाह के पास समुद्र से 18 भारतीय मछुआरों को पकड़ लिया और उनकी तीन नौकाएं जब्त कर ली। नेशनल फिशवर्कर्स फोरम के सचिव मनीष लोधारी ने पीटीआई भाषा से कहा, पाकिस्तानी नौवहन सुरक्षा एजेंसी ने कल देर रात कच्छ जिले में जखाउ बंदरगाह के समीप अरब सागर में 18 मछुआरों को पकड़ लिया और उनकी तीन नौकाएं जब्त कर लीं।
उन्होंने बताया कि एक नौका पोरबंदर में पंजीकृत थी जबकि दो जूनागढ के मंगरोल में पंजीकृत थीं। उन्होंने दावा किया, समुद्र में गए अन्य मछुआरों से मिली सूचना के अनुसार सभी नौकाएं एवं मछुआरे अंतररराष्ट्रीय समुद्री सीमा के समीप पकड़े गए। बाद में उन्हें कराची बंदरगाह ले गया जहां उन्हें आज सुबह जेल में डाल दिया गया।
पहले अक्टूबर में एमएसए ने 24 मछुआरों को पकड़ा था और उनकी चार नौकाएं जब्त की थीं। एमएसए की गोलीबारी में एक मछुआरा घायल भी हो गया था।
Latest India News