CJP प्रदर्शन के दौरान 5 IPS समेत 180 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल, 60 प्रदर्शनकारी भी जख्मी
दिल्ली में सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान जमकर हंगामा हुआ। जगह-जगह प्रदर्शनकारियों पुलिस का आमना-सामना हुआ। प्रदर्शनकारियों को संसद की ओर बढ़ने से रोकने के लिए पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े। इस दौरान 180 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए।

नई दिल्ली: नीट पेपर लीक मामले को लेकर सोमवार को कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रदर्शन के दौरान पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच झड़प हुई। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए पुलिस ने आंसू गैस के गोले छोड़े। पुलिस ने 70 लोगों को हिरासत में भी लिया गया है। इस बीच पुलिस ने जंतर-मंतर को खाली करा लिया है। सूत्रों के मुताबिक प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में 5 आईपीएस अधिकारी समेत 180 पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दिल्ली पुलिस हमला करने वालों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कर रही है। वहीं केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से सीजेपी का एक प्रतिनिधिमंडल भी मिला और उनके सामने अपनी मांगें रखी हैं। इन मांगों में शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी शामिल है। वहीं इससे पहले संसद मार्च के दौरान सौरव दास ने एक्स पर लिखा कि अभिजीत दीपक को पुलिस ने उठा लिया है, लेकिन थोड़ी देर बाद उन्होंने खुद साफ किया कि ऐसा कुछ नहीं हुआ है। सीजेपी के प्रदर्शन के बीच बड़ी खबर ये भी है कि केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के बीच बैठक हुई है।
आज सीजेपी के प्रदर्शन के बीच एक बड़ी खबर ये भी आई कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने अपना अनशन खत्म कर दिया। सोनम वांगचुक पहले ही अपना अनशन खत्म करने के लिए कुछ शर्तें रख चुके हैं और अभी भी सफदरगंज हॉस्पिटल में एडमिट हैं।
Live updates : CJP protest Updates
-
July 20, 2026 11:04 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
दिल्ली पुलिस ने कई एफआईआर दर्ज की, 118 पुलिसकर्मी घायल
दिल्ली पुलिस ने आज के प्रोटेस्ट को लेकर कई एफआईआर दर्ज की है। ये एफआईआर पुलिसकर्मियों से मारपीट, पथराव और तोड़फोड़ को लेकर की गई है। दिल्ली पुलिस ने जानकारी देते हुए बताया कि 118 पुलिसकर्मी आज घायल हुए हैं जिसमें स्पेशल कमिशनर, ज्वाइंट कमिशनर और एडिशनल कमिशनर जैसे सीनियर पुलिस अधिकारी भी शामिल हैं। 70 प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने हिरासत में लिया है। आज हुए बवाल में 60 प्रोटेस्टर्स के भी घायल होने की खबर है। उपद्रव के दौरान 20 से ज्यादा सरकारी वाहनों को नुकसान पहुंचाया गया है।
-
July 20, 2026 10:52 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
दिल्ली पुलिस कमिश्नर आरएमएल अस्पताल पहुंचे
दिल्ली पुलिस कमिश्नर अनुराग कुमार RML पहुंचे। घायल पुलिसकर्मियों से मुलाकात की और उनका हालचाल जाना। सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान पथराव में कई पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। दिल्ली पुलिस ने आज के प्रदर्शन के मामले में कई एफआईआर दर्ज की हैं। अलग-अलग घटनाओं और शिकायतों के आधार पर अलग-अलग एफआईआर दर्ज की गई हैं। पुलिसकर्मियों के साथ मारपीट, के मामलों में एफआईआर दर्ज की गई। पुलिस पर पथराव की घटनाओं को लेकर भी केस दर्ज किया गया। ड्यूटी के दौरान पुलिसकर्मियों को लगी चोटों के संबंध में भी एफआईआर दर्ज की गई है। प्रदर्शन के दौरान हुई हिंसा और सरकारी कार्य में बाधा डालने के मामलों की भी जांच जारी है।
-
July 20, 2026 10:05 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
किसी भी प्रदर्शनकारी को नहीं रोकेगी पुलिस
दिल्ली पुलिस जंतर मंतर पर प्रोटेस्ट करने वाले किसी भी प्रदर्शनकारी को नहीं रोकेगी,अगर कोई लॉ एंड ऑर्डर में बाधा डालेगा,उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई होगी। हालांकि दिल्ली पुलिस की कोशिश है कि प्रदर्शनकारियों को बुराड़ी ग्राउंड पर शिफ्ट किया जाए,इसकी संभावनाएं काफी कम है,क्योंकि प्रदर्शनकारी नहीं मानेंगे।
-
July 20, 2026 10:05 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
जंतर-मंतर पर अचानक भीड़ बढ़ गई
अभिजीत दीपके जो अभी से पहले तक केरला हाउस के बाहर था, वो अब अपने समर्थकों के साथ मंच पर आ गया है। लाइट नहीं, अंधेरे में सभी लोग मंच पर हैं। कुल 400- 500 लोग है। जंतर मंतर के आस पास जितने भी लोग थे, उन सभी को मंच जे पास आने दिया जा रहा है। अचानक से भीड़ बढ़ गयी है।
-
July 20, 2026 9:01 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
सोनम वांगचुक की तबीयत फिलहाल स्थिर
सोनम वांगचुक का इलाज अभी भी सफदरजंग अस्पताल में जारी है। डॉक्टरों के मुताबिक उनकी तबीयत फिलहाल स्थिर है। ब्लड शुगर अभी भी सामान्य से कम है, लेकिन बाकी ब्लड रिपोर्ट में सुधार देखा गया है। ORS और पोटैशियम सिरप देने से उनकी हालत में सुधार हुआ है। सफदरजंग अस्पताल और AIIMS के विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम लगातार उनकी निगरानी कर रही है। डॉक्टरों का कहना है कि डिहाइड्रेशन से पूरी तरह उबरने और किसी भी जटिलता से बचने के लिए लगातार मॉनिटरिंग जरूरी है। अस्पताल में उन्हें जरूरी सभी मेडिकल सुविधाएं दी जा रही हैं। आगे का इलाज उनकी सेहत में सुधार और आने वाली जांच रिपोर्टों के आधार पर तय किया जाएगा।
-
July 20, 2026 7:54 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
आंदोलन चलता रहेगा:अभिजीत दीपके
अभिजीत दीपके ने कहा कि जबतक सोनम वांचूक का अनशन जारी है, आंदोलन चलता रहेगा। लेकिन हमारी प्राथमिकता है कि सोनम सर का अंशन खत्म हो। वहीं सरकार से बातचीत पर दीपके ने कहा भीड देखने के बाद हमें पुलिस के सीनियर ऑफिसर ने कहा कि आप DM से बात कर लो। मैंने मना कर दिया। फिर कहा कि कमिश्नर से बात करो, मैंने कहा कि कमिश्नर क्या मंत्री का इस्तीफा दिलवा सकता है? उसके बाद हमने कहा कि जेपी नड्डा से बात करेंगे। लीडर ऑफ हाउस से बात करेंगे।
-
July 20, 2026 7:53 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
10 से ज्यादा IPS और DANIPS अधिकारी घायल
सीजेपी के प्रदर्शन के दौरान 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। घायलों में दस से ज्यादा IPS और DANIPS अधिकारी भी शामिल है, जो हालात पर काबू पाने के लिए नई दिल्ली के अलग अलग इलाकों में तैनात किए गए थे। पुलिस ने बताया कि अभी घायल पुलिसकर्मियों की संख्या बढ़ सकती है, क्योंकि बहुत से घायल पुलिसकर्मी अभी भी अस्पताल में इलाज शुरू होने की प्रक्रिया में हैं। वहीं सूत्रों के मुताबिक मेडिकल रिपोर्ट में कई पुलिसकर्मियों को फ्रैक्चर होने की बात सामने आई है।
-
July 20, 2026 7:50 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
मैं अनशन जारी रखूंगा: सोनम वांगचुक
सोनम वांगचुक ने लिखा, "मैं अपना अनशन जारी रखूंगा (दिन 23)। शांति से प्रोटेस्ट कर रहे युवाओं के साथ जिस तरह की बेरहमी हो रही है, उसे देखते हुए मैंने अपना अनशन तब तक जारी रखने का फैसला किया है जब तक युवा नेताओं को संसद भवन में सांसदों से मिलने की इजाज़त नहीं मिल जाती या मुझे यहां हॉस्पिटल में उनसे मिलने की इजाज़त नहीं मिल जाती। उम्मीद है कि सरकार शिक्षा मंत्री की जवाबदेही तय करेगी। मैं इस बात से बहुत प्रभावित हूं कि कैसे युवाओं ने उकसावे के बावजूद शांति बनाए रखी है और मैं सरकार और पुलिस फोर्स से अपील करता हूं कि वे आज या कल छात्रों को संसद के सामने अपनी शिकायतें रखने की इजाज़त देकर इस मुद्दे को सुलझाएं। मुझे यकीन है कि युवा प्रोटेस्ट करने वाले कल भी वैसा ही सब्र और सहनशीलता दिखाएंगे जैसा उन्होंने आज दिखाया।"
-
July 20, 2026 7:49 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
राहुल गांधी ने सरकार पर बोला हमला
राहुल गांधी ने एक्स पर एक पोस्ट में सरकार पर हमला बोला है। उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को भारत के इतिहास के सबसे युवा-विरोधी प्रधानमंत्री बताया है। राहुल ने लिखा कि वे एक नाकाम शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा भी नहीं ले सकते।152 पेपर लीक। 7.5 करोड़ छात्र पीड़ित। और सज़ा एक दोषी को भी नहीं। सजा किसे मिली? मेहनती युवाओं को।
-
July 20, 2026 7:45 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
70 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया
दिल्ली पुलिस ने कुल 70 से ज्यादा लोगों को हिरासत में लिया है। 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। सभी सीसीटीवी,मोबाइल फुटेज खंगाली जा रही है जिसके आधार पर आरोपियों की धरपकड़ की जाएगी। कुल 5 आईपीएस अधिकारी घायल हुए हैं। वहीं CP थाने के SHO सुखबीर मलिक भी पथराव में जख्मी हुए हैं।
-
July 20, 2026 7:23 PM (IST) Posted by Khushbu Rawal
हिंसा में 5 से ज्यादा IPS अफसर घायल
कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) के प्रोटेस्ट के दौरान दिल्ली में भारी बवाल हुआ। प्रोटेस्ट के दौरान हुई हिंसा में 5 से ज्यादा IPS अफसर घायल हुए हैं। प्रदर्शनकारियों के साथ हुई झड़प में दिल्ली पुलिस के 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी भी घायल हो हुए हैं। पुलिस कर्मियों पर हुए हमले को लेकर दिल्ली पुलिस ने एक्शन लेने की तैयारी शुरू कर दी है।
-
July 20, 2026 6:20 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में 50 से ज्यादा पुलिसकर्मी घायल
दिल्ली पुलिस सूत्रों के हवाले से मिली जानकारी के मुताबिक सीजेपी के संसद मार्च के दौोरान प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में 50 से ज़्यादा पुलिसकर्मी घायल हुए हैं। इस बीच दिल्ली पुलिस ने अपील की है कि प्रदर्शन शांतिपूर्ण तरीके से करें। दिल्ली पुलिस के निर्देशों का पालन करने। वहीं पथराव और पुलिस पर हमला करनेवाले प्रदर्शनकारियों के खिलाफ बीएनएस की धाराओं में केस दर्ज कराए जा रहे हैं।
-
July 20, 2026 6:17 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
वांगचुक कब खत्म करेंगे भूख हड़ताल? पत्नी का बयान आया सामने
सोनम वांगचुक की भूख हड़ताल पर गीतांजलि अंगमो का बयान सामने आया है। उनका कहना है कि सोनम वांगचुक अपनी भूख हड़ताल तभी खत्म करेंगे जब सरकार उनकी मांगों को पूरा करने का भरोसा देगी। सोनम वांगचुक 28 जून से जंतर-मंतर पर भूख हड़ताल कर रहे थे। शनिवार की सुबह दिल्ली पुलिस ने उन्हें जबरन सफदरजंग अस्पताल में भर्ती करा दिया जहां डॉक्टरों की टीम उनका इलाज कर रही है।
-
July 20, 2026 5:45 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
पुलिस पर हमले करने के मामले में BNS की धाराओं में केस
दिल्ली पुलिस की ओर से जहां कानून-व्यवस्था बनाए रखने की अपील की जा रही है वहीं प्रदर्शन के दौरान कानून को हाथ में लेने वालों पर सख्ती भी अपना रही है। दिल्ली पुलिस सीजेपी के प्रोटेस्ट के दौरान पथराव और पुलिसकर्मियों पर हमले के मामले में BNS की धाराओं में मुकदमा दर्ज कर रही है।
-
July 20, 2026 5:18 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में सहयोग करें: दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस की ओर से जनता से अपील की गई है कि वे शांति और कानून-व्यवस्था बनाए रखने में दिल्ली पुलिस का सहयोग करें। राजीव रंजन, अतिरिक्त पुलिस आयुक्त/जनसंपर्क अधिकारी, दिल्ली पुलिस की ओर से एक वीडियो संदेश सोशल मीडिया एक्स पर शेयर किया गया है। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से संयम बरतने और शांति व कानून-व्यवस्था बनाए रखने में पुलिस का सहयोग करने की अपील की है। साथ ही अनुरोध किया है कि वे शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन करें । किसी भी गैर-कानूनी या हिंसक गतिविधि में शामिल न हों और ड्यूटी पर तैनात पुलिसकर्मियों द्वारा दिए गए कानूनी निर्देशों का पालन करें।
-
July 20, 2026 5:12 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
सुबह 11.50 से हमारी बातचीत जारी है-जेपी नड्डा
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सोशल मीडिया एक्स पर सीजेपी के प्रतिनिधिमंडल से बातचीत की जानकारी दी। उन्होंने लिखा कि आज सुबह पहली बार प्रदर्शनकारियों की ओर से सरकार के साथ बातचीत करने का प्रस्ताव आया और सुबह 11:50 AM से ही हमारी बातचीत जारी है।मैंने सभी प्रदर्शनकारियों से अनुरोध किया कि वे अपने धरने को समाप्त करें और सामान्य स्थिति बहाल करने में प्रशासन की मदद करें।
-
July 20, 2026 4:25 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से मिला सीजेपी का प्रतिनिधिमंडल
केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से आज कॉकरोच जनता पार्टी के प्रतिनिधिमंडल ने मुलाकात की। प्रवक्ता सौरव दास ने सोशल मीडिया एक्स पर इस मुलकात की तस्वीर शेयर की है। इस मुलाकात के दौरान सीजेपी की ओर से अपनी मांगें रखी गई हैं। शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान तुरंत इस्तीफा दें। मंत्री जी ने भरोसा दिलाया है कि वे इस मामले पर सही स्तर पर बातचीत करेंगे। हालाँकि, अभी तक कोई पक्का वादा नहीं किया गया है। जब तक हमारी मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारी चैन से नहीं बैठेंगे!
-
July 20, 2026 4:15 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
जंतर-मंतर को खाली कराया
दिल्ली में आज सीजेपी के प्रदर्शन और पुलिस के साथ टकराव के बाद जंतर-मंतर को प्रदर्शनकारियों से खाली करा लिया गया है। इससे पहले सीजेपी के संसद मार्च को रोकने के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी। पुलिस को आंसू गैस के गोले दागने पड़े और हल्का बल प्रयोग करना पड़ा।
-
July 20, 2026 3:58 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
अभिजीत दिपके को हिरासत में नहीं लिया गया है-दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस की ओर से एक्स पर जारी एक पोस्ट में कहा गया है कि सोशल मीडिया पर ऐसी भ्रामक खबरें फैल रही हैं कि दिल्ली पुलिस ने अभिजीत दिपके को हिरासत में ले लिया है। आधिकारिक तौर पर यह स्पष्ट किया जाता है कि ये आरोप पूरी तरह से गलत हैं और वे मंच पर मौजूद हैं।
-
July 20, 2026 3:48 PM (IST) Posted by Niraj Kumar
लड़की के साथ मारपीट को लेकर गलत जानकारी फैलाई जा रही-दिल्ली पुलिस
दिल्ली पुलिस ने दावा किया कि सोशल मीडिया पर गीतांजलि नाम की 12 साल की लड़की के साथ मारपीट, बाल खींचने और सिर में चोट लगने, और साथ ही लगभग 40 से 50 अन्य लोगों के सिर फूटने के दावों वाली पोस्ट में गलत जानकारी फैलाई जा रही है।पोस्ट में किए जा रहे दावे सच नहीं हैं। कृपया गलत या गुमराह करने वाली जानकारी न फैलाएं और न ही उसे फॉरवर्ड करें।
-
July 20, 2026 3:27 PM (IST) Posted by Shakti Singh
कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया
दिल्ली में सीजेपी का प्रदर्शन उग्र होने के बाद कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में लिया गया है। सीजेपी प्रवक्ता सौरव दास ने 2.33 बजे एक्स पोस्ट पर बताया कि अभिजीत दीपके को पुलिस ने उठा लिया है, लेकिन 3.18 मिनट पर उन्होंने अपने पोस्ट पर अपडेट देते हुए बताया कि दीपके को गिरफ्तार या हिरासत में नहीं लिया गया है।
-
July 20, 2026 3:22 PM (IST) Posted by Shakti Singh
अमित शाह और धर्मेंद्र प्रधान के बीच बैठक खत्म
गृह मंत्री अमित शाह और शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के बीच बैठक खत्म हो चुकी है। दोनों नेताओं ने संसद भवन में बैठक की। वहीं, धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में सीजेपी का उग्र प्रदर्शन जारी है।
-
July 20, 2026 3:08 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
दिल्ली पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर घायल
संसद मार्ग के पास प्रदर्शनकारियों के साथ झड़प में दिल्ली पुलिस का एक सब-इंस्पेक्टर घायल हो गया। ANI के हवाले से ये जानकारी सामने आई है। उन्होंने कहा, "हम बैरिकेड के पास खड़े थे, तभी उन्होंने (प्रदर्शनकारियों ने) पत्थर फेंके।" गौरतलब है कि सीजेपी का प्रदर्शन उग्र हो चुका है।
-
July 20, 2026 3:07 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी का भी सामने आया बयान
कांग्रेस सांसद प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा, "हम सब चर्चा की मांग कर रहे हैं। शिक्षा नीति में कई समस्याएं और बड़े मुद्दे हैं। फिर भी, आप इस पर चर्चा करने को तैयार नहीं हैं; इसके बजाय, आप छात्रों पर आंसू गैस का इस्तेमाल कर रहे हैं और उनकी पिटाई कर रहे हैं। किसलिए? वे हमारे बच्चे हैं।"
-
July 20, 2026 2:33 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
दिल्ली पुलिस कमिश्नर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे
सीजेपी के प्रदर्शन को ध्यान में रखते हुए दिल्ली पुलिस एक्टिव मोड में नजर आ रही हैं। दिल्ली पुलिस के कमिश्नर पार्लियामेंट स्ट्रीट पुलिस स्टेशन पहुंचे हैं। कहा जा रहा है कि सुरक्षा इंतजामों का मुआयना किया जा रहा है और पुलिसकर्मियों को जरूरी निर्देश दिए जा रहे हैं।
-
July 20, 2026 2:12 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
दिल्ली में CJP के विरोध प्रदर्शन पर सोनम वांगचुक की पत्नी ने क्या कहा?
सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि आंग्मो ने कहा, "यह बहुत दुर्भाग्यपूर्ण है कि लोगों को एक जायज़ मुद्दे को उठाने के लिए विरोध करना पड़ रहा है; इससे बचा जा सकता था।" गौरतलब है कि सोनम वांगचुक जब भूख हड़ताल पर जंतर मंतर पर बैठे थे, तब भी उनकी पत्नी का बयान सामने आया था। जब वांगचुक को हॉस्पिटल ले जाया गया था, तब भी गीतांजलि ने कहा था कि उनसे पूछे बिना उनके पति को कुछ न दिया जाए।
-
July 20, 2026 2:04 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
NEET छात्रों को न्याय मिलना चाहिए: अखिलेश
अखिलेश यादव ने सरकार को घेरते हुए कहा, "आपने नौकरियां या रोज़गार नहीं दिया। अगर नौकरियां दी गई होतीं, तो क्या बच्चे सड़कों पर उतरते? अभी मुख्य सवाल यह है कि NEET छात्रों को न्याय मिलना चाहिए और यहां विरोध प्रदर्शन कर रहे छात्रों के साथ अच्छा व्यवहार किया जाना चाहिए...जब लोग विरोध प्रदर्शन करते थे, तो अंग्रेज वास्तव में उनकी बात सुनते थे। इसीलिए आज गांधीजी का दुनिया भर में सम्मान किया जाता है। उन्होंने विरोध का रास्ता दिखाया। जिस तरह से वे प्रदर्शनकारियों को हटा रहे हैं - उम्मीद है कि सरकार को अंत में 'सम्मानजनक विदाई' न मिल जाए।"
-
July 20, 2026 2:03 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
अखिलेश ने प्रदर्शन को लेकर क्या कहा?
समाजवादी पार्टी के सांसद अखिलेश यादव ने कहा, "हमारे सांसदों को पुलिस स्टेशन में रखा गया है, जबकि बाहर बच्चों की पिटाई हो रही है। यह कैसी सरकार है? आप बच्चों की बात सुनना नहीं चाहते। अगर NEET परीक्षा हुई और उसमें गड़बड़ी हुई, तो इसके लिए कौन ज़िम्मेदार है? किसकी साख दांव पर लगी है? तैयारी किसे करनी थी? आप 'विश्वगुरु' बनना चाहते हैं; आप दावा करते हैं कि दुनिया 'अमृत काल' में है, फिर भी आप अपने मंत्रियों को नहीं हटा सकते।"
-
July 20, 2026 2:02 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के बीच चल रही बैठक
सीजेपी के प्रदर्शन के बीच केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान और गृह मंत्री अमित शाह के बीच बैठक चल रही है। गौरतलब है कि सीजेपी, केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग को लेकर ही प्रदर्शन कर रही है। ऐसे में धर्मेंद्र प्रधान और अमित शाह के बीच चल रही मीटिंग को काफी अहम माना जा रहा है।
-
July 20, 2026 2:00 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
"छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला": खरगे
राज्यसभा में विपक्ष के नेता मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा, "छात्रों पर लाठीचार्ज लोकतंत्र पर हमला है। यह सरकार सत्ता में बने रहने के लायक नहीं है।" गौरतलब है कि सीजेपी के प्रोटेस्ट को लेकर तमाम राजनीतिक दलों की तरफ से बयान सामने आ रहा है और ये दल, इस प्रोटेस्ट को लेकर बीजेपी को घेरने की कोशिश कर रहे हैं।
-
July 20, 2026 1:50 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
CJP प्रवक्ता का दावा- सरकार ने मिलने के लिए बुलाया
कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता ने दावा किया है कि सरकार ने उन्हें बैठक के लिए बुलाया है। प्रवक्ता का दावा है कि केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से उनके प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हो सकती है। सीजेपी प्रवक्ता सौरभ दास ने एक्स पर एक पोस्ट में इसकी जानकारी दी। सीजेपी प्रवक्ता के इस बयान को काफी अहम माना जा रहा है।
-
July 20, 2026 1:48 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
अभिजीत दीपके ने तोड़ी भूख हड़ताल
सीजेपी के प्रदर्शन के बीच एक और खबर ये भी है कि कॉकरोच जनता पार्टी के नेता अभिजीत दीपके ने अपना अनशन भी खत्म कर दिया है। इससे पहले सोनम वांगचुक ने अपना अनशन खत्म करने के लिए कुछ शर्तें रखी थीं। सोनम वांगचुक अभी भी सफदरगंज हॉस्पिटल में एडमिट हैं।
-
July 20, 2026 1:47 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
CJP प्रदर्शनकारी रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नजदीक पहुंचे
CJP प्रदर्शनकारी नारे लगाते हुए संसद के पास, रिजर्व बैंक ऑफ इंडिया के नजदीक पहुंचे। संसद में प्रदर्शनकारियों को घुसने से रोकने के लिए सुरक्षा स्तर पर व्यापक इंतजाम किए गए हैं। सीजेपी के प्रदर्शनकारी किसी भी कीमत पर रुकने के लिए तैयार नहीं दिख रहे हैं।
-
July 20, 2026 1:41 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
प्रदर्शनकारियों को देखते हुए संसद में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
प्रदर्शनकारियों को देखते हुए संसद में हालात से निपटने के लिए पूरी तैयारी की गई है। सीआईएसएफ ने गेट नंबर 1 बंद कर दिया है। QRT और सीआईएसएफ की टीम के जवान अपनी पोजीशन लेकर खड़े हैं। सड़कों पर आंसू गैस के गोले दागकर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश जारी है।
-
July 20, 2026 1:39 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
सिसोदिया, आतिशी और संजय समेत तमाम बड़े आप नेता संसद की ओर बढ़ रहे
आप के तमाम बड़े नेता जैसे मनीष सिसोदिया, आतिशी, संजय सिंह समेत तमाम लोग रायसीना रोड पर हैं और आगे पार्लियामेंट की तरफ बढ़ रहे हैं। उनके साथ काफी संख्या में लोग मौजूद हैं और लोगों के हाथों में मोबाइल है, जिससे वे हर चीज की रिकॉर्डिंग करते हुए चल रहे हैं।
-
July 20, 2026 1:36 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
15000 से ज्यादा लोगों ने संसद की तरफ कूच किया
15000 से ज्यादा लोगों ने संसद की तरफ कूच कर दिया है। प्रदर्शनकारी संसद से 50 मीटर दूर पहुंचे लेकिन रेल भवन पर रोक दिए गए। आंसू गैस के गोले दागकर प्रदर्शनकारियों को खदेड़ा गया है। जवान पूरी तरह मुस्तैद हैं और किसी भी कीमत पर प्रदर्शनकारियों को रोकने की कोशिश में लगे हुए हैं।
-
July 20, 2026 1:34 PM (IST) Posted by Rituraj Tripathi
दिल्ली में CJP का प्रदर्शन हुआ उग्र
दिल्ली में CJP उग्र प्रदर्शन कर रही है। प्रदर्शनकारियों को रोकने के लिए आंसू गैस के गोले दागने पड़े हैं। इसके बावजूद प्रदर्शनकारी आगे की तरफ बढ़ते जा रहे हैं। प्रदर्शनकारी उत्साहित दिख रहे हैं और किसी भी कीमत पर संसद कूच करना चाहते हैं। हालांकि संसद के बाहर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम हैं।