1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर पूरे देश में बड़ी कार्रवाई, 200 से ज्यादा लोग गिरफ्तार, गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी

ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर पूरे देश में बड़ी कार्रवाई, 200 से ज्यादा लोग गिरफ्तार, गृह मंत्री अमित शाह ने दी जानकारी

सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले देशभर में ISI समर्थित शहजाद भट्टी नेटवर्क पर बड़ी कार्रवाई की है। इस आतंकी नेटवर्क से जुड़े 200 से ज्यादा संदिग्ध लोगों को गिरफ्तार भी किया गया है। गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है।

amit shah shehzad bhatti gang isi module- India TV Hindi
Image Source : ANI/PTI शहजाद भट्टी गैंग के खिलाफ एक्शन।

स्वतंत्रता दिवस से पहले सुरक्षा एजेंसियों ने ISI समर्थित आतंकी नेटवर्क शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ बड़ी कार्रवाई को अंजाम दिया है। देश के 14 राज्यों में में चलाए गए अभियान में 200 से ज्यादा संदिग्ध और शहजाद भट्टी नेटवर्क से जुड़े लोगों को गिरफ्तार किया गया है। सामने आई जानकारी के अनुसार, सुरक्षा एजेंसियों ने 14 राज्यों में अलग-अलग ठिकानों पर एक साथ कार्रवाई की है। देश के गृह मंत्री अमित शाह ने भी इस कार्रवाई के बारे में जानकारी दी है।

भारी मात्रा में हथियार बरामद

शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ कार्रवाई के दौरान सुरक्षा एजेंसियों ने बड़ी मात्रा में IED, हथियार, जिंदा कारतूस और ग्रेनेड बरामद किए हैं। बरामद किए गए कुछ ग्रेनेड पर पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री की मार्किंग भी मिली है। नेटवर्क से जुड़े लोगों के पास से पिस्टल, कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल किए जा रहे CCTV कैमरे भी मिले। एजेंसियों के मुताबिक, यह नेटवर्क आतंकी गतिविधियों और देश में हिंसा फैलाने की साजिशों में शामिल था। समय रहते कार्रवाई कर सुरक्षा एजेंसियों ने स्वतंत्रता दिवस से पहले संभावित आतंकी साजिशों को नाकाम किया। आपको बता दें कि जुलाई महीने में महाराष्ट्र एटीएस ने शहजाद भट्टी के संपर्क में आए 102 लोगों से पूछताछ की थी।

गृह मंत्री ने दी जानकारी

गृह मंत्री अमित शाह ने इस कार्रवाई को लेकर कहा- "मोदी सरकार ने स्वतंत्रता दिवस से पहले ISI समर्थित आतंकी गुट 'शहज़ाद भट्टी नेटवर्क' को खत्म कर दिया और 200 से ज्यादा सदस्यों को गिरफ्तार करके उसके खतरनाक हमलों के मंसूबों को नाकाम कर दिया। भारतीय सुरक्षा बलों ने 14 राज्यों में अलग-अलग जगहों पर एक साथ ऑपरेशन चलाकर इस नेटवर्क को ध्वस्त कर दिया, जो आतंकवाद के प्रति भारत की 'जीरो-टॉलरेंस' नीति का एक बेहतरीन उदाहरण है। ISI से फंड पाने वाले इस गुट के पास से भारी मात्रा में सामान बरामद किया गया, जिसमें IED, पाकिस्तान ऑर्डनेंस फैक्ट्री के निशान वाले ग्रेनेड, पिस्तौल, जिंदा कारतूस और जासूसी के लिए इस्तेमाल होने वाले CCTV कैमरे शामिल थे। यह नेटवर्क कई आतंकी गतिविधियों में शामिल था।"

कहां कितनी कार्रवाई?

उत्तर प्रदेश– 62
हरियाणा– 52
दिल्ली– 51
पंजाब– 44
राजस्थान– 15
महाराष्ट्र– 8
उत्तराखंड– 5
कर्नाटक, गुजरात और बिहार– 3-3
तेलंगाना, हिमाचल प्रदेश, जम्मू-कश्मीर और केरल– 2-2

अब तक हुई कार्रवाई की डिटेल

  • दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR: कार्रवाई के दौरान दिल्ली और कर्नाटक में नई FIR भी दर्ज की गई हैं।
  • अब तक 80 से ज्यादा FIR: शहजाद भट्टी नेटवर्क के खिलाफ देशभर में अब तक 80 से अधिक FIR दर्ज हो चुकी हैं।
  • 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां: इस नेटवर्क के मामले में अब तक 200 से ज्यादा गिरफ्तारियां हो चुकी हैं।
  • कई गंभीर धाराओं में केस: आरोपियों के खिलाफ UAPA, BNS, आर्म्स एक्ट, NDPS एक्ट और विस्फोटक पदार्थ अधिनियम के तहत मामले दर्ज किए गए हैं।
  • हथियार और विस्फोटक बरामद: जांच एजेंसियों को IED, पिस्टल, जिंदा कारतूस और ग्रेनेड बरामद हुए हैं।
  • पाकिस्तान कनेक्शन के सबूत: बरामद कुछ ग्रेनेड पर Pakistan Ordnance Factories की मार्किंग मिली है, जो नेटवर्क के सीमा-पार कनेक्शन की जांच में अहम सबूत माना जा रहा है।
  • सुरक्षा एजेंसियों की नजर: 15 अगस्त के आसपास SBN से जुड़े संदिग्धों और उनके स्थानीय नेटवर्क पर सुरक्षा एजेंसियों की निगरानी और कार्रवाई लगातार जारी है।

ये भी पढ़ें- महाराष्ट्र के कई इलाकों में ATS की रेड, पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े होने की आशंका

ISI के शहजाद भट्टी मॉड्यूल का हुआ भंडाफोड़, निशाने पर थे ऐतिहासिक मंदिर और मशहूर ढाबा

Latest India News