1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. पार्टी में चिकन के ज्यादा टुकड़े खाने को लेकर हुआ 2 दोस्तों के बीच झगड़ा, एक ने दूसरे की हत्या की

पार्टी में चिकन के ज्यादा टुकड़े खाने को लेकर हुआ 2 दोस्तों के बीच झगड़ा, एक ने दूसरे की हत्या की

कर्नाटक के बेलगावी के एक गांव में चिकन पार्टी के दौरान दो दोस्तों के बीच इस बात को लेकर झगड़ा हो गया कि एक ने ज्यादा टुकड़े खा लिए। इसके बाद एक दोस्त ने दूसरे दोस्त की हत्या कर दी।

chicken- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT/INDIA TV पार्टी में चिकन के ज्यादा टुकड़े खाने पर हत्या

बेलगावी: कर्नाटक के बेलगावी जिले के मूडलगी तालुका के एक गांव से चौंकाने वाला मामला सामने आया। यहां एक पार्टी के दौरान चिकन के टुकड़ों को लेकर हुई मामूली बहस हत्या में बदल गई। मृतक की पहचान उत्तर प्रदेश के पीलीभीत जिले के कबीरगंज गांव के रहने वाले सीताराम के तौर पर हुई है, जो मूडलगी में एक स्टील कंपनी में काम करता था।

क्या है पूरा मामला?

पुलिस के मुताबिक, सीताराम और आरोपी अरुण कुमार, दोनों एक ही गांव के रहने वाले थे और मूडलगी में एक ही कंपनी में काम करते थे। दोनों रविवार को चिकन पार्टी कर रहे थे। बताया जा रहा है कि अरुण कुमार के ज्यादा चिकन के टुकड़े खाने पर सीताराम ने उनसे सवाल किया, जिसके बाद बहस शुरू हो गई। 

बहस बढ़ गई और अरुण ने कथित तौर पर चाकू से सीताराम की छाती पर वार कर दिया। इसके बाद खुद अरुण कुमार ही सीताराम को गोकाक सरकारी अस्पताल ले गया और कथित तौर पर यह कहकर दूसरों को गुमराह करने की कोशिश की कि वह एक इमारत से गिर गया था। 

हालांकि, घटप्रभा पुलिस ने अरुण से पूछताछ की और उसे हिरासत में ले लिया। पूछताछ के दौरान उसने कथित तौर पर अपना जुर्म कबूल कर लिया। अस्पताल में सीताराम की मौत हो गई। घटप्रभा पुलिस स्टेशन में हत्या का मामला दर्ज किया गया है।

इस खबर के सामने आने के बाद दोस्ती को लेकर सवाल उठने लगे हैं कि क्या एक चिकन खाने के पीछे कोई शख्स अपने ही दोस्त की हत्या कर सकता है? 

एक चिकन में कितने टुकड़े होते हैं?

एक पूरे चिकन (मुर्गे) में टुकड़ों की कोई निश्चित संख्या नहीं होती है। यह मुर्गे को काटने के तरीके पर निर्भर करता है। यह इस बात पर भी निर्भर करता है कि चिकन से कौन सी डिश बनाई जा रही है।

वैसे आम तौर पर चिकन में 8 टुकड़े होते हैं, जिसमें 2 ब्रेस्ट, 2 थाई (जांघ), 2 ड्रमस्टिक (पैर का निचला हिस्सा) और 2 विंग्स होते हैं। अगर भारतीय स्टाइल में कोई करी या बिरयानी बन रही है तो एक चिकन के टुकड़ों की संख्या 8, 12 और 16 भी हो सकती है। कई जगहों पर करी में एक चिकन में 16 टुकड़े तक डाले जाते हैं।

बता दें कि इससे पहले ये खबर भी सामने आई थी कि कर्नाटक में एक डॉक्टर की हत्या की गई। उनका बेटा घायल हुआ और पत्नी को हिरासत में लिया गया।

ये भी पढ़ें-

कर्नाटक में दलित युवती की हत्या कर कुएं में फेंका शव, पिता ने जताया रेप का शक

Latest India News