बिहार की राजधानी पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र से बड़ी खबर सामने आई है। आदिलपुर घाट पर गंगा नदी में नहाने के दौरान तीन 15 वर्षीय किशोर डूब गए। तीनों किशोर एक ही गांव के रहने वाले और आपस में दोस्त थे। बताया जा रहा है कि कुल छह दोस्त एक साथ गंगा में नहाने पहुंचे थे। इसी दौरान अंकुश गहरे पानी में डूबने लगा। उसे बचाने के लिए रौनक और सुंदरम भी पानी में उतर गए, लेकिन तेज बहाव और गहराई के कारण तीनों नदी में लापता हो गए। SDRF की टीम मौके पर पहुंचकर तीनों की तलाश में जुटी है।
दोस्त को बचाने में हुआ हादसा
घटना रविवार सुबह करीब 9:30 बजे की बताई जा रही है। पटना के खुसरूपुर थाना क्षेत्र के जगमाल बीघा गांव से छह किशोर आदिलपुर घाट पर गंगा नदी में नहाने पहुंचे थे। नहाने के दौरान अचानक 15 वर्षीय अंकुश गहरे पानी में चला गया और डूबने लगा। अंकुश को डूबता देख उसके दोस्त रौनक और सुंदरम उसे बचाने के लिए पानी में चले गए। लेकिन दोनों भी गहरे पानी में फंस गए। देखते ही देखते तीनों किशोर गंगा की तेज धारा में लापता हो गए। घटना की जानकारी मिलते ही घाट पर अफरा-तफरी मच गई।
ग्यारहवीं कक्षा के छात्र थे तीनों
डूबने वाले किशोरों की पहचान 15 वर्षीय अंकुश, पिता जितेंद्र सिंह, 15 वर्षीय रौनक, पिता राजीव सिंह और 15 वर्षीय सुंदरम, पिता रत्नेश सिंह के रूप में हुई है। अंकुश अपने परिवार में बड़ा बेटा था। उसका एक छोटा भाई है। वहीं रौनक अपने माता-पिता का इकलौता बेटा था। सुंदरम भी अपने परिवार का इकलौता बेटा था। तीनों किशोर पढ़ाई करते थे और इसी वर्ष 11वीं कक्षा में पहुंचे थे।
सर्च ऑपरेशन हुआ शुरू
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने नदी में तलाश शुरू की। सूचना मिलने पर पुलिस भी मौके पर पहुंची। परिजनों और स्थानीय लोगों ने पुलिस के देर से पहुंचने की बात कही है। इसके बाद SDRF की टीम घटनास्थल पर पहुंची और नदी में सर्च ऑपरेशन शुरू किया। SDRF की टीम मोटरबोट और अन्य संसाधनों की मदद से गंगा में तीनों किशोरों की तलाश कर रही है। नदी में तेज बहाव होने के कारण रेस्क्यू ऑपरेशन में मुश्किलें भी सामने आ रही हैं।
फिलहाल तीनों किशोरों का कोई सुराग नहीं मिल पाया है। SDRF की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। तीनों के परिवारों को जैसे ही हादसे की जानकारी मिली, घर में चीख-पुकार मच गई। हादसे के बाद पूरे जगमाल बीघा गांव में मातम पसरा है और परिजन अपने बच्चों के मिलने की उम्मीद लगाए बैठे हैं।
(पटना से बिट्टू कुमार की रिपोर्ट)