बेंगलुरु: सिलिकॉन सिटी के नाम से मशहूर कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरु में सड़कों पर तेज रफ्तार भरते बेलगाम वाहनों ने एक हंसते-खेलते परिवार की खुशियां छीन ली। मंगलवार राजाजीनगर में एक तेज़ रफ़्तार बाइक की टक्कर से 26 साल की एक महिला की मौत हो गई। महिला कर्मचारी एक प्राइवेट बैंक में काम करती थी और वह लंच लेने के लिए दफ्तर से बाहर निकली थी।
HDFC बैंक में काम करती थी महिला
जानकारी के मुताबिक 26 साल की योगेश्वरी नाम की महिला HDFC बैंक में काम करती थी। वह राजाजी नगर स्थित ब्रांच में तैनात थी। पुलिस से मिली जानकारी के मुताबिक हादसा मंगलवार दोपहर करीब 12:45 बजे उस वक्त हुआ जब वह लंच लेने के लिए जा रही थी। जानकारी के मुताबिक योगेश्वरी HDFC होम लोन ऑफिस के सामने सड़क पार कर रही थी, उसी वक्त एक तेज रफ्तार बाइक ने उसे जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि योगेश्वरी सड़क पर कई फीट दूर जा गिरीं।
इलाज के दौरान तोड़ा दम
बाइक की भीषण टक्कर और सड़क पर गिरने से योगेश्वरी को गंभीर चोटें आईं। हादसे के तुरंत बाद स्थानीय लोगों और पुलिस की मदद से योगेश्वरी को पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया। लेकिन गंभीर अंदरुनी चोटों और ज्यादा रक्तस्राव के चलते उन्होंने इलाज के दौरान रात 11.30 बजे दम तोड़ दिया। पुलिस ने बाइक सवार के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली है और मामले की आगे की जांच जारी है।
हादसे का सीसीटीवी फुटेज आया सामने
वहीं इस हादसे का रोंगटे खड़ा कर देने वाला सीसीटीवी फुटेज सामने आया है। इस फुटेज में बाइक सवार को लापरवाही से वाहन चलाते हुए देखा जा सकता है। बाइक की रफ्तार काफी तेज थी। सीसीटीवी में साफ नजर आ रहा है कि सड़क की डिवाइडर के पास योगेश्वरी और एक अन्य महिला सड़क पार करने की कोशिश कर रहे हैं। इसी दौरान योगेश्वरी जब सड़क को क्रॉस करने लगती है तभी काफी तेज रफ्तार में एक बाइक आती है और योगेश्वरी को टक्कर मार देती है। बाइक की टक्कर लगते ही योगेश्वरी हवा में उछल जाती है और दूर जा गिरती है। वहीं बाइक सवार भी गिर जाता है। इसके बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ लग जाती है।
हादसे से स्थानीय लोगों में रोष
इस घटना के बाद इलाके के निवासियों और बैंक कर्मचारियों में गहरा रोष है। राजाजीनगर जैसे व्यस्त इलाकों में दोपहर के समय भी वाहन चालक गति सीमा का पालन नहीं करते। यहां बेलगाम तरीके से लोग तेज रफ्तार में गाड़ियां चलाते हैं जिससे पैदल चलने वाले लोगों में हादसे का खौफ बना रहता है।
Latest India News