नई दिल्ली: दिल्ली के प्रसिद्ध राजीव चौक मेट्रो स्टेशन पर उस वक्त अलग नजारा दिखा, जब भारी संख्या में CJP के प्रदर्शनकारी यहां जमा हो गए। सभी के हाथों में मोबाइल थे और वह वीडियो रिकॉर्डिंग कर रहे थे।
अभिजीत दीपके ने तोड़ी भूख हड़ताल
सीजेपी से जुड़ी आज की एक बड़ी खबर ये है कि अभिजीत दीपके ने भूख हड़ताल खत्म कर दी है। गौरतलब है कि अभिजीत से पहले सोनम वांगचुक भूख हड़ताल पर थे लेकिन उन्हें हॉस्पिटल में एडमिट करवा दिया गया था, जिसके बाद अभिजीत ने खुद भूख हड़ताल का ऐलान कर दिया था।
CJP प्रवक्ता का दावा- सरकार ने बैठक के लिए बुलाया
गौरतलब है कि दिल्ली के जंतर मंतर पर कॉकरोच जनता पार्टी के लोग प्रदर्शन कर रहे हैं। इस बीच प्रदर्शन में शामिल कॉकरोच जनता पार्टी के प्रवक्ता ने दावा किया है कि उन्हें बैठक के लिए सरकार ने बुलाया है। प्रवक्ता के मुताबिक, जल्द ही केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा से CJP के प्रतिनिधिमंडल की मुलाकात हो सकती है।
सीजेपी क्यों कर रही प्रदर्शन?
नीट (NEET) पेपर लीक और देश में बढ़ती बेरोजगारी के खिलाफ कॉकरोच जनता पार्टी (CJP) का प्रदर्शन चल रहा है। ऐसे में आज (20 जुलाई 2026) से संसद के मानसून सत्र की शुरुआत हुई तो ये प्रदर्शन और भी ज्यादा उग्र हो गया क्योंकि सीजेपी ने'चलो संसद' मार्च का ऐलान किया। इसके बाद बड़ी संख्या में लोग जंतर मंतर पर जुटने लगे।
सीजेपी की क्या मांगें हैं?
सीजेपी की मुख्य रूप से 3 मांगें हैं। पहली ये कि नीट (NEET) परीक्षा लीक मामले समेत दूसरी प्रतियोगी परीक्षाओं में हुई गड़बड़ियों की निष्पक्ष जांच हो और जवाबदेही सुनिश्चित की जाए। दूसरी मांग ये है कि नीट पेपर लीक प्रकरण के बाद केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान इस्तीफा दें। तीसरी मांग ये है कि देश में लगातार बढ़ती बेरोजगारी और छात्रों के भविष्य को लेकर सरकार को घेरा जाए।
गौरतलब है कि सीजेपी के प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली में सुरक्षा व्यवस्था को सख्त किया गया है। दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर जाम की स्थिति है। पुलिस और प्रशासन अलर्ट मोड में है और किसी भी स्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं।
ये भी पढ़ें-