Bidar Woman Death News: कर्नाटक के बीदर जिले में एक महिला ने खुदकुशी कर ली, महिला के पिता ने आरोप लगाया कि ससुराल के लोग महिला को वेश्यावृत्ति में धकेलने का दबाव बना रहे थे, जिसके चलते उसने अपनी जान दे दी। जिले के बसव कल्याण पुलिस स्टेशन में इस संबंध में मामला दर्ज किया गया है। इस घटना से इलाके में सनसनी है और वह ससुराल वालों के आचरण पर सवाल उठा रहे हैं। जानें बीदर में शादीशुदा महिला की खुदकुशी का ये पूरा मामला क्या है।
अंजनबाई के पति और सास-ससुर पर केस दर्ज
जान लें कि ये घटना बीते शुक्रवार दोपहर में घटी। 25 साल की अंजनबाई शेखर पाटिल ने अपने पति के घर फांसी लगाकर खुदकुशी कर ली। महिला के पिता विजय कुमार ने महिला के पति शेखर पाटिल, सास अरुणाबाई और ससुर चंद्रकांत पाटिल के खिलाफ शिकायत दर्ज करवाई है।
पति के देर से आने को लेकर हुआ था विवाद
विजय कुमार ने बताया कि उनकी बेटी अंजनाबाई की शादी 2022 में शेखर से हुई थी। पीड़िता का पति, शेखर, पानी पूरी बेचने का काम करता था और बहुत देर से घर लौटता था। जब अंजनाबाई ने उससे जल्दी घर आने को कहा, तो इस बात पर झगड़े होने लगे। सास और ससुर कथित तौर पर उससे लगातार झगड़ा करते थे, यह कहते हुए कि उसे खाना बनाना नहीं आता और वह 'अच्छी नहीं है।'
सास पर लगा वेश्यावृत्ति में धकेलने का आरोप
शिकायतकर्ता ने बताया कि बेटी ने एक बार उन्हें फोन करके बताया था कि उसकी सास एक 'अवैध संबंध' में शामिल है और अंजनाबाई पर वेश्यावृत्ति में शामिल होने का दबाव डाल रही थी। इसकी वजह से महिला की खुदकुशी मामले में ससुराल वालों पर शक गहरा गया है।
पिता ने किया बेटी को प्रताड़ित करने का दावा
शिकायतकर्ता का आरोप है कि उनकी बेटी ने आत्महत्या इसलिए की क्योंकि वह अपने पति और ससुराल वालों की ओर से मानसिक-शारीरिक उत्पीड़न और अवैध गतिविधियों में शामिल होने के दबाव को और बर्दाश्त नहीं कर पाई। फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामले की जांच शुरू कर दी है।
डिस्क्लेमर: प्रशिक्षित और मान्यता प्राप्त मानसिक स्वास्थ्य (मेंटल हेल्थ) परामर्शदाताओं से परामर्श और सहायता प्राप्त करने के लिए टोल-फ्री हेल्पलाइन नंबर 14416 या 1800-891-4416 डायल करें।
या
TISS Icall 022-25521111 (सोमवार-शनिवार: सुबह 8 बजे से रात 10 बजे तक) (यदि आपको सहायता की आवश्यकता है या आप किसी ऐसे व्यक्ति को जानते हैं जिसे सहायता की आवश्यकता है, तो कृपया अपने निकटतम मानसिक स्वास्थ्य विशेषज्ञ से संपर्क करें।)
ये भी पढ़ें- फरीदाबाद जेल में बंद आतंकी अब्दुल रहमान की हत्या, रची थी अयोध्या को दहलाने की साजिश
Latest India News