A
Hindi News भारत राष्ट्रीय Today's weather: दिल्ली-NCR में फिर बिगड़ेगा मौसम, UP-राजस्थान समेत 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानें अपने राज्य का हाल

Today's weather: दिल्ली-NCR में फिर बिगड़ेगा मौसम, UP-राजस्थान समेत 9 राज्यों में बारिश का अलर्ट; जानें अपने राज्य का हाल

Today's weather: घने कोहरे के बाद राजधानी दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश की वजह से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है।

मौसम विभाग ने आज कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।- India TV Hindi Image Source : FILE (PTI) मौसम विभाग ने आज कई राज्यों के लिए बारिश का अलर्ट जारी किया है।

Today's weather: उत्तर भारत में एक बार फिर मौसम का मिजाज बदला हुआ नजर आएगा। मौसम विभाग ने बताया कि एक नया पश्चिमी विक्षोभ एक्टिव हो रहा है, जिसका असर दिल्ली-NCR समेत कई राज्यों में देखने को मिलेगा। इसके प्रभाव से पहाड़ी इलाकों में बर्फबारी, जबकि मैदानी क्षेत्रों में बारिश और तेज हवाओं की संभावना जताई गई है।

मौसम विभाग ने आज यानी 3 फरवरी को भी उत्तर भारत के 7 राज्यों में भारी बारिश की आशंका जताई है। इसके अलावा, 2 अन्य राज्यों में भी वर्षा को लेकर चेतावनी जारी की गई है। कुल मिलाकर 9 राज्यों में मौसम खराब रहने की संभावना है। इन राज्यों में उत्तर प्रदेश, हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू-कश्मीर, लद्दाख, पंजाब, हरियाणा, पूर्वी राजस्थान और महाराष्ट्र शामिल हैं।

दिल्ली-NCR में कैसा रहेगा मौसम?

सोमवार को घने कोहरे के बाद राजधानी दिल्ली में आज बारिश का अलर्ट जारी किया गया है। बारिश की वजह से तापमान में हल्की गिरावट दर्ज की जा सकती है। मौसम विभाग ने बताया है कि मंगलवार को दिल्ली में हल्का कोहरा भी छा सकता है। आज दिल्ली का न्यूनतम तापमान करीब 9 डिग्री सेल्सियस रहने का अनुमान है।

कोहरे के कारण 60 से ज्यादा ट्रेनें प्रभावित

वहीं, घने कोहरे के कारण दिल्ली से चलने वाली 60 से अधिक ट्रेनें प्रभावित हुई हैं। कई ट्रेनें अपने निर्धारित समय से 7 से 8 घंटे की देरी से चल रही हैं, जिससे यात्रियों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।

राजस्थान में ओलावृष्टि की भी आशंका

पश्चिमी विक्षोभ के असर से राजस्थान के कई हिस्सों में बारिश का दौर जारी है। मौसम विभाग के अनुसार, कुछ इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है। अगले 2 से 3 दिनों तक दक्षिण-पूर्वी राजस्थान के कोटा और उदयपुर संभाग व आसपास के क्षेत्रों में हल्की बारिश होने की संभावना है।

यूपी में बारिश, बिहार में साफ मौसम

उत्तर प्रदेश में आज तेज हवाओं के साथ बारिश की संभावना है। आजमगढ़, गाजीपुर, चंदौली, वाराणसी, सोनभद्र, महोबा, ललितपुर, झांसी, प्रयागराज, फतेहपुर, बांदा, चित्रकूट, मऊ, प्रतापगढ़ और बलिया समेत कई जिलों में बारिश हो सकती है।

वहीं बिहार में मौसम शुष्क रहने का अनुमान है। हालांकि, सुबह के समय हल्का कोहरा छा सकता है। राजधानी पटना में न्यूनतम तापमान 15 डिग्री सेल्सियस तक रह सकता है।

उत्तराखंड और हिमाचल में मौसम का मिजाज

उत्तराखंड में भी मौसम का मिजाज बिगड़ने वाला है। मौसम विभाग के अनुसार नैनीताल, अल्मोड़ा, चमोली, पौड़ी गढ़वाल, पिथौरागढ़, बागेश्वर और टिहरी गढ़वाल जिलों में बारिश हो सकती है। बारिश के कारण तापमान में गिरावट आने की संभावना है। वहीं, मौसम विभाग ने हिमाचल प्रदेश के मध्य और ऊंचाई वाले इलाकों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान जारी किया है। मंगलवार को राज्य में हल्की बारिश और बर्फबारी हो सकती है।

ये भी पढ़ें-

भारत पर से अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ भी हटाएगा अमेरिका? जानिए व्हाइट हाउस के अधिकारी ने क्या बताया

दूसरी सोसाइटी की 14वीं मंजिल से गिरकर 7वीं के छात्र की मौत, घर से 4 KM दूर मिला शव

Latest India News