A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. 'अब आसमान में कभी नहीं उड़ेगा फ्लाइट नंबर 171 का विमान', एयर इंडिया और AI एक्सप्रेस ने किया बड़ा ऐलान

'अब आसमान में कभी नहीं उड़ेगा फ्लाइट नंबर 171 का विमान', एयर इंडिया और AI एक्सप्रेस ने किया बड़ा ऐलान

एयर इंडिया के विमान हादसे में 12 क्रू मेंबर्स समेत 241 यात्रियों की जान चली गई। इस हादसे के बाद एयर इंडिया की फ्लाट सवालों के घेरे में है। ऐसे में एयर इंडिया और AI एक्सप्रेस की ओर से बड़ा ऐलान किया गया है।

सांकेतिक तस्वीर- India TV Hindi
Image Source : FILE PHOTO-PTI सांकेतिक तस्वीर

एयर इंडिया का विमान AI-171 गुरुवार को अहमदाबाद में हादसे का शिकार हो गया। इस हादसे में विमान के अंदर मौजूद 242 लोगों में से 241 की जान चली गई। हादसे में एक मात्र जिंदा व्यक्ति बचा है। इस विमान हादसे के बाद एयर इंडिया विमान कंपनी ने बड़ा ऐलान किया है।

इस कारण लिया गया ये फैसला

एयर इंडिया और एयर इंडिया (AI) एक्सप्रेस उड़ान संख्या ‘171’ का इस्तेमाल कभी नहीं करेंगी। शनिवार को सूत्रों ने यह जानकारी दी है। इस हादसे में विमान में सवार 241 लोग मारे गए थे। उड़ान भरने के तुरंत बाद दुर्घटनाग्रस्त हुआ बोइंग 787-8 ड्रीमलाइनर विमान अहमदाबाद से लंदन गैटविक के लिए उड़ान संख्या ‘एआई 171’ का संचालन कर रहा था। 

अब फ्लाइट संख्या ‘एआई 171’ के बजाय ‘एआई 159’ होगा

सूत्रों ने शनिवार को कहा कि यह एक आम चलन है कि घातक उड़ान दुर्घटनाओं के बाद एयरलाइंस विशेष उड़ान संख्या का उपयोग करना बंद कर देती हैं। एक सूत्र ने बताया कि अब 17 जून से अहमदाबाद-लंदन गैटविक की उड़ान संख्या ‘एआई 171’ के बजाय ‘एआई 159’ होगी। बुकिंग प्रणाली में आवश्यक बदलाव शुक्रवार को कर दिए गए हैं। 

इसके पहले 'आईएक्स 171’ को किया गया बंद

एक अन्य सूत्र ने कहा कि एयर इंडिया एक्सप्रेस ने भी अपनी उड़ान संख्या ‘आईएक्स 171’ को बंद करने का फैसला किया है। उन्होंने कहा कि उड़ान संख्या ‘171’ को बंद करना दिवंगत आत्माओं के प्रति सम्मान का प्रतीक है। इससे पहले 2020 में एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कोझीकोड में दुर्घटनाग्रस्त हुए विमान की उड़ान संख्या का उपयोग करना भी बंद कर दिया था। इस हादसे में 21 लोग मारे गए थे। (भाषा के इनपुट के साथ)

Latest India News