1. Hindi News
  2. भारत
  3. राष्ट्रीय
  4. सेल्फी लेते समय फिसला पैर, दमणगंगा नदी में डूबी 15 वर्षीय किशोरी काजल कुमारी, कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, मिला शव

सेल्फी लेते समय फिसला पैर, दमणगंगा नदी में डूबी 15 वर्षीय किशोरी काजल कुमारी, कई घंटे चला रेस्क्यू ऑपरेशन, मिला शव

सेल्फी लेने के दौरान 15 अगस्त को किशोरी नदी में डूबी थी। देर शाम तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया, तब शव नहीं मिला। रविवार सुबह फिर से रेस्क्यू टीम ने ऑपरेशन चलाया और तब जाकर नदी से 15 वर्षीय किशोरी का शव बरामद हुआ।

कई घंटे चले रेस्क्यू के बाद निकाला गया शव- India TV Hindi
Image Source : REPORTER INPUT कई घंटे चले रेस्क्यू के बाद निकाला गया शव

केंद्र शासित प्रदेश दादरा और नगर हवेली के सिलवासा में 15 अगस्त की शाम एक दर्दनाक हादसा हो गया। नक्षत्रवन गार्डन घूमने पहुंची 15 वर्षीय काजल कुमारी सेल्फी लेते समय पैर फिसलने से दमणगंगा नदी में जा गिरी। नदी के तेज बहाव में डूबने के बाद कई घंटों तक उसका रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया गया। रविवार सुबह करीब 7:30 बजे रेस्क्यू टीम ने काजल का शव बरामद कर लिया।

नक्षत्रवन गार्डन घूमने आया था परिवार

बताया जा रहा है कि काजल कुमारी का परिवार सिलवासा के मसाट इलाके में रहता है। 15 अगस्त की छुट्टी के चलते परिवार नक्षत्रवन गार्डन घूमने आया था। गार्डन के पास से ही दमणगंगा नदी गुजरती है। परिवार के लोग नदी के किनारे घूम रहे थे और इसी दौरान काजल सेल्फी लेने लगी।

परिवार में मची चीख-पुकार

इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह नदी के तेज बहाव में जा गिरी। घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों की आवाजें भी सुनाई दीं। काजल के नदी में गिरते ही परिवार में चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई। पुलिस की टीम को घटना की जानकारी दी गई। स्थानीय प्रशासन के लोग भी मौके पर पहुंच गए।

सुबह निकाला गया शव

सूचना मिलते ही सिलवासा फायर टीम और पुलिस मौके पर पहुंची और किशोरी की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन शुरू किया गया। देर शाम तक तलाश जारी रही, लेकिन सफलता नहीं मिली। इसके बाद रेस्क्यू टीम ने अगले दिन सुबह दोबारा अभियान चलाया और करीब 7:30 बजे काजल का शव बरामद कर लिया।

परिवार में पसरा मातम

घटना के बाद परिवार में मातम पसरा हुआ है। जिस परिवार ने 15 अगस्त की छुट्टी पर घूमने और खुशियां मनाने के लिए नक्षत्रवन गार्डन का रुख किया था, वहां कुछ ही देर बाद मातम का माहौल हो गया।

लापरवाही को लेकर खड़े हो रहे सवाल

यह हादसा एक बार फिर सेल्फी लेते समय बरती जाने वाली लापरवाही को लेकर सवाल खड़े करता है। अक्सर खतरनाक जगहों पर सेल्फी लेने के दौरान हादसों और मौत की खबरें सामने आती हैं। इसके बावजूद लोग अपनी जान जोखिम में डालकर तस्वीर लेने से बाज नहीं आते।

जितेंद्र पाटिल की रिपोर्ट

ये भी पढ़ें: 

वडोदरा में करंट से 3 युवाओं की मौत, भाई को बचाने गई बहन भी चपेट में आई, माता-पिता का रोकर बुरा हाल

Latest India News