नई दिल्ली: दुबई से दिल्ली आ रही Emirates की फ्लाइट EK517 के उतरते समय विमान से एक पक्षी टकरा गया। शुक्रवार को हुई इस घटना के बाद विमान की जांच और जरूरी मरम्मत की जरूरत पड़ी, जिसके चलते दिल्ली से दुबई जाने वाली वापसी की उड़ान में देरी हो गई है। एमिरेट्स के मुताबिक, 17 अक्टूबर को हुई इस घटना के बाद यात्रियों की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए विमान की जरूरी मरम्मत की जा रही है। इसके अलावा प्रभावित यात्रियों के लिए होटल में ठहरने की व्यवस्था भी की जा रही है।
18 अक्टूबर सुबह 7 बजे उड़ान भरने की उम्मीद
Emirates ने अपने बयान में बताया कि विमान की मरम्मत के कारण दिल्ली से दुबई जाने वाली फ्लाइट EK517 अब 18 अक्टूबर को दिल्ली के स्थानीय समय के मुताबिक सुबह 7 बजे रवाना होने की उम्मीद है। एयरलाइन ने यात्रियों को हुई असुविधा के लिए माफी भी मांगी है। कंपनी ने कहा,
'हमारे यात्रियों और चालक दल की सुरक्षा सबसे ज्यादा महत्वपूर्ण है और इससे किसी भी तरह का समझौता नहीं किया जाएगा।'
यात्रियों को हुई परेशानी को देखते हुए होटल में ठहरने की व्यवस्था की जा रही है।
सऊदी अरब जाने वाली उड़ानों पर एयर इंडिया का प्रतिबंध बढ़ा
इस बीच, एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस ने सऊदी अरब के जेद्दा, रियाद और दम्माम आने-जाने वाली उड़ानों का अस्थायी निलंबन 24 अक्टूबर 2026 तक बढ़ा दिया है। एयरलाइंस ने यह फैसला पश्चिम एशिया में हूती विद्रोहियों के हमलों के बीच लिया है। इस फैसले से इन शहरों की यात्रा करने वाले यात्रियों की योजनाएं प्रभावित हो सकती हैं। दोनों एयरलाइंस ने यात्रियों को राहत देने के लिए टिकट की तारीख बदलने और उपलब्धता के आधार पर दूसरे विकल्पों से यात्रा करने की सुविधा देने की जानकारी दी है।
किन यात्रियों को टिकट की तारीख बदलने की मिलेगी सुविधा?
एयर इंडिया की यात्रा संबंधी सलाह के मुताबिक, 15 अक्टूबर 2026 या उससे पहले जारी किए गए टिकट, जिनकी यात्रा की तारीख 9 से 25 अक्टूबर 2026 के बीच है, उन पर एक बार बिना अतिरिक्त शुल्क के तारीख बदली जा सकती है। यह सुविधा 10 नवंबर 2026 तक की यात्रा के लिए उपलब्ध होगी। यह नियम एयर इंडिया और एयर इंडिया एक्सप्रेस की पात्र बुकिंग पर लागू होगा। एयरलाइन ने कहा कि मौजूदा हालात को देखते हुए वह यात्रियों को यात्रा की योजनाओं में ज्यादा से ज्यादा लचीलापन देने की कोशिश कर रही है।
दूसरे GCC शहर से यात्रा का भी विकल्प
एयर इंडिया ने बताया कि जिन यात्रियों की बुकिंग पात्रता के दायरे में आती है और जो अपनी मूल यात्रा वाले मार्ग पर बाद की तारीख में दोबारा बुकिंग नहीं कराना चाहते, वे खाड़ी सहयोग परिषद (GCC) क्षेत्र के किसी दूसरे ऐसे शहर से यात्रा करने का विकल्प चुन सकते हैं, जहां संबंधित एयरलाइन की उड़ान उपलब्ध हो। हालांकि, यह सुविधा सीटों की उपलब्धता पर निर्भर करेगी। यात्रियों को सलाह है कि टिकट में बदलाव या वैकल्पिक शहर से यात्रा की बुकिंग करने से पहले अपनी संबंधित एयरलाइन से नियमों और उपलब्ध विकल्पों की पुष्टि कर लें। (ANI से इनपुट्स के साथ)
ये भी पढ़ें: जयपुर एयरपोर्ट पर प्लेन हाईजैक अलर्ट के बाद इमरजेंसी लैंडिंग, फ्रैंकफर्ट से दिल्ली आ रही थी फ्लाइट
Latest India News