आशा और आकांक्षाओं का बजट... CM योगी सहित बीजेपी के नेताओं की क्या रहीं प्रतिक्रियाएं?
Budget 2026: बजट को लेकर सत्ता पक्ष के नेताओं की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। सत्ता पक्ष के नेता इसे आशाओं का बजट बता रहे हैं।

Budget 2026: केंद्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने 9वां केंद्रीय बजट पेश कर दिया है। इसे लेकर सत्ता पक्ष यानी भारतीय जनता पार्टी (BJP) के नेताओं की प्रतिक्रियाएं आनी शुरू हो गई हैं। सत्ता पक्ष के नेता इसे आशाओं का बजट बता रहे हैं। आइए जानते हैं बजट पेश होने के बाद किस नेता ने क्या कहा है?
बजट पर क्या बोले CM योगी?
बजट पर बोलते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा, "आशा और आकांक्षाओं का प्रतीक ये बजट है, जिसमें नए भारत और विकसित भारत की संकल्पना की दृष्टि स्पष्ट दिखाई देती है...आयुष और स्वास्थ्य क्षेत्र पर जोर देना, महिलाओं के लिए हर जनपद में छात्रावास के निर्माण की व्यवस्था, नौजवानों के लिए हर क्षेत्र में अवसर के साथ-साथ अलग-अलग क्षेत्र में रिफॉर्म का बजट पेश किया गया है। भारत की अर्थव्यवस्था को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए ये बजट मददगार साबित होगा।"
"विकसित भारत की रखी गई नींव"
बजट पर बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने कहा, "केंद्रीय वित्त मंत्री ने तीन 'कर्तव्यों', हाई-स्पीड रेल परियोजनाओं की स्थापना, मेडिकल इंफ्रास्ट्रक्चर और अस्पतालों के बारे में बात की है... मैं विकसित भारत की नींव रखने के लिए प्रधानमंत्री मोदी और केंद्रीय वित्त मंत्री को धन्यवाद देता हूं और उन्हें बधाई देता हूं।"
"बजट की क्वालिटी देख घबरा गया है विपक्ष"
मध्य प्रदेश के डिप्टी सीएम जगदीश देवड़ा ने कहा, "यह बजट जनता को समर्पित है... यह इतना शानदार बजट है कि विपक्ष इसके खिलाफ सिर्फ इसलिए बोल रहा है, क्योंकि वे इसकी क्वालिटी देखकर घबरा गए हैं।" उन्होंने कहा, "किसान, युवा, महिलाएं, मुझे लगता है कि किसी को भी नजरअंदाज नहीं किया गया है। सभी क्षेत्रों को बजट में पूरी तरह से शामिल किया गया है।"
"विकसित भारत का रोडमैप है यह बजट"
बीजेपी सांसद कमलजीत सहरावत ने कहा, "आज का बजट 'विकसित भारत' और देश की सांस्कृतिक विरासत को ध्यान में रखकर बनाया गया है। बजट में भारत को बायो-फार्मा और मेडिकल टूरिज्म हब के रूप में स्थापित करने की बात कही गई है। साथ ही, पर्यटन गलियारों की घोषणा की गई है। यह बजट विकसित भारत के लिए एक स्पष्ट रोडमैप पेश करता है।"
आशाओं का बजट है- दिनेश शर्मा
भाजपा सांसद और उत्तर प्रदेश के पूर्व उपमुख्यमंत्री दिनेश शर्मा ने कहा, "यह आशाओं का बजट है... यह एक दूरदर्शी बजट है जो शिक्षा, स्वास्थ्य सेवा, बुनियादी ढांचे, रेलवे और पर्यटन विकास पर केंद्रित है। यह बजट वित्तीय समृद्धि की नींव रखेगा।"
बदल गया है विकास का गियर- बैजयंत पांडा
भाजपा सांसद बैजयंत पांडा ने कहा, "इस बजट के साथ, विकास का गियर बदल गया है। यह रोजगार सृजन, महंगाई कम करने और सबसे तेजी से बढ़ती बड़ी अर्थव्यवस्था बनने की दिशा में अब तक किए गए प्रयासों को और आगे ले जाएगा।"
ये भी पढ़ें-
Budget 2026: बीड़ी-सिगरेट को लेकर बजट से क्या जानकारी सामने आई, सस्ता होगा या महंगा?
Budget 2026: बजट में शराब को लेकर हुआ बड़ा ऐलान, जानें सस्ती हुई या महंगी