1. Hindi News
  2. दिल्ली
  3. जामिया में बवाल के बीच इमरान मसूद की एंट्री, छात्रों से मिले; कश्मीर पर दिया बड़ा बयान

जामिया में बवाल के बीच इमरान मसूद की एंट्री, छात्रों से मिले; कश्मीर पर दिया बड़ा बयान

 Written By: Vineet Kumar Singh
 Published : Oct 23, 2026 11:42 pm IST,  Updated : Oct 23, 2026 11:42 pm IST

जामिया यूनिवर्सिटी में कश्मीर और RSS पर विवादित नारे लिखे जाने के बाद प्रदर्शन तेज हो गया है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद छात्रों से मिलने पहुंचे, नारों की निंदा की और छात्रसंघ चुनाव की मांग का समर्थन किया। कैंपस से निकलते ही पुलिस ने उन्हें हिरासत में लेकर बाद में छोड़ दिया।

Jamia Millia Islamia Protest, Imran Masood Detained- India TV Hindi
कांग्रेस नेता इमरान मसूद। Image Source : ANI

Highlights

  • जामिया की दीवारों पर कश्मीर और RSS को लेकर विवादित नारे लिखे जाने से छात्रों में आक्रोश।
  • इमरान मसूद ने नारों की निंदा की और छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग को जायज बताया।
  • कैंपस से निकलते समय दिल्ली पुलिस ने मसूद को हिरासत में लिया, बाद में उन्हें रिहा कर दिया गया।

नई दिल्ली: दिल्ली की जामिया मिलिया इस्लामिया यूनिवर्सिटी में दीवारों पर कश्मीर और RSS को लेकर विवादित नारे लिखे जाने के बाद माहौल गरमा गया है। नारों के खिलाफ छात्रों ने प्रदर्शन शुरू कर दिया और कार्रवाई की मांग की। इस बीच, कांग्रेस सांसद और उत्तर प्रदेश कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष इमरान मसूद छात्रों से मिलने विश्वविद्यालय परिसर पहुंचे। उन्होंने विवादित नारों की निंदा की और छात्रों की मांगों का समर्थन किया। हालांकि, कैंपस से बाहर निकलते समय दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और बाद में उन्हें छोड़ दिया गया।

दीवारों पर विवादित नारे लिखे जाने से भड़का गुस्सा

जामिया मिलिया इस्लामिया की दीवारों पर कश्मीर और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ यानी कि RSS को लेकर आपत्तिजनक नारे लिखे गए थे। इसके बाद विश्वविद्यालय के छात्रों में नाराजगी फैल गई। छात्रों ने विरोध प्रदर्शन शुरू करते हुए मामले में कार्रवाई की मांग की। विवादित नारों को लेकर कैंपस में तनाव का माहौल बन गया और छात्रों ने इस घटना की जांच कर जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कदम उठाने की मांग की।

यूनिवर्सिटी प्रशासन ने मिटवाए नारे, जांच के आदेश

मामले का संज्ञान लेते हुए जामिया यूनिवर्सिटी प्रशासन ने दीवारों पर लिखे विवादित नारों को मिटवा दिया। प्रशासन ने यह भी कहा कि मामले की जांच की जाएगी और नारे लिखने वालों की पहचान की जाएगी। विश्वविद्यालय प्रशासन के मुताबिक, पहचान होने पर संबंधित लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस बीच, छात्र अपने प्रदर्शन के जरिए कार्रवाई के साथ-साथ छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग भी उठा रहे हैं।

छात्रों से मिलने कैंपस पहुंचे इमरान मसूद

छात्रों के प्रदर्शन और उनकी मांगों की जानकारी मिलने के बाद कांग्रेस सांसद इमरान मसूद जामिया यूनिवर्सिटी पहुंचे। भारी सुरक्षा व्यवस्था के बीच उन्होंने प्रदर्शन कर रहे छात्रों से मुलाकात की। मसूद ने छात्रों की मांगों को जायज बताया और कहा कि विवादित नारे लिखकर उनके आंदोलन को बदनाम करने की कोशिश की जा रही है। उन्होंने ऐसे नारों की कड़ी निंदा की और कहा कि छात्रों की आवाज को दबाने के बजाय उनकी समस्याओं पर ध्यान दिया जाना चाहिए।

इमरान मसूद ने कश्मीर पर दिया बयान

मीडिया से बातचीत में इमरान मसूद ने कहा कि कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है और देश का कोई बच्चा भी इसके विपरीत नहीं कहेगा। उन्होंने कहा,

'कश्मीर भारत का अभिन्न अंग है। इसे कमजोर करने की कोशिश करने वालों की मैं कड़ी निंदा करता हूं।'

मसूद के मुताबिक, विवादित पोस्टर और नारे लगाकर छात्रों के आंदोलन को कमजोर करने की कोशिश की जा रही है।

छात्रसंघ चुनाव की मांग का किया समर्थन

इमरान मसूद ने कहा कि जामिया के छात्र लंबे समय से छात्रसंघ चुनाव कराने की मांग कर रहे हैं और उनकी मांग जायज है। उन्होंने सवाल उठाया कि विश्वविद्यालय में छात्रसंघ चुनाव क्यों नहीं कराए जा रहे हैं। मसूद ने कहा कि छात्र इस देश का भविष्य हैं और उनके भविष्य को दबाने की कोशिश क्यों की जा रही है। उन्होंने विश्वविद्यालय प्रशासन से छात्रसंघ चुनाव बहाल करने की मांग का समर्थन किया।

कैंपस से बाहर निकलते ही पुलिस ने हिरासत में लिया

इमरान मसूद के जामिया कैंपस पहुंचने की जानकारी मिलने के बाद पुलिस भी वहां पहुंच गई। छात्रों से मुलाकात और मीडिया से बातचीत के बाद जैसे ही मसूद विश्वविद्यालय परिसर से बाहर निकले, दिल्ली पुलिस ने उन्हें हिरासत में ले लिया और बाद में छोड़ दिया गया। इस पूरे घटनाक्रम के दौरान विवादित नारों की जांच, छात्रों के प्रदर्शन और छात्रसंघ चुनाव की मांग का मुद्दा चर्चा में रहा।

ये भी पढ़ें: अखिलेश के आगे कांग्रेस ने उतारा अपना 'PDA', इमरान मसूद को पद देने से भी भड़की सपा; तकरार हुई तेज!

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। दिल्ली से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।