1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सौरव दास के दावों का दिल्ली पुलिस ने किया खंडन, लड़की पर हमले और 50 लोगों का सिर फूटने की खबर गलत

सौरव दास के दावों का दिल्ली पुलिस ने किया खंडन, लड़की पर हमले और 50 लोगों का सिर फूटने की खबर गलत

दिल्ली पुलिस ने सौरव दास के दावों का खंडन करते हुए कहा कि किसी भी लड़की पर हमला नहीं किया गया है। पुलिस ने 40 से 50 लोगों के सिर फूटने की खबर को भी फर्जी बताया।

CJP Protest- India TV Hindi
Image Source : PTI संसद भवन के पास प्रदर्शनकारी

दिल्ली में कॉकरोच जनता पार्टी के प्रदर्शन के दौरान किसी भी व्यक्ति पर हमला नहीं हुआ है। दिल्ली पुलिस ने सोनम वांगचुक की पत्नी गीतांजलि पर हमले की खबर को झूठा बताया। कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता सौरव दास ने एक्स पोस्ट में बताया था कि एक 12 साल की लड़की पर हमला हुआ है और 40 से 50 लोगों के सिर फूट गए हैं। उन्होंने पोस्ट में दिल्ली पुलिस को टैग करते हुए सवाल पूछा था। इसके जवाब में दिल्ली पुलिस ने बताया था कि ये सारे दावे झूठे हैं।

सौरव दास ने क्या लिखा?

सौरव दास ने एक्स पोस्ट में लिखा, "दिल्ली पुलिस ने गीतांजलि (सोनम वांगचुक की पत्नी) जी के बाल खींचे, मारपीट की। एक 12 साल की लड़की का सिर फोड़ दिया गया है। 40-50 और लोगों के सिर फोड़ दिए गए! दिल्ली पुलिस क्या हो रहा है!?" 

दिल्ली पुलिस ने क्या कहा?

दिल्ली पुलिस ने एक्स पर सौरव दास की पोस्ट के जवाब में लिखा, "सोशल मीडिया पर आजकल गलत जानकारी फैलाई जा रही है, जिसमें दावा किया गया है कि गीतांजलि नाम की एक महिला और 12 साल की लड़की पर हमला किया गया, उसके बाल खींचे गए, उसके सिर में चोट लगी और लगभग 40 से 50 दूसरे लोगों के सिर फूट गए। यह जानकारी गलत है। पोस्ट में फैलाए जा रहे दावे सच नहीं हैं। कृपया गलत या गुमराह करने वाली जानकारी न फैलाएं और न ही उसे बढ़ा-चढ़ाकर बताएं।"

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर खाली कराया

दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर में धरने वाली जगह को खाली करा दिया है। वहीं, केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा ने सीजेपी के नेताओं से बात की है। हालांकि, उनकी तरफ से कोई वादा नहीं किया गया है। इस बीच सीजेपी ने सरकार के सामने तीन मांगें रखी हैं। इनमें धर्मेंद्र प्रधान का इस्तीफा, सोनम वांगचुक को जंतर-मंतर वापस लाना और नीट पेपर देने के बाद आत्महत्या करने वाले छात्रों के परिजनों को एक करोड़ का मुआवजा देना शामिल है। वहीं, सीजेपी नेता अभिजीत दीपके ने अपनी भूख हड़ताल खत्म कर दी है। सीजेपी ने दावा किया कि सरकार ने उन्हें मिलने के लिए बुलाया है। इसके बाद अभिजीत ने यह फैसला लिया।

यह भी पढ़ें-

CJP का संसद मार्च, जंतर-मंतर पर 10 हजार सुरक्षाकर्मी तैनात, इधर सोनम वांगचुक ने अनशन तोड़ने के लिए रखीं शर्तें

दिल्ली के राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर भी जमा हुए CJP के प्रदर्शनकारी, Video आया सामने

Latest India News