महाराष्ट्र के नागपुर में पिता पुत्री के रिश्ते को झकझोर देने वाली घटना सामने आई है। शराब के नशे में पिता द्वारा 17 वर्षीय बेटी से छेड़खानी करने का प्रयास किए जाने और विरोध करने पर उसके साथ मारपीट करने का आरोप है। इस दौरान बचाव में नाबालिग ने घर में रखा क्रिकेट बैट उठाकर 45 वर्षीय पिता के सिर पर मार दिया। गंभीर चोट लगने से पिता की मौत हो गई। मिली जानकारी के अनुसार, नाबालिग ने खुद 112 पर फोन कर पुलिस को पिता पर हमला करने की जानकारी दी।
12वीं में पढ़ती है नाबालिग
घटना नागपुर के एमआईडीसी थाना क्षेत्र की है। आरोपी बताई जा रही 17 वर्षीय लड़की 12वीं कक्षा में पढ़ती है। मृतक की पहचान 45 वर्षीय जयपाल बारेलाल खोलपिटणे के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक, जयपाल शराब पीने का आदी था और परिवार में अक्सर विवाद होता रहता था। बताया जा रहा है कि घटना वाली रात भी जयपाल शराब के नशे में घर पहुंचा था। आरोप है कि नशे में उसने अपनी बेटी के साथ जबरदस्ती नजदीकी बनाने की कोशिश की। बेटी ने इसका विरोध किया जिसके बाद दोनों के बीच विवाद बढ़ गया। इसी दौरान बेटी ने घर में रखा लकडी के बैट से पिता के सिर पर वार कर दिया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
मृतक की पत्नी की शिकायत पर एमआईडीसी पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस ने नाबालिग लड़की को हिरासत में ले लिया है, उसे नाबालिक होने के कारण आगे के कानूनी कार्रवाई बाल न्याय व्यवस्था के निर्धारित नियमों के अनुसार की जा रही है।
लड़की को अमरावती के बाल सुधार गृह भेजा गया है। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के दौरान वास्तव में क्या हुआ, हमले की परिस्थितियों और मौत का चिकित्सक कारण स्पष्ट करने के लिए आगे की जांच जारी है।
9 साल की बच्ची से रेप की कोशिश, भीड़ ने शख्स को उतारा मौत के घाट
वहीं, एक अन्य मामले में नागपुर के परडी थाना क्षेत्र में 9 वर्षीय बच्ची से रेप के प्रयास के आरोप में 35 वर्ष की व्यक्ति की भीड़ में पिटाई कर दी। घटना के बाद पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज किया। जिस आरोपी की लोगों ने पिटाई की, उसकी इलाज के दौरान मौत हो गई। मारपीट में शामिल लोगों पर केस दर्ज धर पकड़ शुरू की गई है।
CCTV खंगाल रही पुलिस
मिली जानकारी के अनुसार मृतक पारडी शिवनगर निवासी नारायण दास मोहनदास वैष्णव है। वह मूल तो छत्तीसगढ़ का रहने वाला था। नारायण दास पारडी में रहकर मजदूरी करता था। सोमवार की रात उसने बच्चे के साथ छेड़खानी की। बच्ची ने शोर मचाकर माता-पिता और पड़ोसियों को घटना की जानकारी दी। जिसके बाद गुस्साए लोगों ने नारायण दास को पकड़ कर उसकी जमकर पिटाई कर दी थी।
बताया जा रहा है कि भीड़ में मौजूद 8 से 10 लोगों ने उसके साथ मारपीट की, हालांकि वह उन्हें पहचानता नहीं था। पुलिस जब मौके पर पहुंची तो हमलावर फरार हो चुके थे। फिलहाल सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं। कुछ संदिग्ध को हिरासत में लेकर पूछताछ भी की जा रही है। हालांकि अभी तक कोई ठोस सुराग हाथ नहीं लगा है।
यह भी पढ़ें-
शिवसेना उद्धव गुट के नेता की ठाणे में गोली मारकर हत्या, दो हमलावरों ने बरसाईं गोलियां