A
  1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. गंगा में बहे कबड्डी टीम के पूर्व कैप्टन दीपक हुड्डा, पैर फिसलने से हादसा; हरिद्वार से रेस्क्यू का VIDEO वायरल

गंगा में बहे कबड्डी टीम के पूर्व कैप्टन दीपक हुड्डा, पैर फिसलने से हादसा; हरिद्वार से रेस्क्यू का VIDEO वायरल

जाको राखे साइयां मार सके न कोए, अगर भगवान की कृपा हो तो मौत भी छूकर वापिस चली जाती है। हरिद्वार में आज कुछ ऐसा ही हुआ भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान और बीजेपी नेता दीपक हुड्डा के साथ।

deepak hooda- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT/FACEBOOK- DEEPAK HOODA दीपक हुड्डा भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान भी रह चुके हैं।

हरिद्वार में आज बड़ा हादसा टल गया। अर्जुन अवॉर्ड से सम्मानित इंटरनेशनल कबड्डी प्लेयर और बीजेपी नेता दीपक हुड्डा को आज गंगा में डूबने से बचाया गया। हरियाणा से हरिद्वार पहुंचे दीपक हुड्डा का शिव घाट पर गंगा में डुबकी लगाने के दौरान पैर फिसल गया जिससे अचानक वह गहरे पानी में डूबने लगे। दीपक को डूबता देख उनके साथ पहुंच लोगों ने शोर मचाया तो घाट पर तैनात 40वीं वाहिनी पीएसी के जवानों और NDRF ने राफ्ट बोट के जरिए उनका सुरक्षित रेस्क्यू किया।

गंगा में बहने का वीडियो वायरल

भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा का एक वीडियो इस समय सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो को उत्तराखंड पुलिस ने पोस्ट किया है और इस बात का दावा किया है कि प्रादेशिक सशस्त्र कांस्टेबुलेरी यानी (PAC) की टीम ने दीपक हुड्डा को रेस्क्यू कर लिया है। उत्तराखंड पुलिस की तरफ से 23 जुलाई की शाम 4 बजे एक वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ है। इस वीडियो में साफ दिखाई दे रहा है कि भारतीय कबड्डी टीम के पूर्व कप्तान दीपक हुड्डा हरिद्वार में गंगा में गिर गए हैं और उनका रेस्कियू किया जा रहा है।

घटना के बाद क्या बोले दीपक?

शाम को जब दीपक हुड्डा अपने आवास रोहतक में पहुंचे और गंगा में डूबने से लेकर बचाने तक की सारी बात विस्तार से बताई। दीपक ने बताया, ''मैंने आज शिवरात्रि का व्रत रखा था। आज गंगा में डुबकी लगाते समय मेरा पैर फिसल गया था तब मुझे वहां पर मौजूद पुलिस ने बचाया। मैं उनका बहुत शुक्रिया करता हूं। महादेव की कृपा से आज मैं बच गया।''

रोहतक के रहने वाले हैं दीपक हुड्डा

बता दें कि हरियाणा के रोहतक में रहने वाले दीपक हुड्डा भारतीय कबड्डी टीम के कप्तान रह चुके हैं। वे एशियन गोल्ड मेडलिस्ट और अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित भी हैं।

(रिपोर्ट- सुनील पांडे)

Latest India News