1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. Uri attack: पाक उच्चायुक्त तलब, सबूत देकर मांगा जवाब

Uri attack: पाक उच्चायुक्त तलब, सबूत देकर मांगा जवाब

भारत ने पाकिस्तान से दो टूक कहा कि उसे जो सबूत मिले हैं उससे यह पता चलता है कि उरी हमले में पाक आधारित आतंकवादियों की संलिप्तता थी

Abdul Basit- India TV Hindi
Abdul Basit

नई दिल्ली: भारत ने पाकिस्तान से दो टूक कहा कि उसे जो सबूत मिले हैं उससे यह पता चलता है कि उरी हमले में पाक आधारित आतंकवादियों की संलिप्तता थी साथ ही यह भी कहा कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद का समर्थन और प्रायोजन करने से बचे। 

विदेश सचिव एस जयशंकर ने बुधवार को पाकिस्तान के उच्चायुक्त अब्दुल बासित को तलब किया और उनसे कहा कि उरी में हुआ आतंकी हमला इस बात को पुख्ता करता है कि पाकिस्तान में आतंकवाद का ढांचा सक्रिय बना हुआ है। 

जयशंकर ने आतंकवादियों के शव से मिले जीपीएस का ब्यौरा भी बासित को सौंपा जिसके जरिए वे अपने साथियों के संपर्क में थे। इस जीपीएस के ब्यौरे से यह भी संकेत मिलता है कि आतंकवादियों ने किस जगह से और किस समय नियंत्रण रेखा पार की तथा घटनास्थल तक पहुंचने का उनका रास्ता क्या था। आतंकवादियों के पास पाकिस्तानी निशान वाले हथगोले भी थे जो उरी हमले में पाकिस्तान की भूमिका का सबूत है। 

विदेश सचिव ने पाकिस्तानी उच्चायुक्त से कहा, अगर पाकिस्तान की सरकार इन सीमा पार हमलों की जांच कराने की इच्छुक है तो भारत उरी एवं पुंछ हमलों में मारे गए आतंकवादियों के फिंगरप्रिंट और डीएनए नमूने प्रदान करने को तैयार है। जयशंकर ने कहा कि पाकिस्तान भारत के खिलाफ आतंकवाद के समर्थन और प्रायोजन से दूर रहने की अपनी सार्वजनिक प्रतिबद्धता पर खरा उतरे। 

उन्होंने बासित को याद दिलाया कि पाकिस्तान ने जनवरी, 2004 में यह प्रतिबद्धता जताई थी कि वह भारत के खिलाफ अपनी सरजमीं अथवा नियंत्रण वाले क्षेत्र का इस्तेमाल नहीं होने देगा। इस हलफनामे का निरंतर और तेजी से हो रहा उल्लंघन गंभीर चिंता का विषय है। उरी हमले से जुड़े सबूत दिखाने के बाद जयशंकर ने उनसे कहा, अब हम पाकिस्तान की सरकार से जवाब की उम्मीद करते हैं। 

विदेश मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि इस साल की शुरूआत पठानकोट हमले के साथ हुई और हथियारबंद आतंकवादियों ने नियंत्रण रेखा और अंतरराष्ट्रीय सीमा पार करने का निरंतर प्रयास किया है ताकि भारत में हमले कर सकें। 

इन्हें भी पढ़ें:-
उरी अटैक: चारों आतंकी लश्कर के, बाड़ काटकर आर्मी कैंप में हुए थे दाखिल
उरी अटैक: रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने माना सुरक्षा में हुई चूक
अफगानिस्तान ने कहा, 'भारत के खौफ' से उबर नहीं पा रहा पाकिस्तान
उरी हमले पर चीन ने दी प्रतिक्रिया, कही यह बात

Latest India News