1. Hindi News
  2. हरियाणा
  3. गुरुग्राम में मारे गए जिस गैंग के शूटर, उसका सरगना दीपक नांदल सिंगर फाजिलपुरिया पर करा चुका है हमला; पढ़ें उसकी क्राइम कुंडली

गुरुग्राम में मारे गए जिस गैंग के शूटर, उसका सरगना दीपक नांदल सिंगर फाजिलपुरिया पर करा चुका है हमला; पढ़ें उसकी क्राइम कुंडली

 Reported By: Kumar Sonu Edited By: Vinay Trivedi
 Published : Jul 10, 2026 11:46 am IST,  Updated : Jul 10, 2026 11:51 am IST

दीपक नांदल, हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर है, जिस पर हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, अवैध हथियार रखने, आपराधिक साजिश और संगठित अपराध जैसे कई गंभीर मुकदमे दर्ज हैं। उस पर सिंगर फाजिलपुरिया और दीपक कलाल पर हमला कराने का भी आरोप है।

Deepak Nandal gangster profile- India TV Hindi
पढ़िए दीपक नांदल का म्यूजिक इंडस्ट्री से अपराध की दुनिया तक का सफर। Image Source : REPORTERS INPUT

Highlights

  • पुर्तगाल में मिली थी गैंगस्टर दीपक नांदल की लास्ट लोकेशन
  • कभी म्यूजिक इंडस्ट्री में काम करता था दीपक नांदल
  • पुलिस ने गुरुग्राम में दीपक नांदल के 4 शूटर्स को किया ढेर

हरियाणा का कुख्यात गैंगस्टर दीपक नांदल एक बार फिर चर्चा में है। गुरुग्राम के सुशांत लोक इलाके में एक बिजनेसमैन के घर पर गोलियां चलाने की साजिश को नाकाम करते हुए पुलिस ने उसके चार शूटर्स को मुठभेड़ में मार गिराया, जबकि एक गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना के बाद एक बार फिर सवाल उठ रहा है कि आखिर दीपक नांदल कौन है और उसका नेटवर्क कितना बड़ा है।

दीपक नांदल पर हत्या और फायरिंग कराने के कई गंभीर आरोप

दरअसल, दीपक नांदल का नाम पिछले कुछ कुछ सालों में कई हाई-प्रोफाइल मामलों में सामने आया है। इनमें हरियाणवी गायक राहुल फाजिलपुरिया पर हमला, उनके अकाउंटेंट की हत्या, मैनेजर के घर फायरिंग, गुरुग्राम के MNR बिल्डर के दफ्तर पर ताबड़तोड़ गोलियां चलाना, कारोबारियों और बिल्डरों से रंगदारी मांगना, हाल ही में दिल्ली के सूफी गायक बिस्मिल को कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने की धमकी देना शामिल है।

विदेश से गैंग ऑपरेट कर रहा दीपक नांदल

पुलिस और जांच एजेंसियों का दावा है कि दीपक नांदल भारत छोड़कर विदेश में बैठा है और वहीं से अपने गैंग का संचालन कर रहा है। हालांकि, कई घटनाओं के बाद सोशल मीडिया पर जिम्मेदारी लेने वाले पोस्ट सामने आए हैं।

म्यूजिक इंडस्ट्री से अपराध की दुनिया तक का सफर

दीपक नांदल कभी हरियाणवी म्यूजिक इंडस्ट्री का जाना-पहचाना नाम था। वह म्यूजिक प्रोड्यूसर, रैपर और परफॉर्मर के रूप में सक्रिय रहा। उसने राहुल फाजिलपुरिया और रैपर बादशाह के साथ कई लोकप्रिय गानों पर काम किया। "हरियाणा रोडवेज", "2 Many Girls" और "कर गई चुल" जैसे गानों से उसका नाम जुड़ा रहा। एक इंटरव्यू में उसने कहा था कि बादशाह और फाजिलपुरिया के साथ काम करना उसके लिए हमेशा गर्व और खुशी की बात रही।

2017 में किया था फाजिलपुरिया का बचाव

दीपक नांदल को लंबे समय तक राहुल फाजिलपुरिया का करीबी दोस्त, सहयोगी और ऑन-ग्राउंड मैनेजर माना जाता था। फाजिलपुरिया जब भी किसी विवाद में आता था तो दीपक नांदल अक्सर उसके बचाव में आता था। साल 2017 में गुरुग्राम के चर्चित ड्रंक एंड ड्राइव मामले में राहुल फाजिलपुरिया का नाम विवादों में आया था तो उस समय दीपक नांदल मीडिया के सामने आया था और दावा किया था कि फाजिलपुरिया शराब के नशे में नहीं थे। इस घटना के बाद दोनों की करीबी रिश्तों की चर्चा और तेज हो गई।

विवादों से भी रहा गहरा नाता

दीपक नांदल का नाम सिर्फ म्यूजिक इंडस्ट्री तक सीमित नहीं रहा। साल 2019 में सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर दीपक कलाल के साथ मारपीट का वीडियो वायरल हुआ था। उस मामले में भी दीपक नांदल का नाम सामने आया। आरोप था कि फाजिलपुरिया के खिलाफ कथित अपमानजनक टिप्पणियों से नाराज होकर यह हमला किया गया था।

विदेश से गैंग ऑपरेट करने का आरोप

हरियाणा पुलिस और STF के अनुसार, किसी आपराधिक मामले में नाम आने के बाद दीपक नांदल भारत छोड़कर विदेश भाग गया। जांच एजेंसियों का दावा है कि वह पहले दुबई और बाद में ब्रिटेन पहुंचा, जहां से सोशल मीडिया, इंटरनेट कॉलिंग और अपने सहयोगियों के जरिए गैंग संचालित कर रहा है। पुलिस का आरोप है कि उसके नेटवर्क का इस्तेमाल रंगदारी, फायरिंग, हत्या और आपराधिक साजिशों को अंजाम देने के लिए किया जा रहा है।

कारोबारियों और बिल्डरों को बनाया निशाना

पुलिस जांच के मुताबिक, दीपक नांदल गैंग पर कारोबारियों, बिल्डरों और मनोरंजन जगत से जुड़े लोगों से रंगदारी मांगने के आरोप हैं। कई मामलों में वारदात के बाद सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए जिम्मेदारी लेने के दावे भी सामने आए। 

फाजिलपुरिया पर हमला और 5 करोड़ रुपये के विवाद का दावा

साल 2025 में राहुल फाजिलपुरिया पर हुए हमले के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट वायरल हुई, जिसमें सुनील सरधानिया, दीपक नांदल और इंद्रजीत यादव के नाम से हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया। पोस्ट में आरोप लगाया गया कि राहुल फाजिलपुरिया ने दीपक नांदल से 5 करोड़ रुपये लिए थे और वापस नहीं किए। पोस्ट में यह भी धमकी दी गई थी कि पैसे नहीं लौटाए गए तो हर महीने फाजिलपुरिया के एक करीबी को निशाना बनाया जाएगा।

अकाउंटेंट रोहित शौकीन की हत्या

अगस्त 2025 में राहुल फाजिलपुरिया के अकाउंटेंट रोहित शौकीन की गुरुग्राम में दिनदहाड़े गोली मारकर हत्या कर दी गई। इस हत्याकांड की जिम्मेदारी भी सोशल मीडिया पर दीपक नांदल के नाम से लिए जाने का दावा किया गया था।

फाजिलपुरिया के मैनेजर के घर पर फायरिंग

हाल ही में गुरुग्राम के कन्हाई गांव में राहुल फाजिलपुरिया के मैनेजर सौरभ यादव के घर फायरिंग हुई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर एक पोस्ट सामने आई, जिसमें दीपक नांदल और सट्टा नौशेरा के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया और आगे भी हमले जारी रखने की धमकी दी गई। पुलिस इस पोस्ट की भी जांच कर रही है।

MNR बिल्डर कार्यालय पर फायरिंग से जुड़ा नाम

गुरुग्राम के सेक्टर-45 स्थित MNR बिल्डर कार्यालय पर 25 से 30 राउंड फायरिंग की गई। घटना के बाद सोशल मीडिया पर वायरल एक पोस्ट में दीपक नांदल के नाम से जिम्मेदारी लेने का दावा किया गया और कथित पैसों के विवाद का जिक्र किया गया। पुलिस इस पोस्ट की भी जांच कर रही है। इस घटना ने गुरुग्राम में गैंगस्टरों के बढ़ते नेटवर्क और कानून-व्यवस्था को लेकर नई चिंता पैदा कर दी।

सूफी गायक बिस्मिल को भी दी धमकी

हाल ही में दिल्ली के सूफी गायक बिस्मिल ने आरोप लगाया कि उन्हें दीपक नांदल के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगी गई और जान से मारने की धमकी दी गई। शिकायत के बाद दिल्ली पुलिस की स्पेशल सेल ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

गैंग पर लगातार शिकंजा

हरियाणा STF ने हाल के महीनों में दीपक नांदल गैंग के कई सदस्यों के खिलाफ कार्रवाई की है। इसी साल अप्रैल में STF ने गैंग के कथित शार्पशूटर निवेश उर्फ डिल्ला को गुरुग्राम में मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार किया। पुलिस के अनुसार, वह एक कारोबारी के दफ्तर पर रंगदारी के लिए फायरिंग की साजिश रच रहा था। गिरफ्तारी के दौरान उसने पुलिस पर गोली चलाई, जिसके जवाब में हुई कार्रवाई में वह घायल हो गया। उसके पास से अवैध पिस्टल भी बरामद की गई।

सुनील सरधानिया बना अहम कड़ी

हाल ही में गुरुग्राम पुलिस ने गैंगस्टर सुनील उर्फ सरधानिया को दिल्ली के IGI एयरपोर्ट से गिरफ्तार किया। पुलिस का आरोप है कि वह फर्जी पासपोर्ट के जरिए 2024 में विदेश भाग गया था और दुबई होते हुए कोस्टा रिका में बैठकर दीपक नांदल के साथ गैंग चला रहा था। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में सुनील सरधानिया ने बताया कि दीपक नांदल ने राहुल फाजिलपुरिया पर हमले की साजिश, रोहित शौकीन हत्याकांड और सेक्टर-45 स्थित MNR बिल्डर के दफ्तर पर फायरिंग की थी। दीपक नांदल के खिलाफ हत्या, हत्या के प्रयास, रंगदारी, हथियारों की सप्लाई समेत 24 से अधिक आपराधिक मामले दर्ज हैं। दीपक नांदल की लास्ट लोकेशन पुर्तगाल में मिली थी।

ये भी पढ़ें- रेंट की जिस कार से फायरिंग करने आए थे बदमाश, उसके फर्स्ट ओनर ने गुरुग्राम मुठभेड़ पर किया बड़ा खुलासा

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। हरियाणा से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।