ब्रिक्स सम्मेलन के लिए भारत पहुंचे व्लादिमीर पुतिन, शी जिनपिंग भी जल्द आएंगे, पढ़िए हर अपडेट Live
BRICS समिट में शामिल होने के लिए रूसी राष्ट्रपति पुतिन दिल्ली पहुंच गए हैं। सम्मेलन से पहले आज पीएम मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच अहम बैठक होगी। इस बैठक में सुखोई 57, क्रूड ऑयल और लोकल करेंसी में कारोबार को बढ़ावा देने पर हो डील सकती है।

दिल्ली में ब्रिक्स समिट का काउंटडाउन शुरू हो चुका है। दिल्ली में मेहमानों के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो चुका है। ब्रिक्स के 11 सदस्य देशों के साथ साथ 12 देशों को भी समिट का न्योता भेजा गया है और उनके प्रतिनिधि इस समिट के लिए दिल्ली आ रहे हैं। अब पूरी दुनिया की निगाहें दिल्ली पर टिक गई हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन दिल्ली पहुंच चुके हैं। पुतिन का प्लेन आज तड़के करीब तीन बजे पालम एयरफोर्स स्टेशन पर पहुंचा। पुतिन ब्रिक्स समिट के लिए भारत आए हैं लेकिन उससे पहले आज 11 सितंबर को प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी और राष्ट्रपति पुतिन के बीच अहम मुलाकात और बातचीत होने वाली है।
शी जिनपिंग कल दिल्ली पहुंचेंगे
दिल्ली में ब्रिक्स सम्मेलन के लिए राष्ट्राध्यक्षों के पहुंचने का सिलसिला जारी है। आधी रात के बाद करीब तीन बजे राष्ट्रपति पुतिन दिल्ली पहुंचे हैं। कल चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग दिल्ली पहुंचेंगे। मतलब ये कि दिल्ली में दुनिया भर के बड़े लीडर्स का जमावड़ा लग रहा है और यही वजह है कि पूरी दिल्ली को छावनी में तब्दील कर दिया गया है। चप्पे चप्पे पर नजर रखी जा रही है।
ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी आज दोपहर में दिल्ली पहुंचेंगे। पीएम मोदी के साथ उनकी शाम सवा 6 बजे द्विपक्षीय बैठक होगी। इस बैठक में मिडिल ईस्ट के हालात पर चर्चा होगी। सामने आई जानकारी के अनुसार, चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग शनिवार को भारत पहुंचेंगे। वह दिल्ली में पीएम मोदी के साथ अहम द्विपक्षीय बैठक करेंगे।
इन मुद्दों पर हो सकती है चर्चा
माना जा रहा है कि पीएम मोदी और पुतिन के बीच रणनीतिक, डिफेंस और आर्थिक संबंधों को और मजबूत करने के लिए कई मुद्दों पर सहमति बन सकती है। बातचीत में सुखोई 57 की डील, S-400 मिसाइल डिफेंस सिस्टम की डिलीवरी, क्रूड ऑयल, लोकल करेंसी में कारोबार, आतंकवाद के खिलाफ लड़ाई, स्पेस कॉपरेशन, ड्रग तस्करी पर रोक और इंटरनेशनल नॉर्थ-साउथ ट्रांसपोर्ट कॉरिडोर पर भी चर्चा हो सकती है। आइए जानते हैं इस BRICS समिट और इससे जुड़ी हर अपडेट हमारे इस Live Blog में...
Live updates : BRICS Summit 2026 Live:
-
September 11, 2026 10:18 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
BRICS इंडिया 2026 का लोगो हुआ वायरल
BRICS इंडिया 2026 का लोगो काफी वायरल हो रहा है। लोगो में कमल के फूल की पंखुड़ियां सभी BRICS सदस्य देशों के जीवंत रंगों को दर्शाती हैं। 'नमस्ते' की मुद्रा भारत की गर्मजोशी, सम्मान और मिल-जुलकर काम करने की भावना को दिखाती है। यह डिजाइन सहयोग, टिकाऊ विकास और वैश्विक सद्भाव के व्यापक BRICS विजन को दर्शाता है।
-
September 11, 2026 9:54 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
भारत का फोकस, युवा एवं महिलाओं पर
ब्रिक्स में इस बार भारत का फोकस, युवा एवं महिलाओं पर है। भारत चाहता है कि ब्रिक्स के मेंबर देशों के साथ साथ पार्टनर कंट्रीज के युवाओं और महिलाओं की ट्रेड और बिजनेस में भागीदारी बढ़े।
-
September 11, 2026 9:32 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
30 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात
BRICS समिट से पहले दिल्ली किले में तब्दील हो गई है। दिल्ली पुलिस के 15 हजार जवान सहित 30 हजार सुरक्षाकर्मी सुरक्षा में तैनात किए गए है।
-
September 11, 2026 9:08 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री एक ही बस में साथ यात्रा करेंगे
BRICS सम्मेलन के लिए अलग-अलग राज्यों के मुख्यमंत्री और केंद्रीय मंत्री एक ही बस में साथ यात्रा करेंगे। 'भारत मंडपम' जाने से पहले सभी नेता संसद भवन में इकट्ठा होंगे। सूत्रों के मुताबिक, यह कदम ट्रैफिक को सुचारू रूप से चलाने और आम जनता को होने वाली परेशानी को कम करने के लिए उठाया गया है।
-
September 11, 2026 9:08 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
रूस के विदेश मंत्री भारत पहुंचे
रूस के विदेश मंत्री सर्गेई लावरोव ब्रिक्स समिट 2026 में हिस्सा लेने के लिए कल रात भारत पहुंचे।
-
September 11, 2026 9:05 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
AIIB की प्रेसिडेंट नई दिल्ली में
एशियन इंफ्रास्ट्रक्चर इन्वेस्टमेंट बैंक (AIIB) की प्रेसिडेंट ज़ू जियायी, नई दिल्ली में 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में हिस्सा लेने के लिए भारत पहुंचीं।
-
September 11, 2026 9:04 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
नाइजीरिया की विदेश मंत्री भारत पहुचीं
नाइजीरिया की विदेश मंत्री बियांका ओडुमेग्वु-ओजुकु 18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में शामिल होने के लिए दिल्ली पहुंचीं। बेलारूस, बोलीविया, क्यूबा, कजाकिस्तान, मलेशिया, थाईलैंड, युगांडा, उज्बेकिस्तान और वियतनाम के साथ-साथ नाइजीरिया के पास भी ब्रिक्स पार्टनर देश का दर्जा है।
-
September 11, 2026 8:27 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
भारत और रूस के बीच हो सकती है बड़ी डील
पीएम मोदी की जब पुतिन से मुलाकात होगी तो बड़ी डिफेंस डील फाइनल हो सकती है। रूस हथियारों की सप्लाई के मामले में भारत का भरोसमंद पार्टनर रहा है। अब भारत रूस से सुखोई-57 स्टील्थ फाइटर जेट और S-500 एयर डिफेंस सिस्टम की खरीद को लेकर एग्रीमेंट करना चाहता है। रूस ने इस डील पर मुहर लगने के संकेत दिए हैं।
-
September 11, 2026 8:02 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पीएम मोदी ने BRICS समिट के लिए किया ट्वीट
पीएम मोदी ने शुक्रवार को ट्वीट कर के कहा- अगले कुछ दिनों में दुनियाभर के नेता BRICS समिट के लिए जुटेंगे। पूर्ण विश्वास है कि सम्मेलन में विश्व कल्याण की कामना के साथ विभिन्न मुद्दों पर सकारात्मक और सार्थक चर्चा होगी।
-
September 11, 2026 7:56 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
इन देशों को भी मिला न्योता
ब्रिक्स शिखर सम्मेलन में 11 मेंबर देशों के साथ इस बार भारत ने बांग्लादेश, कज़ाख़िस्तान, उज़्बेकिस्तान, बेलारूस, थाईलैंड, मलेशिया, नाइजीरिया, युगांडा, बोलीविया और क्यूबा के नेताओं को भी बुलाया है।यूनाइटेड नेशंस के जनरल सेक्रेटरी एंटोनियो गुटेरस भी दिल्ली आएंगे। इसलिए अगले तीन दिन तक दिल्ली ग्लोबल डिप्लोमेसी का सबसे बड़ा सेंटर रहेगी।
-
September 11, 2026 7:26 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
मसूद पेजेश्कियान भी ब्रिक्स मीटिंग में आ रहे हैं
जिनपिंग और पुतिन के अलावा ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेजेश्कियान भी ब्रिक्स मीटिंग के लिए भारत आ रहे हैं...पिछले महीने SCO समिट के दौरान भी मसूद पेज़ेश्कियान और मोदी की मुलाकात हुई थी...
-
September 11, 2026 7:18 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
जिनपिंग 7 साल बाद आ रहे हैं भारत
BRICS समिट में 11 पूर्ण कालिक सदस्य और कई सहयोगी देश के राष्ट्राध्यक्ष हिस्सा ले रहे हैं। लेकिन सबकी नजरें चीनी राष्ट्रपति शी जिनपिंग के दौरे पर हैं। जिनपिंग 7 साल बाद भारत आ रहे हैं। इससे पहले वो 2019 में आए थे।
-
September 11, 2026 7:14 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
AI और इनोवेशन पर रहेगा जोर
इसके अलावा ब्रिक्स की बैठक में इकोनॉमिक co-operation और इनोवेशन बढ़ाने, आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और डिजिटल co-operation पर भी बात होगी।
-
September 11, 2026 7:11 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
BRICS की थीम आई सामने
BRICS मीटिंग की इस साल की थीम है Building for Resilience, Innovation, Cooperation and Sustainability. इस थीम के तहत BRICS देश ट्रेड, कॉमर्स और बिजनेस बढ़ाने पर चर्चा करेंगे।
-
September 11, 2026 6:57 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
MoS कीर्तिवर्धन सिंह ने किया पुतिन का स्वागत
विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया- "18वें ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के लिए रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का गर्मजोशी से स्वागत है। हवाई अड्डे पर केंद्रीय मंत्री और गोंडा के सांसद कीर्तिवर्धन सिंह ने उनकी अगवानी की। भारत और रूस के बीच बहुआयामी और लंबे समय से चले आ रहे संबंध हैं, जो 'विशेष और विशेषाधिकार प्राप्त रणनीतिक साझेदारी' पर आधारित हैं।"
-
September 11, 2026 6:47 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
पीएम मोदी और पुतिन की होगी मुलाकात
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन का विमान दिल्ली के पालम एयरपोर्ट पर उतरा। इसके बाद उनका काफिला एयरपोर्ट से रवाना हुआ। अपनी यात्रा के दौरान, पुतिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से बातचीत करेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।
-
September 11, 2026 6:35 AM (IST) Posted by Subhash Kumar
व्लादिमीर पुतिन भारत पहुंचे
रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन 2026 के ब्रिक्स शिखर सम्मेलन से पहले भारत पहुंचे हैं। अपनी यात्रा के दौरान, वह प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के साथ बातचीत करेंगे और कई द्विपक्षीय बैठकें भी करेंगे।