A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बेंगलुरु में भारी बारिश के बाद जलभराव, एक महिला की मौत, चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन, देखें VIDEO

बेंगलुरु में भारी बारिश के बाद जलभराव, एक महिला की मौत, चलाया गया रेस्क्यू ऑपरेशन, देखें VIDEO

बेंगलुरू में देर रात हुई बारिश की वजह से जलभराव हो गया है। पानी लोगों के घरों और वाहनों में घुस गया है। जिसके बाद बुलडोजर से लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है।

Bengaluru- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV/ANI बेंगलुरू में बारिश से बेहाल लोग

बेंगलुरु: बेंगलुरू में देर रात हुई बारिश की वजह से शहर के कई निचले इलाकों में पानी भर गया है। हालात ये है कि पानी लोगों के घरों और कारों के अंदर घुस गया है और लोगों का दैनिक जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। हालत ये हो गई कि लोगों को रेस्क्यू करने के लिए बुलडोजर और बोट का इस्तेमाल करना पड़ा। 

एक महिला की मौत

बारिश की वजह से एक महिला की मौत भी हुई है। मृतक की पहचान 35 वर्षीय शशिकला के रूप में हुई है। यह घटना आज सुबह महादेवपुरा के चन्नासंद्रा में घटी। महादेवपुरा पुलिस ने घटनास्थल का दौरा कर मामला दर्ज किया।

जलभराव के कारण कई पेड़ों की टहनियां भी गिरी हैं और कई वाहन भी खराब हो गए हैं। हालात ये है कि शहर में कई जगहों पर ट्रैफिक की समस्या पैदा हो गई है। जलभराव की जो तस्वीरें सामने आई हैं, उसमें लोगों को घुटनों तक पानी में चलते हुए देखा जा सकता है। सड़कें तालाब में तब्दील हो गई हैं और वाहन आधे डूबे हुए नजर आ रहे हैं। बारिश और जलभराव का असर सार्वजनिक सेवाओं पर भी पड़ा है। इसके कारण आम नागरिकों को काफी समस्या का सामना करना पड़ रहा है।

कहां-कहां पानी भरा?

हर साल की तरह इस बार भी होरमाऊ इलाके के श्री साईं ले आउट में कॉलोनी में पानी भर गया है। पानी घरों के अंदर भी घुसा है। हर साल इस तरह की परेशानी यहां के लोगों को होती है, इसलिए पिछले कुछ सालों से ज्यादातर लोग बारिश के समय मकान खाली करके आसपास के इलाकों में शिफ्ट हो जाते हैं।

होरमाऊ के अलावा HBR ले आउट और बेंगलुरु के शांति नगर इलाके में भी जल जमाव के हालात बने हैं। हालांकि बारिश बंद हो जाने की वजह से इन दोनों इलाकों में जल स्तर बहुत कम हो गया है।

घरों और वाहनों में पानी भरने से लोग लाचार नजर आ रहे हैं। पानी की निकासी में समय लग रहा है। बुलडोजर और बोट के जरिए लोगों को रेस्क्यू किया जा रहा है और लोग अपना जरूरी सामान लेकर घरों से बाहर निकल रहे हैं। 

Latest India News