1. Hindi News
  2. उत्तर प्रदेश
  3. जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के चलते नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट, DND फ्लाईओवर पर लगा लंबा ट्रैफिक जाम

जंतर-मंतर पर प्रदर्शन के चलते नोएडा-दिल्ली बॉर्डर पर पुलिस अलर्ट, DND फ्लाईओवर पर लगा लंबा ट्रैफिक जाम

 Edited By: India TV UP Bureau Desk
 Published : Jul 20, 2026 12:38 pm IST,  Updated : Jul 20, 2026 12:39 pm IST

नोएडा और दिल्ली के बीच यात्रा करने वाले लोगों को आज भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन और प्रदर्शनकारियों के संसद मार्च के आह्वान को देखते हुए दिल्ली-नोएडा बॉर्डर पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट पर है।

Long Traffic Jam At DND- India TV Hindi
DND पर लगा लंबा जाम Image Source : PTI/SCREEN GRAB

दिल्ली के जंतर-मंतर पर चल रहे विरोध प्रदर्शन को देखते हुए दिल्ली और नोएडा को जोड़ने वाले सभी बॉर्डर पर पुलिस पूरी तरह अलर्ट हो गई है। सुरक्षा व्यवस्था को कड़ा करते हुए दिल्ली पुलिस ने आने-जाने वाले रास्तों पर चेकिंग (जांच) शुरू कर दी है। इस सख्त चेकिंग की वजह से नोएडा से दिल्ली जाने वाले रास्तों पर गाड़ियों का दबाव बहुत ज्यादा बढ़ गया है, जिससे हर तरफ ट्रैफिक की रफ्तार थम धीमी पड़ गई है।

सबसे ज्यादा खराब स्थिति नोएडा और दिल्ली को जोड़ने वाले मुख्य रास्ते, यानी डीएनडी (DND) फ्लाईओवर पर देखी जा रही है। पुलिस द्वारा हर गाड़ी की बारीकी से जांच किए जाने के कारण वहां कई किलोमीटर लंबा भारी ट्रैफिक जाम लग गया है। इस जाम के चलते दफ्तर और दूसरे कामों के लिए निकले लोग काफी देर से फंसे हुए हैं और गाड़ियां बहुत धीरे-धीरे यानी रेंग-रेंग कर आगे बढ़ रही हैं।

CJP संसद की निकाल रही है मार्च

बता दें कि नीट पेपर लीक मामले को लेकर कॉक्रोच जनता पार्टी (सीजेपी) के लोग केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की मांग कर रहे हैं और संसद की तरफ मार्च निकाल रहे हैं। इसे देखते हुए दिल्ली पुलिस ने सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए हैं। पुलिस का कहना है कि उन्होंने इस मार्च की इजाजत नहीं दी है, फिर भी लोग इसे निकाल रहे हैं। इसी वजह से जंतर-मंतर पर बहुत बड़ी संख्या में पुलिस तैनात की गई है।

जंतर-मंतर पर भारी मात्रा में तैनात है पुलिस फोर्स

जंतर-मंतर पर इस समय 5 से 6 हजार लोग प्रदर्शन कर रहे हैं, जिन्हें रोकने के लिए वहां 10 हजार से ज्यादा सुरक्षाकर्मी तैनात हैं। जंतर-मंतर से संसद जाने वाले रास्ते पर तीन स्तर की सुरक्षा बैरिकेडिंग की गई है और आंसू गैस के गोले, लाठियां व वज्र वाहन भी तैयार रखे गए हैं। दिल्ली में इस समय भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (BNS) की धारा 163 लागू है, जिसके तहत जंतर-मंतर के तय स्थान के अलावा पूरी दिल्ली में 5 या उससे ज्यादा लोगों के एक साथ खड़े होने पर पाबंदी है। दिल्ली पुलिस ने लोगों से शांति बनाए रखने और कानून का पालन करने की अपील की है।

दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा ने दिया था बड़ा बयान

दिल्ली पुलिस के डीसीपी सचिन शर्मा ने बताया कि इस मार्च के लिए कोई मंजूरी नहीं ली गई है और न ही पुलिस ने इसकी इजाजत दी है। नई दिल्ली इलाके में धारा 163 लागू होने के कारण बिना अनुमति के कहीं भी विरोध प्रदर्शन करने, रैली निकालने या 5 से ज्यादा लोगों के इकट्ठा होने पर पूरी तरह रोक है। लोग केवल जंतर-मंतर पर तय की गई जगह पर ही प्रदर्शन कर सकते हैं, लेकिन उसके लिए भी पहले से मंजूरी लेना जरूरी है।

नोएडा से राहुल ठाकुर की रिपोर्ट

यह भी पढ़ें-

दिल्ली में कई जगहों पर रूट डायवर्ट, कई मेट्रो स्टेशन भी बंद; एडवाइजरी जारी, इन जगहों पर जाने से बचें

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। उत्तर प्रदेश से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।