अधिकांश परिवारों के लिए ईद खरीदारी का मौका भी है। वे नए कपड़े, जूते-चप्पल, चूड़ियां, मेहंदी, इत्र, बर्तन, घरेलू सामान, सेंवई और सूखे मेवे खरीदते हैं। दिन में रोजा रखने के चलते थक जाने की वजह से अधिकांश खरीदारी रात आठ बजे के बाद की जा रही है और यह सहर तक जारी रहती है। हैदराबाद ईद की खरीदारी करने वालों की सबसे पसंदीदा जगह है। यहां तेलंगाना के साथ ही पड़ोसी राज्य आंध्र प्रदेश, महाराष्ट्र और कर्नाटक से भी लोग खरीदारी करने आते हैं। रमजान के मामले में भारत में हैदराबाद जैसा कोई नहीं। विदेशों में रहने वाले कई हैदराबादी इस बात का पूरा ख्याल रखते हैं कि ईद पर वे अपने घर जरूर आएं।
अपने परिवार के साथ ईद मनाने के लिए घर आए भारतवंशी अमेरिकी मोहम्मद जफर ने कहा, "आपको यह माहौल दुनिया के किसी दूसरे हिस्से में देखने को नहीं मिलता।" परिवार के साथ अबू धाबी में रहने वाले और यहां अपने अम्मी-अब्बू के साथ ईद मनाने आए जाकी अहमद ने आईएएनएस को बताया, "जब रमजान होता है, तो हम इस बात का पूरा ख्याल रखते हैं कि हम यहां वक्त बिताएं।"
Latest India News