1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. '10 मिनट डिलीवरी' का खेल खत्म, राघव चड्ढा ने केंद्र सरकार का जताया आभार

'10 मिनट डिलीवरी' का खेल खत्म, राघव चड्ढा ने केंद्र सरकार का जताया आभार

'10 मिनट डिलीवरी' पर रोक के फैसले से आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा काफी खुश दिखे। उन्होंने इसे राइडर्स और सड़क पर मौजूद लोगों की सुरक्षा के लिए अहम कदम बताया।

raghav chadha- India TV Hindi
Image Source : PTI/X- @RAGHAV_CHADHA आप सांसद राघव चड्ढा ने '10-मिनट डिलीवरी' ब्रांडिंग हटाने का स्वागत किया है।

केंद्र सरकार ने क्विक कॉमर्स प्लेटफॉर्म की 10 मिनट की डिलीवरी पर रोक लगा दी है। अब ब्‍लिंकिट,जेप्‍टो, स्विगी, जोमैटो, फ्लिपकार्ट, एमेजोन जैसे प्लेटफार्म 10 मिनट में डिलीवरी नहीं दे पाएंगे। इस फैसले से आम आदमी पार्टी (AAP) के सांसद राघव चड्ढा काफी खुश दिखे। उन्होंने केंद्र सरकार का धन्यवाद करते हुए कहा- सत्यमेव जयते, साथ मिलकर, हमने जीत हासिल की है।

बता दें कि केंद्रीय श्रम मंत्री मनसुख मांडविया ने 10 मिनट की डिलीवरी सर्विस पर रोक लगाई है। उन्होंने ब्लिंकिट, जेप्टो, स्विगी और जोमैटो जैसे प्रमुख प्लेटफॉर्म्स के साथ बैठक की, जिसमें सख्त डिलीवरी टाइमलाइन हटाने की सलाह दी गई। सभी कंपनियों ने सरकार को इस मामले पर भरोसा भी दिया है।

केंद्र सरकार के फैसले का राघव चड्ढा ने किया स्वागत

राघव चड्ढा ने कहा कि मैं केंद्र सरकार का आभारी हूं कि उन्होंने तुरंत कार्रवाई करते हुए 10 मिनट डिलीवरी की ब्रांडिंग हटाने का फैसला लिया। आप सांसद ने अपने X हैंडल पर पोस्ट कर लिखा है, ''मैं केंद्र सरकार का बहुत आभारी हूं कि उन्होंने क्विक-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से "10-मिनट डिलीवरी" ब्रांडिंग को हटाने के लिए समय पर, निर्णायक और दयालु कदम उठाया। यह एक बहुत ज़रूरी कदम था क्योंकि जब राइडर की टी-शर्ट, जैकेट या बैग पर "10 मिनट" लिखा होता है और ग्राहक की स्क्रीन पर टाइमर चलता है, तो दबाव और खतरनाक होता है। यह कदम डिलीवरी राइडर्स और हमारे सड़कों पर चलने वाले सभी लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करने में मदद करेगा।''

'गिग वर्कर्स के लिए बड़ी राहत'

उन्होंने इस जीत का स्वागत करते हुए कहा कि पिछले महीनों में उन्होंने सैकड़ों डिलीवरी पार्टनर्स से बात की। उनमें कई लोग ओवरवर्क करते हैं, उन्हें कम पैसे मिलते हैं और अवास्तविक वादे पूरा करने के लिए अपनी जान जोखिम में डाल रहे थे। केंद्र सरकार के इस फैसले से रोड पर चलने वाले राइडर्स और आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित होगी। उन्होंने हर नागरिक का शुक्रिया अदा किया जो मानव जीवन, सुरक्षा और सम्मान के पक्ष में खड़ा रहा। यह कदम गिग वर्कर्स के लिए बड़ी रहात है। साथ ही हर गिग वर्कर से कहा- ''आप अकेले नहीं हैं, हम सब आपके साथ हैं।''

Blinkit के डिलीवरी बॉय के साथ सड़क पर उतरे राघव चड्ढा

वहीं, आपको बता दें कि एक दिन पहले ही सांसद राघव चड्ढा का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा था। वीडियो में आप देख सकते हैं कि राघव चड्ढा Blinkit के डिलीवरी बॉय की तरह कपड़े पहने हुए हैं। वह स्कूटी चलाकर सामान को ​डिलीवर करते हुए नजर आ रहे हैं। दरअसल, इस वीडियो में वह डिलीवरी पार्टनर की परेशानी को समझने के लिए यूनिफॉर्म पहनकर, स्कूटी चला रहे थे। उन्होंने डिलीवरी बॉय की तरह लोगों तक सामान पहुंचाया था।

Latest India News