A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. ताश के पत्तों की तरह गिर गया पुल, ऊपर से गुजर रहा था डंपर; हादसे का CCTV फुटेज आया सामने

ताश के पत्तों की तरह गिर गया पुल, ऊपर से गुजर रहा था डंपर; हादसे का CCTV फुटेज आया सामने

किन्नौर में मंगलवार की सुबह एक पुल अचानक से गिर गया। हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। हालांकि गनीमत रही कि इस हादसे में कोई हताहत नहीं हुआ है।

ओवरलोडिंग की वजह से गिरा पुल।- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT ओवरलोडिंग की वजह से गिरा पुल।

हिमाचल प्रदेश के किन्नौर जिले के उरनी क्षेत्र से एक बड़े हादसे की खबर सामने आई है। मंगलवार सुबह क्षेत्र में एक लोहे का पुल अचानक ताश के पत्तों की तरह ढह गया। जिस समय यह हादसा हुआ, उस वक्त पुल के ऊपर से एक डंपर गुजर रहा था। पुल टूटने के साथ ही वो डंपर भी सीधे नीचे जा गिरा। मामला मंगलवार सुबह का है। हालांकि इस हादसे में किसी के हताहत होने की खबर सामने नहीं आई है। वहीं अब पुल टूटने का CCTV फुटेज भी सामने आया है। हालांकि, इस भयानक हादसे में डंपर चालक पूरी तरह सुरक्षित है।

धमाके की आवाज के साथ टूटा पुल

स्थानीय लोगों ने बताया कि धमाके की आवाज के साथ उन्होंने पुल को टूटते हुए देखा। यह नजारा देख मौके पर मौजूद लोगों में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। हालांकि अभी तक किसी भी तरह के जानी नुकसान की कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है, जो कि एक बेहद राहत की बात है। घटना के बाद प्रशासन ने एहतियात के तौर पर इस मार्ग पर वाहनों की आवाजाही रोक दी है। बता दें कि चोलिंग पुल एकांगी क्षेत्र से करीब 24 किलोमीटर पहले स्थित है। ये पुल लाहोल स्पीति के काजा और शिमला जिला को किन्नौर से जोड़ता था। ये पुल टूटने से तीन जिलों का संपर्क प्रभावित हुआ है।

ओवरलोडिंग की वजह से हुआ हादसा

वहीं एनएचएआई भावानगर के सहायक अभियंता उमेश लारजू ने बताया कि पुल पर ओवरलोड वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित थी। इसके लिए बाकायदा चेतावनी बोर्ड भी लगाए गए थे। प्रारंभिक जांच में रेत से लदे ओवरलोड डंपर के कारण पुल टूटने की बात सामने आई है। इस हादसे में करोड़ों रुपये के नुकसान का अनुमान लगाया जा रहा है।  

सीसीटीवी फुटेज आया सामने

हादसे का सीसीटीवी फुटेज भी सामने आया है। वीडियो में क्षतिग्रस्त पुल और नीचे गिरते हुए देखा जा सकता है। इसमें देखा जा सकता है कि जिस समय पुल नीचे गिरा, उस समय उसपर एक डंपर भी जा रहा था। वीडियो में उसके ठीक पहले एक और डंपर को जाते हुए देखा जा रहा है। इसी दौरान दूसरे डंपर के गुजरते ही पुल भरभराकर नीचे गिर गया।

बदला गया रूट

घटना की सूचना मिलते ही टापरी थाना पुलिस की टीम मौके के लिए रवाना हो गई। प्रशासन द्वारा पुल टूटने के कारण क्षेत्र में यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। रामपुर और शिमला की ओर से रिकांगपिओ, कल्पा, सांगला तथा किन्नौर के अन्य क्षेत्रों की ओर जाने वाले यात्री अब टापरी से चगांव-उरनी लिंक मार्ग होते हुए चोलिंग पहुंचकर पुनः एनएच-05 से जुड़ सकते हैं। वहीं किन्नौर से शिमला और रामपुर जाने वाले वाहन चोलिंग से उरनी-चगांव लिंक मार्ग के माध्यम से टापरी पहुंचकर आगे की यात्रा कर सकेंगे। (इनपुट- कपिल ठाकुर)

यह भी पढ़ें-

अमरनाथ यात्रा को लेकर पुलिस ने जारी की एडवाइजरी, तीर्थयात्रियों से की खास अपील; रास्ते में मिलेंगी ये सुविधाएं

Latest India News