1. Hindi News
  2. विदेश
  3. अमेरिका
  4. भारत पर से अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ भी हटाएगा अमेरिका? जानिए व्हाइट हाउस के अधिकारी ने क्या बताया

भारत पर से अतिरिक्त 25 फीसदी टैरिफ भी हटाएगा अमेरिका? जानिए व्हाइट हाउस के अधिकारी ने क्या बताया

 Edited By: Subhash Kumar
 Published : Feb 03, 2026 06:31 am IST,  Updated : Feb 03, 2026 06:56 am IST

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत के साथ अहम व्यापार समझौते का एलान किया है। अमेरिका अब 25 की जगह सिर्फ 18 फीसदी टैरिफ लेगा। डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से फोन पर बातचीत की है।

india us trade deal- India TV Hindi
भारत-अमेरिका के बीच ट्रेड डील की घोषणा। (फाइल फोटो) Image Source : PTI/AP

भारत और अमेरिका के बीच जिस ट्रेड डील का इंतजार हो रहा था उसका ऐलान अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कर दिया है। अमेरिका ने भारत पर रेसिप्रोकल टैरिफ को 25% से घटाकर 18% कर दिया है। सोशल मीडिया पर इस ऐलान से पहले ट्रंप ने प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी से फोन पर बात की। इसके बाद ट्रंप ने दावा किया कि पीएम मोदी रूस से तेल की खरीद बंद करने और अमेरिका से ज्यादा तेल खरीदने पर राजी हो गए हैं। ट्रम्प ने अपने सोशल मीडिया पोस्ट में ये भी लिखा है कि जरूरत पड़ी तो भारत वेनेजुएला से तेल लेगा।

25 फीसदी अतिरिक्त टैरिफ का क्या?

अमेरिका ने भारत पर रूस के तेल खरीदने को लेकर 25 फीसदी पेनाल्टी टैरिफ लगाने का भी ऐलान किया था। ऐसे में भारत पर अमेरिकी टैरिफ 50 फीसदी पहुंच गया था। अब व्हाइट हाउस के एक वरिष्ठ अधिकारी ने जानकारी दी है कि अमेरिका 25 फीसदी की पेनाल्टी टैरिफ भी हटा देगा क्योंकि भारत ने रूस से तेल की खरीद को कम किया है। हालांकि व्हाइट हाउस के प्रवक्ता ने याद दिलाया कि समझौता यह है कि भारत रूसी तेल खरीद बंद करेगा, न कि कम करेगा।

भारत 500 अरब डॉलर के सामान खरीदेगा- ट्रंप

ट्रंप ने ये भी दावा किया है कि भारत बाय अमेरिकन नीति के तहत अमेरिका से 500 अरब डॉलर यानि करीब 46 लाख करोड़ रुपए से अधिक का सामान खरीदेगा। ट्रम्प के एलान के बाद पीएम मोदी ने सोशल मीडिया पोस्ट पर ट्रंप का शुक्रिया अदा किया है। PM मोदी ने लिखा- "मुझे राष्ट्रपति ट्रम्प से बात करके बहुत खुशी हुई। यह जानकर बेहद संतोष है कि अब मेड इन इंडिया उत्पादों पर टैरिफ घटाकर 18% कर दिया गया है। इस शानदार फैसले के लिए भारत के 1.4 अरब लोगों की ओर से राष्ट्रपति ट्रम्प का दिल से धन्यवाद।"

पीएम मोदी और मैं काम कर के दिखाते हैं- ट्रंप

डोनाल्ड ट्रंप ने एक पोस्ट में कहा- आज सुबह भारत के प्रधानमंत्री मोदी से बात करना मेरे लिए सम्मान की बात थी। वे मेरे सबसे करीबी दोस्तों में से एक हैं और अपने देश के एक शक्तिशाली और सम्मानित नेता हैं। हमने व्यापार और रूस व यूक्रेन के साथ युद्ध समाप्त करने सहित कई विषयों पर चर्चा की। वे रूसी तेल खरीदना बंद करने और अमेरिका व संभवतः वेनेजुएला से अधिक तेल खरीदने पर सहमत हुए। इससे यूक्रेन में चल रहे युद्ध को समाप्त करने में मदद मिलेगी, जिसमें हर हफ्ते हजारों लोग मारे जा रहे हैं! भारत के साथ हमारे अद्भुत संबंध भविष्य में और भी मजबूत होंगे। प्रधानमंत्री मोदी और मैं दो ऐसे व्यक्ति हैं जो काम करके दिखाते हैं, जो कि अधिकांश लोगों के बारे में नहीं कहा जा सकता।

ये भी पढ़ें- बड़ी खबर! अमेरिका ने भारत पर टैरिफ 25% से घटाकर 18% किया, डोनाल्ड ट्रंप ने पीएम मोदी से की बात

US Tariffs: अमेरिका ने दुनिया के किन देशों पर कितना लगाया है टैरिफ, यहां देखें पूरी लिस्ट

 

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। US से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें विदेश