1. Hindi News
  2. पश्चिम बंगाल
  3. VIDEO: बंगाल में TMC नेताओं की परेड, कहीं रस्सी में बांधकर घुमाया तो कहीं हाफ पैंट में निकाला जुलूस; 'चोर-चोर' के लगे नारे

VIDEO: बंगाल में TMC नेताओं की परेड, कहीं रस्सी में बांधकर घुमाया तो कहीं हाफ पैंट में निकाला जुलूस; 'चोर-चोर' के लगे नारे

 Edited By: Amar Deep @amardeepmau
 Published : Jun 23, 2026 02:12 pm IST,  Updated : Jun 23, 2026 02:12 pm IST

पश्चिम बर्धमान जिले के बर्नपुर में टीएमसी नेता सैयद इकबाल को रस्सी में बांधकर पुलिस ने परेड निकाली। वहीं दूसरी तरफ विजय सिंह उर्फ भोला सिंह को हाफ पैंट में पुलिस ने घुमाया। इस दौरान चोर-चोर के नारे भी लगाए गए।

टीएमसी नेता सैयद इकबाल और विजय सिंह की पुलिस ने निकाली परेड।- India TV Hindi
टीएमसी नेता सैयद इकबाल और विजय सिंह की पुलिस ने निकाली परेड। Image Source : REPORTER INPUT

पश्चिम बर्धमान जिले के बर्नपुर में मंगलवार सुबह गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेता सैयद इकबाल को आसनसोल-दुर्गापुर पुलिस कमिश्नरेट की हिरापुर थाना पुलिस ने कमर में रस्सी बांधकर इलाके में घुमाया। बताया गया कि रविवार देर रात बर्नपुर निवासी सैयद इकबाल को धोखाधड़ी और अवैध हथियार रखने के आरोप में गिरफ्तार किया गया था। सोमवार को उन्हें आसनसोल अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उनकी जमानत याचिका खारिज करते हुए सात दिनों की पुलिस हिरासत का आदेश दिया।

रस्सी से बांधकर निकाला जुलूस

जानकारी के अनुसार, 20 जून को हिरापुर थाने में सैयद इकबाल के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई थी। उसी मामले की जांच के दौरान पुलिस ने उन्हें गिरफ्तार किया। पुलिस इस मामले में संलिप्त होने के संदेह में अन्य कई लोगों की भी तलाश कर रही है। मंगलवार सुबह पुलिस सैयद इकबाल को बर्नपुर के सुभाष पल्ली से रहमत नगर मोड़ तक कमर में रस्सी बांधकर लेकर गई। इस दौरान पूरे इलाके में भारी हलचल मच गई और बड़ी संख्या में लोग सड़क पर निकलकर यह दृश्य देखने के लिए जुट गए।

विजय सिंह को हाफ पैंट में घुमाया

एक अन्य मामला सालानपुर क्षेत्र से सामने आया है। मंगलवार सुबह पुलिस हिरासत में मौजूद तृणमूल कांग्रेस नेता विजय सिंह उर्फ भोला सिंह को हाफ पैंट पहनाकर सड़क पर पैदल ले जाने की घटना से रूपनारायणपुर इलाके में हड़कंप मच गया। जानकारी के अनुसार, सालानपुर ब्लॉक तृणमूल कांग्रेस के सह-अध्यक्ष विजय सिंह उर्फ भोला सिंह को पिछले गुरुवार पत्थर खदान से जुड़े एक मामले में सालानपुर थाना पुलिस ने गिरफ्तार किया था। शुक्रवार को उन्हें अदालत में पेश किया गया, जहां अदालत ने उन्हें छह दिन की पुलिस हिरासत में भेजने का आदेश दिया।

चोर-चोर के लगाए गए नारे

मंगलवार सुबह पुलिस हिरासत के दौरान रूपनारायणपुर फाड़ी की पुलिस उन्हें रूपनारायणपुर बस स्टैंड से सब्जी बाजार तक पैदल लेकर गई। इस दौरान उन्होंने सामान्य हाफ पैंट पहन रखी थी और उनके चारों ओर भारी पुलिस बल तैनात था। आरोपी को इस तरह सड़क पर ले जाते समय वहां मौजूद लोगों के एक वर्ग ने "चोर-चोर" के नारे भी लगाए। इस घटना से पूरे इलाके में चर्चा और उत्सुकता का माहौल बन गया। इस कार्रवाई का भारतीय जनता पार्टी के स्थानीय नेताओं ने समर्थन किया है। भाजपा नेता बाबन मंडल और सालानपुर मंडल-4 के अध्यक्ष चिन्मय तिवारी ने कहा कि तृणमूल शासन के दौरान विजय सिंह उर्फ भोला सिंह के कथित अत्याचारों से लोग परेशान थे। 

टीएमसी नेताओं के खिलाफ कार्रवाई

गौरतलब है कि राज्य में राजनीतिक परिवर्तन के बाद से पश्चिम बंगाल के विभिन्न हिस्सों में गिरफ्तार तृणमूल कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं को कभी हाफ पैंट पहनाकर तो कभी कमर में रस्सी बांधकर घटनास्थल या इलाके में ले जाने की घटनाएं सामने आती रही हैं। फिलहाल, पुलिस की ओर से इस कार्रवाई को लेकर कोई आधिकारिक विस्तृत बयान जारी नहीं किया गया है। (इनपुट- बिज्जु मंडल)

यह भी पढ़ें- 

लखनऊ अग्निकांड: कोचिंग सेंटर में कैसे हो गया इतना बड़ा हादसा, आखिर कहां-कहां थी गड़बड़ियां? जानें सबकुछ

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। पश्चिम बंगाल से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।