पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी से जुड़े ऑनलाइन नेटवर्क पर महाराष्ट्र ATS का एक्शन शुरू हो गया है। केंद्रीय जांच एजेंसी NIA की कार्रवाई के बाद अब ATS ने शहजाद भट्टी से जुड़े नेटवर्क की जांच तेज कर दी है। सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक महाराष्ट्र और राज्य के कई हिस्सों में एटीएस का सर्च ऑपरेशन जारी है। एटीएस ने मुंबई, ठाणे, कुर्ला, बांद्रा, जोगेश्वर, नवी मुंबई, मीरारोड, भायंदर, सांगली, सतारा, छत्रपति संभाजी नगर सहित कई जगहों पर रेड की है।
रडार पर 150 से ज्यादा लोग
जानकारी के मुताबिक पाकिस्तानी गैंस्टर शहजाद भट्टी से सोशल मीडिया के माध्यम से कथित संपर्क के मामले में महाराष्ट्र में करीब 150 से ज्यादा लोग एटीएस के राडार पर हैं। इसी मामले को लेकर छापेमारी चल रही है। महाराष्ट्र आतंकवाद निरोधक दस्ते (ATS) ने आज सुबह 7 बजे से पूरे राज्य में पाकिस्तानी गैंगस्टर शहजाद भट्टी के संपर्क में रहे लोगों के खिलाफ जांच अभियान शुरू किया है। एटीएस की महाराष्ट्र भर की 14 यूनिटों की विभिन्न टीमों द्वारा कुल 112 लोगों का पता लगाकर उनसे पूछताछ की जा रही है।
शहजाद भट्टी से जुड़ने की आशंका
प्रारंभिक जानकारी के अनुसार, शहजाद भट्टी पर सोशल मीडिया के माध्यम से लोगों को देशविरोधी गतिविधियों के लिए उकसाने का संदेह है। इसी आशंका के आधार पर महाराष्ट्र एटीएस ने यह व्यापक कार्रवाई शुरू की है। इस षड्यंत्र का उद्देश्य ISIS और अकीस जैसे आतंकवादी संगठनों की विचारधारा को बढ़ावा देकर लोकतांत्रिक रूप से चुनी गई सरकार के खिलाफ हिंसक जिहाद के माध्यम से भारत में एक इस्लामी राज्य स्थापित करना था।
NIA ने कई राज्यों में की रेड
इससे पहले राष्ट्रीय जांच एजेंसी (NIA) ने बुधवार को एक ऑनलाइन आतंकी कट्टरपंथीकरण षड्यंत्र से जुड़े मामले में देशव्यापी तलाशी अभियान चलाया था। एनआईए के एक बयान के अनुसार, एजेंसी की जांच के तहत आंध्र प्रदेश, तेलंगाना, कर्नाटक, महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, बिहार, राजस्थान, गुजरात और केंद्र शासित प्रदेश दिल्ली में एनआईए टीमों द्वारा समन्वित अभियान में कुल 20 स्थानों पर तलाशी ली गई।
नाबालिग और 11 अन्य को किया गिरफ्तार
बयान में एनआईए ने कहा कि बुधवार को की गई तलाशी में कई डिजिटल उपकरण जब्त किए गए हैं, जिनकी कथित कट्टरपंथीकरण षड्यंत्र के संबंध में आगे के सुरागों के लिए फोरेंसिक जांच की जाएगी। बयान के अनुसार, इस मामले में अब तक 11 लोगों और एक नाबालिग को गिरफ्तार किया गया है। एनआईए ने इस मामले को इस साल मई में विजयवाड़ा पुलिस से अपने हाथ में लिया था।
विजयवाड़ा से गिरफ्तार हुआ था मुख्य आरोपी
बता दें कि विजयवाड़ा पुलिस ने मूल रूप से मार्च में मुख्य आरोपी रहमतुल्लाह शरीफ मोहम्मद के आवास पर तलाशी के बाद मामला दर्ज किया था। तलाशी के दौरान प्रतिबंधित आतंकवादी संगठनों आईएसआईएस (इस्लामिक स्टेट) और अकीस (अल-कायदा इन इंडियन सबकॉन्टिनेंट) से संबंधित आपत्तिजनक सामग्री बरामद की गई। आतंकवाद विरोधी एजेंसी ने बताया कि बुधवार को तलाशी लिए गए स्थानों की पहचान पहले जब्त किए गए डिजिटल उपकरणों के विस्तृत तकनीकी विश्लेषण, गिरफ्तार आरोपियों के कनेक्टिविटी विश्लेषण और जांच के दौरान सामने आए अन्य निष्कर्षों के आधार पर की गई थी।
कट्टरपंथी विचारधारा को बढ़ावा देने की साजिश
एनआईए ने पाया है कि गिरफ्तार आरोपी और उनके सहयोगी हिंसक जिहादी सामग्री और गलत सूचनाओं के माध्यम से देश भर के कमजोर युवाओं को कट्टरपंथी विचारधारा से प्रभावित कर रहे थे। एजेंसी ने आगे बताया कि आरोपी जिहादी विचारधारा का प्रचार करने और कथित भारत विरोधी साजिश को आगे बढ़ाने के लिए विदेशी संचालकों के साथ ऑनलाइन संपर्क में भी थे।
यह भी पढ़ें-