1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. क्या भारत ने किराना हिल्स पर हमला किया था? पूर्व CDS अनिल चौहान ने उठाया राज से पर्दा

क्या भारत ने किराना हिल्स पर हमला किया था? पूर्व CDS अनिल चौहान ने उठाया राज से पर्दा

पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान सरगोधा के आसपास रडार तलाश रहा एक भारतीय लोइटरिंग म्यूनिशन लक्ष्य नहीं मिलने पर किराना हिल्स में गिर गया होगा। हालांकि, उन्होंने इसे जानबूझकर किया गया हमला नहीं बताया।

Kirana Hills Attack, Operation Sindoor, Anil Chauhan, Kirana Hills Pakistan- India TV Hindi
Image Source : INDIA TV पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान ने किराना हिल्स को लेकर अहम बयान दिया है।

Highlights

  • पूर्व CDS जनरल अनिल चौहान ने किराना हिल्स पर हमले को लेकर स्थिति स्पष्ट की।
  • सरगोधा के पास रडार तलाश रहा लोइटरिंग म्यूनिशन लक्ष्य नहीं मिलने पर गिरा होगा।
  • किराना हिल्स सरगोधा से करीब 10 किलोमीटर उत्तर में स्थित है, जहां परमाणु ठिकाने हैं।

नई दिल्ली: ऑपरेशन सिंदूर के दौरान पाकिस्तान के किराना हिल्स इलाके में भारतीय हथियारों से हमले की खबरों को लेकर पूर्व चीफ ऑफ डिफेंस स्टाफ जनरल अनिल चौहान ने स्थिति स्पष्ट की है। जनरल अनिल चौहान ने मंगलवार को नई दिल्ली स्थित विवेकानंद सेंटर में एक कार्यक्रम के दौरान बताया कि सरगोधा के आसपास रडार तलाश रहा भारत का ड्रोन लक्ष्य नहीं मिलने के बाद किराना हिल्स के किसी हिस्से में जा गिरा होगा। बता दें कि किराना हिल्स में पाकिस्तान के परमाणु ठिकाने मौजूद हैं और इस इलाके को लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं कि क्या ऑपरेशन सिंदूर के दौरान इसे निशाना बनाया गया था।

सरगोधा के आसपास रडार तलाश रहा था हथियार

जनरल चौहान के मुताबिक, ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारत ने सरगोधा और उसके आसपास मौजूद रडार को तलाशने के लिए बड़ी संख्या में लोइटरिंग म्यूनिशन (ड्रोन वगैरह) भेजे थे। उन्होंने बताया कि किराना हिल्स, सरगोधा से करीब 10 किलोमीटर उत्तर में है। ये हथियार सरगोधा और उसके आसपास रडार की तलाश कर रहे थे। उन्होंने समझाया कि लोइटरिंग म्यूनिशन की एक निश्चित अवधि होती है। यह करीब 2 घंटे तक इलाके में घूमकर लक्ष्य तलाश सकता है। अगर इस दौरान उसे निर्धारित लक्ष्य नहीं मिलता, तो वह नीचे आकर किसी जगह से टकरा जाता है। जनरल चौहान ने कहा,

'यह जरूर उन पहाड़ियों में से किसी एक से टकराया होगा।'

पाकिस्तानी मीडिया की तस्वीरों का भी किया जिक्र

पूर्व CDS ने कहा कि यही उन सवालों की एक वजह हो सकती है, जो किराना हिल्स को लेकर उठते रहे हैं। उन्होंने बताया कि पाकिस्तानी मीडिया ने भी कुछ ऐसी तस्वीरें दिखाई थीं, जिनमें किराना हिल्स से धुआं निकलता हुआ दिखाई दे रहा था। उन्होंने कहा कि इस वजह से यह सवाल उठ सकता है कि आखिर वहां धुआं क्यों दिखाई दिया। हालांकि, जनरल चौहान ने इसे एक संभावित वजह के तौर पर बताया है। उन्होंने यह नहीं कहा कि किराना हिल्स को भारत ने जानबूझकर निशाना बनाया था।

किराना हिल्स पर एयर मार्शल ने कही थी थोड़ी अलग बात

किराना हिल्स को लेकर यह बयान इसलिए भी महत्वपूर्ण है क्योंकि ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय वायुसेना के एयर ऑपरेशंस के महानिदेशक रहे एयर मार्शल ए.के. भारती ने अलग बात कही थी। 12 मई 2025 को सोशल मीडिया पर चल रही उन अटकलों के जवाब में कि भारत ने पाकिस्तान के सैन्य प्रतिष्ठानों के कथित परमाणु केंद्र किराना हिल्स को निशाना बनाया है, एयर मार्शल भारती ने कहा था कि भारत ने किराना हिल्स पर हमला नहीं किया। उन्होंने कहा था,

'हमें यह बताने के लिए धन्यवाद कि किराना हिल्स में कुछ परमाणु प्रतिष्ठान हैं। हमें इसके बारे में जानकारी नहीं थी। हमने किराना हिल्स पर हमला नहीं किया है। मैंने कल की ब्रीफिंग में इसका जिक्र नहीं किया था।'

पहलगाम हमले के बाद शुरू हुआ था ऑपरेशन सिंदूर

बता दें कि भारत ने पहलगाम आतंकी हमले के जवाब में ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था। इस हमले में 26 लोगों की मौत हुई थी। ऑपरेशन सिंदूर के दौरान भारतीय सशस्त्र बलों ने पाकिस्तान और पाकिस्तान के कब्जे वाले जम्मू-कश्मीर में मौजूद आतंकी ढांचे को निशाना बनाया था। इसके बाद पाकिस्तान ने तनाव बढ़ाने की कोशिश की, जिसके जवाब में भारत ने उसके कई एयरबेस पर हमला किया। बढ़ते सैन्य दबाव के बाद पाकिस्तान ने सीजफायर की मांग की थी। जनरल चौहान ने इसी कार्यक्रम में यह भी कहा था कि पाकिस्तान ने अपने हमलों का असर जानने के लिए चीनी सैटेलाइट तस्वीरों की मदद लेने की कोशिश की थी (ANI से इनपुट्स के साथ)

ये भी पढ़ें: 'ऑपरेशन सिंदूर' की बरसी पर पूर्व DGMO का बड़ा बयान, कहा- 'पाकिस्तान ने लगाई थी कार्रवाई रोकने की गुहार'

Latest India News