दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने CBI और अज़रबैजान की एजेंसियों के साथ कॉर्डिनेशन कर बड़े अंतरराष्ट्रीय ड्रग सिंडिकेट से जुड़े फरार आरोपी प्रभदीप सिंह को अज़रबैजान की राजधानी बाकू से भारत वापस लाई है। आरोपी लंबे समय से फरार चल रहा था और उसके खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत दर्ज मामले में 358 किलो हेरोइन बरामद हुई थी।
दरअसल, 13 मई 2026 को स्पेशल सेल की तीन सदस्यीय टीम एसीपी विवेक त्यागी, इंस्पेक्टर संजय गुप्ता और सब-इंस्पेक्टर संदीप कुमार- प्रभदीप सिंह को भारत लेकर पहुंची। आरोपी को 2021 में दर्ज एफआईआर नंबर 172/21 में गिरफ्तार किया गया है। ये मामला स्पेशल सेल थाने में एनडीपीएस एक्ट की धाराओं 21, 25 और 29 के तहत दर्ज किया गया था।
कौन है प्रभदीप सिंह?
जांच एजेंसियों के मुताबिक प्रभदीप सिंह विदेश में बैठे ड्रग माफिया नवप्रीत सिंह उर्फ “नव” के भारत स्थित नेटवर्क को संभालता था। नवप्रीत सिंह की आखिरी लोकेशन तुर्की बताई जा रही है। दोनों रिश्ते में चचेरे भाई हैं। दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल के मुताबिक प्रभदीप, नवप्रीत के ऑर्डर भारत में मौजूद आरोपियों तक पहुंचाता था। 333 किलो हेरोइन के साथ पकड़े गए आरोपी गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह को भी प्रभदीप निर्देश देता था। वह ड्रग्स की खेप की मूवमेंट पर नजर रखता था और सिंडिकेट के दूसरे सदस्यों के लगातार संपर्क में था।
अब एजेंसियां उससे पूछताछ कर पूरे अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क, फंडिंग और विदेशी कनेक्शन के बारे में जानकारी जुटाएंगी।
ऐसे खुला था पूरा मामला
साल 2021 में दिल्ली पुलिस को जानकारी मिली थी कि रिजवान अहमद उर्फ रिजवान कश्मीरी दिल्ली समेत पंजाब, हरियाणा और मध्य प्रदेश में बड़े स्तर पर ड्रग तस्करी कर रहा है। 5 जुलाई 2021 को स्पेशल सेल को सूचना मिली कि रिजवान दक्षिण दिल्ली के घिटोरनी इलाके में हेरोइन की सप्लाई देने आने वाला है। जिसके बाद पुलिस ने जाल बिछाकर उसे गिरफ्तार कर लिया। उसके पास से 1 किलो हेरोइन बरामद हुई।
पूछताछ में रिजवान ने खुलासा किया कि वह अफगानिस्तान में बैठे अफगानी नागरिक ईशा खान के इशारे पर काम करता था। ईशा खान ने ही उसे पंजाब के रहने वाले गुरप्रीत सिंह और गुरजोत सिंह से संपर्क करने को कहा था, जो हरियाणा के फरीदाबाद से ड्रग रैकेट चला रहे थे। इसके बाद पुलिस ने फरीदाबाद में छापेमारी कर गुरप्रीत और गुरजोत को गिरफ्तार किया।
358 किलो हेरोइन बरामद
जांच के दौरान पुलिस ने आरोपियों की निशानदेही पर-
- हुंडई वर्ना कार से 166 किलो हेरोइन
- होंडा अमेज कार से 115 किलो हेरोइन
- और किराए के फ्लैट से 70 किलो हेरोइन/साइकोट्रॉपिक पदार्थ बरामद किया।
इसके अलावा गुरुग्राम से अफगान नागरिक हजरत अली को गिरफ्तार किया गया, जिसके पास से 2 किलो हेरोइन और करीब 100 किलो ऐसे केमिकल मिले जिनका इस्तेमाल ड्रग्स तैयार करने में होता है।
जेल में हुई थी ड्रग नेटवर्क की शुरुआत
जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी गुरप्रीत सिंह की मुलाकात नवप्रीत सिंह उर्फ नव से पंजाब की कपूरथला जेल में हुई थी। दोनों पहले से अलग-अलग एनडीपीएस मामलों में जेल में बंद थे। वहीं से इस अंतरराष्ट्रीय ड्रग नेटवर्क की नींव पड़ी।
मामले में अब तक 11 आरोपी गिरफ्तार
इस मामले में अब तक 11 आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जिनमें एक अफगान नागरिक भी शामिल है। सभी के खिलाफ अदालत में ट्रायल चल रहा है।
यह भी पढ़ें-
चंद महीनों में पकड़ा ₹700 करोड़ का MD ड्रग, 491 आरोपी गिरफ्तार, 170 एकड़ जमीन पर चल रहा था काला कारोबार
CM बनते ही एक्शन में एक्टर विजय, फ्री बिजली, महिला सुरक्षा और ड्रग तस्करी से जुड़े 3 आदेशों पर किए साइन
Latest India News