राजकोट: गुजरात के राजकोट में कुछ गुंडे पहले एक लड़के को कार से कुचलकर मारने की कोशिश करते हैं लेकिन जब कामयाब नहीं होते तो उस पर रॉड और पत्थरों से हमला कर देते हैं। बीच सड़क पर तीन गुंडे उस लड़के को तब तक मारते हैं जब तक कि वो बेहोश होकर गिर नहीं जाता है। ये पूरा वाकया CCTV में कैद हो गया है।
जिस लड़के की पिटाई हो रही है वो एक होटल में कुक का काम करता है नाम है प्रदीप सुधीर चंद्र। बताया जा रहा है कि बुधवार रात व्यंकटेश जोशी नाम के लड़के का प्रदीप के साथ खाने का ऑर्डर टाइम पर नहीं आने को लेकर झगड़ा हुआ था। उस वक्त व्यंकटेश वहां से चला गया लेकिन थोड़ी देर बाद वो कुछ दोस्तों के साथ वापस आया जिसे देखकर प्रदीप भागने लगा।
व्यंकटेश और उसके दोस्त प्रदीप का पीछा करने लगे। इस दौरान प्रदीप ने कार पर पत्थर भी फेंके लेकिन तब तक कार बेहद नजदीक आग गई और कार चला रहे लड़के ने प्रदीप को कुचलने के लिए कार उस पर चढ़ाने की कोशिश की। हालांकि प्रदीप बच गया।
लेकिन इलके बाद कार से उतरते ही व्यंकटेश जोशी, मोहनीश राडिया और जय राठौड़ ने प्रदीप की बुरी तरह से पिटाई शुरु कर दी। उसे लोहे की रॉड और पत्थर से मारा गया। जब प्रदीप बेसुध होकर जमीन पर गिर पड़ा को ये लड़के यहां से भाग गए। फिलहाल प्रदीप अस्पताल में भर्ती हैं।
वही दूसरी तरफ तीनों लड़के भी अस्पताल में भर्ती हो गए हैं ये कहते हुए कि प्रदीप और उसके साथियों की पिटाई में उन्हें भी चोटें आईं हैं। हालांकि पुलिस ने एक लड़के को गिरफ्तार कर लिया है।
Latest India News