नई दिल्ली: दक्षिणी पूर्वी दिल्ली के लाजपत नगर स्थित कॉटेज होम में बच्चियों से छेड़छाड़ मामले में अधीक्षक को गिरफ्तार कर लिया गया है। दिल्ली पुलिस अधिकारियों ने बताया कि पिछले दिनों दिल्ली सरकार के महिला एवं बाल विकास विभाग की ओर से दिल्ली पुलिस के पास मामला दर्ज कराया गया था, जिसमें कॉटेज होम के अधीक्षक राम सहाय मीणा के खिलाफ बच्चियों से छेड़छाड़ की बात की गई थी।
मीणा को बालगृह में रहने वाली 10 साल से कम उम्र की छोटी बच्चियों द्वारा उस पर बलात्कार और अपनी हरकतों का वीडियो बनाने के आरोप लगाने के बाद गिरफ्तार किया गया। घटना उस समय प्रकाश में आई, जब दिल्ली के महिला एवं बाल कल्याण मंत्री संदीप कुमार 3 जून को बालगृह के दौरे पर गए थे और लड़कियों के साथ उनकी मुलाकात हुई थी।
पढ़ें: मुंबई में सेक्स रैकेट का भंडाफोड़, सावधान इंडिया' की एक्ट्रेस गिरफ्तार
वरिष्ठ पुलिस अधिकारी सतीश कैन ने बताया कि राम सहाय मीणा लाजपत नगर के जिस सरकारी बालगृह का प्रभारी था, वहां ह्यूमन ट्रैफिकिंग और भिखारियों के चंगुल से छुड़ाई गई बच्चियों को रखा जाता है। पुलिस के मुताबिक, मीणा ने कथित रूप से इन बच्चियों के साथ की अपनी यौन हरकतों को मोबाइल फोन पर शूट भी किया, और सेल्फी भी लीं।
अधिकारी ने बताया, ‘‘गृह में रहने वाली कुछ लड़कियों ने खुलासा किया कि मीना ने उसके साथ छेड़छाड़ और बलात्कार किया। उन्हें चिकित्सीय परीक्षण के लिए ले जाया गया और कुछ मामलों में बलात्कार की पुष्टि हुयी है।’’ उन्होंने बताया कि मीणा के खिलाफ भादंसं की संबंधित धारा के तहत प्राथमिकी दर्ज की गयी है।
Latest India News