नई दिल्ली में चल रहे 18वें BRICS शिखर सम्मेलन का आज दूसरा और बेहद अहम दिन है। दुनिया के कई बड़े नेता आज भारत मंडपम पहुंचेंगे। यहां BRICS के साझेदार और आमंत्रित देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शासनाध्यक्षों की मौजूदगी में वैश्विक मुद्दों पर चर्चा होगी।
कार्यक्रम की शुरुआत सुबह करीब 9:55 बजे भारत मंडपम में नेताओं और मंत्रियों के पहुंचने से होगी। इसके बाद सुबह 10:35 बजे सभी नेताओं की फैमिली फोटो होगी। सुबह 10:50 बजे शिखर सम्मेलन का ओपन सेशन शुरू होगा।
इस सत्र की थीम 'लचीलेपन, नवाचार, सहयोग और सतत विकास के जरिए समावेशी वैश्विक विकास का भविष्य' रखी गई है। इस दौरान नेता वैश्विक विकास, आर्थिक सहयोग, नवाचार और सतत विकास जैसे मुद्दों पर अपने विचार रखेंगे।
PM मोदी की कई देशों के नेताओं से मुलाकात
शिखर सम्मेलन के दूसरे दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की कई देशों के राष्ट्राध्यक्षों और शीर्ष नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें भी होंगी। प्रधानमंत्री मोदी दोपहर 2:30 बजे कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मीटिंग करेंगे। इसके बाद 3 बजे फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर, 3:30 बजे मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी और शाम 4:10 बजे दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ बैठक होगी। इसके अलावा शाम 4:40 बजे बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये, 5:10 बजे नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा और 5:40 बजे युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो के साथ भी प्रधानमंत्री मोदी की बैठक प्रस्तावित है। इन मुलाकातों में दोनों देशों के बीच व्यापार, निवेश, रणनीतिक सहयोग, क्षेत्रीय शांति और वैश्विक मुद्दों पर बातचीत होने की उम्मीद है।
पीएम मोदी की आज होने वाली द्विपक्षीय बैठकें
- दोपहर 2:30 बजे: कजाकिस्तान के राष्ट्रपति कासिम-जोमार्ट टोकायेव से मीटिंग।
- दोपहर 3:00 बजे: फिलीपींस के राष्ट्रपति फर्डिनेंड आर. मार्कोस जूनियर के साथ बैठक।
- दोपहर 3:30 बजे: मिस्र के राष्ट्रपति अब्देल फतह अल-सीसी से मीटिंग।
- शाम 4:10 बजे: दक्षिण अफ्रीका के राष्ट्रपति सिरिल रामाफोसा के साथ द्विपक्षीय बैठक।
- शाम 4:40 बजे: बुरुंडी के राष्ट्रपति एवरिस्ट नदायिशिमिये से मीटिंग।
- शाम 5:10 बजे: नाइजीरिया के उपराष्ट्रपति सीनेटर काशिम शेट्टिमा के साथ बैठक।
- शाम 5:40 बजे: युगांडा की उपराष्ट्रपति जेसिका अलुपो से मीटिंग।
पहले दिन भी रही भारत की कूटनीतिक सक्रियता
BRICS सम्मेलन के पहले दिन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कई बड़े नेताओं के साथ द्विपक्षीय बैठकें कीं। चीन के राष्ट्रपति शी जिनपिंग के साथ भारत-चीन संबंधों और सीमा से जुड़े मुद्दों पर चर्चा हुई, जबकि रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के साथ रणनीतिक साझेदारी और व्यापार को लेकर बातचीत हुई।
पहले दिन आयोजित गाला डिनर में भारतीय संस्कृति और विरासत की भी शानदार झलक देखने को मिली। वहीं, मलेशिया के प्रधानमंत्री अनवर इब्राहिम ने किशोर कुमार का गीत गाकर माहौल को और खास बना दिया।
नई दिल्ली घोषणा-पत्र पर बनी सहमति
BRICS सम्मेलन के पहले दिन सबसे अहम उपलब्धियों में नई दिल्ली घोषणा-पत्र को माना गया। इसमें आतंकवाद, वैश्विक संघर्ष, व्यापार और बहुपक्षीय व्यवस्था जैसे महत्वपूर्ण मुद्दों पर BRICS देशों ने साझा रुख सामने रखा।
भारत की मेजबानी में हो रहे इस सम्मेलन में प्रधानमंत्री मोदी की सक्रिय कूटनीति भी साफ नजर आ रही है। अलग-अलग देशों के नेताओं के साथ लगातार हो रही बैठकों के जरिए भारत व्यापार, रणनीतिक साझेदारी और वैश्विक सहयोग को मजबूत करने पर जोर दे रहा है।
आज सम्मेलन के दूसरे दिन भी दुनिया की नजर भारत मंडपम पर रहेगी, जहां BRICS देश और आमंत्रित राष्ट्र वैश्विक विकास और सहयोग से जुड़े कई अहम मुद्दों पर आगे की दिशा तय करने की कोशिश करेंगे।
ये भी पढ़ें-
मोदी-जिनपिंग की मुलाकात, साझा घोषणापत्र और गाला डिनर, BRICS समिट के पहले दिन की 10 बड़ी बातें
क्या BRICS बदलना चाहता है ग्लोबल सिस्टम? UN से लेकर IMF-WTO तक में सुधार की मांग
Latest India News