1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. बच्चा बहा तो जान की परवाह किए बिना नदी में कूद गई मां हिरण, दोनों का हुआ रेस्क्यू; देखें VIDEO

बच्चा बहा तो जान की परवाह किए बिना नदी में कूद गई मां हिरण, दोनों का हुआ रेस्क्यू; देखें VIDEO

नदी के तेज बहाव में हिरण का बच्चा बहने लगा तो उसे बचाने के लिए उसकी मां भी नदी में कूद गई। वन विभाग की टीम ने नाव की मदद से दोनों हिरणों को सुरक्षित बाहर निकाला।

अपने बच्चे को बचाने नदी में कूदी मां हिरण- India TV Hindi
Image Source : REPORTER अपने बच्चे को बचाने नदी में कूदी मां हिरण

ओडिशा के भितरकनिका के पास बैतरणी नदी में मां की ममता का एक ऐसा नजारा देखने को मिला, जिसने वहां मौजूद लोगों को भावुक कर दिया। नदी के तेज बहाव में जब एक हिरण का बच्चा बहने लगा, तो उसे बचाने के लिए उसकी मां ने बिना किसी डर के नदी में छलांग लगा दी।

यह घटना कालीभांजाडिया वन क्षेत्र के सामने की बताई जा रही है। नदी में हिरण के बच्चे को तेज बहाव में बहते देखकर उसकी मां तुरंत उसके पीछे नदी में कूद गई। हालांकि, बच्चे को बचाने की कोशिश में मां हिरण भी तेज धारा की चपेट में आ गई और दोनों बहाव के साथ आगे की ओर जाने लगे।

तेज बहाव में फंस गया था हिरण का बच्चा

बताया जा रहा कि हिरण का बच्चा बैतरणी नदी के तेज बहाव में फंस गया था। पानी का बहाव इतना तेज था कि बच्चा धीरे-धीरे दूर बहने लगा। अपने बच्चे को संकट में देखकर मां हिरण ने एक पल की भी देरी नहीं की और उसे बचाने के लिए नदी में छलांग लगा दी। मां हिरण अपने बच्चे तक पहुंचने की कोशिश करती रही, लेकिन तेज बहाव के कारण दोनों की मुश्किल बढ़ गई।

मां और बच्चे दोनों नदी में संघर्ष करते हुए बहाव के साथ आगे बढ़ने लगे। यह दृश्य देखकर वहां मौजूद लोगों को दोनों हिरणों की सुरक्षा की चिंता सताने लगी। दोनों हिरणों को नदी में मुश्किल में देखकर स्थानीय लोगों ने तुरंत वन विभाग को इसकी जानकारी दी। सूचना मिलने के बाद वन विभाग के अधिकारी मौके पर पहुंचे।

जांच के बाद जंगल में छोड़े गए दोनों हिरण

स्थानीय लोगों के साथ मिलकर वन विभाग की टीम ने दोनों हिरणों को सुरक्षित बाहर निकालने की कोशिश शुरू की। बचाव अभियान के दौरान नदी में फंसे हिरणों तक पहुंचने के लिए नाव का भी इस्तेमाल किया गया। काफी कोशिश के बाद वन विभाग और स्थानीय लोगों की टीम दोनों हिरणों तक पहुंचने में सफल रही।

रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान मां हिरण और उसके बच्चे को सुरक्षित नदी से बाहर निकाल लिया गया। दोनों को बाहर निकालने के बाद उनकी जांच और जरूरी इलाज किया गया। जांच के बाद जब दोनों हिरण स्वस्थ पाए गए, तो उन्हें वापस भितरकनिका के जंगल में छोड़ दिया गया।

(रिपोर्ट- शुभम कुमार)

ये भी पढ़ें-

LPU में अफवाह से मचा बवाल! छात्रों के प्रदर्शन और तोड़फोड़ के बाद यूनिवर्सिटी ने कहा- खबर पूरी तरह झूठी

पूर्व केंद्रीय राज्य मंत्री रवनीत सिंह बिट्टू को जान से मारने की धमकी, लश्कर-ए-झांगवी के नेता के नाम से आया फोन

Latest India News