बीजिंग: उरी आतंकी हमले के बाद भारत-पाक संबंधों में आए तनाव पर चिंता जताते हुए चीन ने आज दोनों देशों से कहा कि वे संयम बरते और क्षेत्रीय शांति एवं स्थिरता के प्रति प्रतिबद्धित रहते हुए विवादों का उचित ढंग से निवारण करने के लिए अधिक बातचीत करें। चीनी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता लू कांग ने संवाददाताओं से कहा, हालिया हिंसक झड़पों और हमलों के कारण कुछ लोग मारे गए हैं तथा भारत-पाकिस्तान संबंधों में तनाव पैदा हुआ है।
इन्हें भी पढ़ें:
- शरीफ ने संयुक्त राष्ट्र महासभा में भाषण से पहले सेना प्रमुख से की बात
- विदेशी दबाव की परवाह नहीं, पाक के खिलाफ सैन्य कार्रवाई करे भारत-यशवंत
- भारत के खौफ से उबर नहीं पाया है पाकिस्तान: अफगानिस्तान
उन्होंने कहा, हम उसको लेकर चिंतित हैं। हम आशा करते हैं कि सभी संबंधित पक्ष संयम दिखाएंगे और तनाव को बढ़ाने से बचेंगे। उनसे भारत के उस आरोप के बारे में पूछा गया था कि उरी की घटना पाकिस्तान की ओर से अंजाम दी गई सीमापार आतंकवाद की घटना है। एक सवाल के जवाब में लू ने कहा, आतंकवाद के विरोध में हमारा रूख सतत बना हुआ है। हम सभी तरह के आतंकवाद का विरोध करते हैं और मानते हैं कि अंतरराष्ट्रीय सहयोग को बढ़ाकर इस खतरे से निपटा जा सकता है।
यह दूसरी बार है कि चीन ने उरी हमले पर प्रतिक्रिया दी है। बीते 19 सितम्बर को लू ने भारत और पाकिस्तान से अपने मतभेदों को दूर करने के लिए बातचीत करने तथा आतंकवाद विरोधी सहयोग को बढ़ाने की अपील की थी।