1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारने के आरोप में एम. करुणानिधि की पोती पर केस दर्ज, घटना CCTV में कैद

बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारने के आरोप में एम. करुणानिधि की पोती पर केस दर्ज, घटना CCTV में कैद

तमिलनाडु के दिवंगत मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की पोती कयलविझी अझागिरी के खिलाफ मामला दर्ज किया है। उन पर अपनी कमर्शियल बिल्डिंग में खराब लिफ्ट को लेकर हुई बहस के बाद स्टेट बैंक ऑफ इंडिया की NRI ब्रांच के मैनेजर को थप्पड़ मारने का आरोप है।

एम. करुणानिधि की पोती पर केस दर्ज- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT एम. करुणानिधि की पोती पर केस दर्ज

तमिलनाडु के दिवंगत मुख्यमंत्री एम. करुणानिधि की पोती और पूर्व केंद्रीय मंत्री एम.के. अझागिरी की बेटी कयलविझी अझागिरी कानूनी मुसीबत में घिर गई हैं। चेन्नई की अडयार पुलिस ने कयलविझी के खिलाफ बैंक मैनेजर को थप्पड़ मारने और डराने-धमकाने के आरोप में मामला दर्ज किया है।

यह पूरी घटना चेन्नई के अडयार स्थित एक कमर्शियल बिल्डिंग की है, जहां स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (SBI) की NRI ब्रांच है। यह बिल्डिंग कयलविझी की ही कमर्शियल प्रॉपर्टी है। सबीआई एनआरआई ब्रांच की मैनेजर हर्षिन सिंह ने बिल्डिंग में खराब पड़ी लिफ्ट को लेकर मेंटेनेंस देखने वाले व्यक्ति से शिकायत की थी।

शिकायत पहुंची मालिक तक

जब मेंटेनेंस से जुड़ी समस्या का समाधान नहीं हुआ, तो मैनेजर ने इस बात की शिकायत सीधे प्रॉपर्टी मालकिन कयलविझी अझागिरी तक पहुंचाई। इसी लिफ्ट के मुद्दे को लेकर 20 जुलाई को कयलविझी बैंक पहुंचीं। बैंक मैनेजर हर्षिन सिंह के साथ उनकी तीखी बहस हुई और गुस्से में आकर कयलविझी ने मैनेजर को थप्पड़ मार दिया। यह पूरी घटना बैंक में लगे CCTV कैमरे में साफ तौर पर रिकॉर्ड हो गई।

घटना के तुरंत बाद बैंक मैनेजर ने अपने वरिष्ठ अधिकारियों को इसकी जानकारी दी और उन्हें सीसीटीवी फुटेज भी दिखाया। इसके बाद, SBI की NRI ब्रांच के चीफ मैनेजर नामाशिवायम ने अडयार पुलिस स्टेशन में आधिकारिक शिकायत दर्ज कराई। शनिवार को यह CCTV फुटेज सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिसके बाद अडयार पुलिस ने कयलविझी अझागिरी के खिलाफ मारपीट और डराने-धमकाने की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर किया है।

पांच बार मुख्यमंत्री रहे एम. करुणानिधि

एम. करुणानिधि (3 जून 1924-7 अगस्त 2018) एक अत्यंत प्रभावशाली भारतीय राजनेता, प्रसिद्ध लेखक और तमिलनाडु के पांच बार मुख्यमंत्री रहने वाले दिग्गज नेता थे, जिन्हें उनके समर्थक प्यार से "कलाईनार" यानी कला के विद्वान कहते थे। वह द्रविड़ मुन्नेत्र कड़गम (DMK) पार्टी के लंबे समय तक अध्यक्ष रहे और उन्होंने अपने लगभग 60 साल के राजनीतिक करियर में कभी भी कोई चुनावी हार का सामना नहीं किया। राजनीति में आने से पहले उन्होंने एक तमिल पटकथा और संवाद लेखक के रूप में अपनी शुरुआत की और फिल्मों के माध्यम से द्रविड़ आंदोलन के विचारों को जन-जन तक पहुंचाया।

ये भी पढ़ें-

राहुल गांधी ने गृह मंत्री अमित शाह को लिखा पत्र, छात्रों पर हुए हमले को लेकर मांगा जवाब

प्रह्लाद जोशी ने आज से संभाला पदभार, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद बने नए शिक्षा मंत्री

Latest India News