Belagavi Hotel Owner Case: कर्नाटक के बेलगावी में रोड के किनारे छोटा सा होटल चलाने वाले शख्स ने खुदकुशी कर ली है। मृतक की पहचान रामा हलूरी के रूप में हुई है। पिछले कई दिनों से, रामा हलूरी के होटल को कमर्शियल LPG सिलेंडर नहीं मिल रहा था। सिलेंडर की कमी के कारण उन्हें होटल को बंद करना पड़ा था और इस दौरान, उन्हें लोन की EMI वाले परेशान कर रहे थे। इसी दौरान, उन्होंने अपनी जान ले ली।
होटल बंद होने की वजह से नहीं चुका पाए EMI
दरअसल, होटल बंद होने के बाद रामा हलूरी की आमदनी कम हो गई थी। वह लोन पर लगने वाला ब्याज और किश्तें नहीं चुका पाए थे। परिवार वालों ने दावा किया है कि लोन के ब्याज का बोझ ना सह पाने के कारण रामा हलूरी ने आत्महत्या कर ली।
रामा की आर्थिक स्थिति हो गई थी खराब
रामा हलूरी कई सालों से 'हनुमान होटल' चला रहे थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि होटल बंद होने के बाद, रामा हलूरी के आर्थिक लेन-देन में उतार-चढ़ाव आया और उनपर कर्ज देने वालों का दबाव बढ़ गया। पुलिस ने अप्राकृतिक मौत का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
मामले की जांच में जुटी पुलिस
पुलिस का कहना है कि हम मामले की हर एंगल से जांच कर रहे हैं। उनके परिजनों और जानने वालों से बातचीत की है। पता लगाया जा रहा है कि किन कारणों से रामा हलूरी ने अपनी जान ले ली। अगर इस मामले में कोई दोषी पाया जाता है कि तो उसके खिलाफ सख्त से सख्त कार्रवाई की जाएगी।
पुलिस ने दावे को किया खारिज
बेलगावी जिला पुलिस ने एक प्रेस नोट जारी कर गैस सिलेंडर की कमी की वजह से की गई खुदकुशी के परिवार के दावे को गलत बताया है, पुलिस ने इसे महज एक अफवाह करार दिया है। पुलिस ने कहा कि मृतक ने बैंक से 11 लाख रुपये का कर्जा ले लिया था और उनके होटल का कारोबार पिछले कुछ समय से सही तरीके से नहीं चल रहा था जिसके चलते रामा जबरदस्त तनाव में थे, उनके होटल में सिलेंडर की आपूर्ति को लेकर कोई समस्या नहीं थी।
(इनपुट- टी राघवन)
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक)
(यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
ये भी पढ़ें- नोएडा के युवराज जैसा एक और कांड! नगर निगम की लापरवाही से खुले नाले में गिरा युवक; CCTV में कैद हुई घटना
Latest India News