A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. मां काली के दरबार में बंगाल विजय का जश्न, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और CM रेखा गुप्ता ने की पूजा-अर्चना

मां काली के दरबार में बंगाल विजय का जश्न, BJP अध्यक्ष नितिन नवीन और CM रेखा गुप्ता ने की पूजा-अर्चना

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद देश राजधानी दिल्ली में जश्न का माहौल है। इस बीच बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने सीएम रेखा गुप्ता, सांसद बंसुरी स्वराज और दिल्ली बीजेपी अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा के साथ दिल्ली के सीआर पार्क स्थित काली बाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की।

दिल्ली के कालीबाड़ी...- India TV Hindi
Image Source : X- REKHA GUPTA दिल्ली के कालीबाड़ी मंदिर पहुंचे नितिन नवीन, रेखा गुप्ता और अन्य बीजेपी नेता।

पश्चिम बंगाल में बीजेपी की ऐतिहासिक जीत के बाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन ने दिल्ली की मुख्यमंत्री श्रीमती रेखा गुप्ता, दिल्ली BJP अध्यक्ष वीरेंद्र सचदेवा, सांसद बांसुरी स्वराज और पार्टी के कार्यकर्ताओं के साथ आज सीआर पार्क स्थित मां काली मंदिर में पूजा-अर्चना की। रेखा गुप्ता ने बंगाल में बीजेपी की विजय को मां काली का आशीर्वाद बताया और इसे महिलाओं की जीत करार दिया।

'सुशासन, समृद्धि की राह पर आगे बढ़ने को तैयार बंगाल'

उन्होंने कहा, यह वही आस्था है जो दिल्ली को शक्ति देती है, वही सनातन ऊर्जा अब बंगाल में परिवर्तन का संकल्प बन रही है। मां काली के आशीर्वाद, आदरणीय प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन और जनता के अपार जनसमर्थन से अब बंगाल में पहली बार भाजपा सरकार बनने जा रही है। जैसे दिल्ली विकास और विश्वास की नई पहचान बन रही है, वैसे ही बंगाल भी सुशासन, समृद्धि और सांस्कृतिक गौरव की राह पर आगे बढ़ने को तैयार है। मां का आशीर्वाद बना रहे, बंगाल वैभव और विकास की नई यात्रा पर अग्रसर हो।

Image Source : x- rekha guptaमां काली के दरबार में बीजेपी नेता।

'नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध करने वालों को मुंह की खानी पड़ी'

सीएम ने कहा, बंगाल की महिलाओं ने भय, आतंक और तुष्टिकरण की राजनीति को नकारकर यह सिद्ध कर दिया है कि नारी शक्ति अब अपने सम्मान और अधिकारों के लिए किसी भी दमनकारी शक्ति से टकराने को तैयार है। मुख्यमंत्री ने कहा कि भय, आतंक और अत्याचार के वातावरण के बावजूद बंगाल की महिलाओं ने निर्भीक होकर मतदान किया और लोकतंत्र को सशक्त बनाते हुए सुशासन की सरकार स्थापित की। जिस-जिस नेता ने, जिस-जिस पार्टी ने नारी शक्ति वंदन अधिनियम का विरोध किया, आज उनको मुंह की खानी पड़ी। चाहे वह DMK के स्टालिन हों, चाहे ममता बनर्जी हों, चाहे अरविंद केजरीवाल हों।"

प्रचंड बहुमत के साथ बंगाल में BJP की सरकार

बता दें कि अप्रैल में बंगाल और तमिलनाडु समेत 4 राज्यों और एक केंद्र शासित प्रदेश में चुनाव हुए थे। इन चुनावों के 4 मई को घोषित हुए नतीजों में बीजेपी ने पश्चिम बंगाल में ममता बनर्जी नीत तृणमूल कांग्रेस के 15 साल के शासन को खत्म कर दिया और प्रचंड बहुमत के साथ पहली बार राज्य में सरकार बनाने जा रही है। वहीं, तमिलनाडु में एमके स्टालिन नीत DMK को भी हार का सामना करना पड़ा और राज्य में अभिनय से राजनीति में आए विजय की पार्टी TVK सबसे बड़े दल के रूप में उभरी है।

देखें वीडियो-

Latest India News