1. Hindi News
  2. बिहार
  3. बिहार के गया में दिल दहलाने वाला हादसा, कुएं में उतरे 4 लोगों की मौत, जहरीली गैस की चपेट में आए

बिहार के गया में दिल दहलाने वाला हादसा, कुएं में उतरे 4 लोगों की मौत, जहरीली गैस की चपेट में आए

 Written By: Subhash Kumar
 Published : Aug 14, 2026 10:11 pm IST,  Updated : Aug 14, 2026 10:38 pm IST

बिहार के गया जिले में कुएं में मोटर ठीक करने उतरे 4 लोगों की जहरीली गैस से दम घुटने से मौत हो गई। चारों शव को निकालने के लिए फायर ब्रिगेड, एसडीआरएफ की टीम ने रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया।

bihar gaya accident- India TV Hindi
बिहार के गया में दर्दनाक हादसा। Image Source : REPORTER

बिहार के गया जिले से शुक्रवार को दर्दनाक हादसे की खबर सामने आई है। गया जिले डोभी प्रखंड के गढ़ करमौनी गांव में पुराने कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से बड़ा हादसा हो गया। कुएं में जहरीली गैस के कारण पिता-पुत्र समेत चार लोगों की मौत हो गई। हादसे की खबर गांव में तेजी से फैलते ही मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। घटना की सूचना स्थानीय प्रशासन को दी गई, जिसके बाद पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी मौके पर पहुंचे।

कैसे हुआ हादसा?

बताया जा रहा है कि एक ग्रामीण पुराने कुएं में मोटर ठीक करने के लिए उतरा था। कुएं के अंदर जाते ही जहरीली गैस के प्रभाव से उसकी तबीयत बिगड़ने लगी और वह पानी में छटपटाने लगा। पिता को परेशानी में देख उसका बेटा भी उसे बचाने के लिए कुएं में जा उतरा। इसके बाद दो अन्य लोग भी पिता-पुत्र को बचाने के प्रयास में कुएं में उतर गए। कुछ ही देर में जहरीली गैस के प्रभाव से चारों की हालत गंभीर हो गई और उनकी मौत हो गई।

फायर ब्रिगेड का कर्मी भी बेहोश हुआ

गया में इस दर्दनाक घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय प्रशासन ने राहत और बचाव कार्य शुरू कराया। कुएं से शवों को बाहर निकालने के लिए अग्निशमन विभाग की टीम को बुलाया गया। रेस्क्यू ऑपरेशन के दौरान जहरीली गैस का असर इतना तेज था कि फायर ब्रिगेड का कर्मी भी बेहोश हो गया जिसे इलाज के लिए अस्पताल भेजा गया।

मशक्कत के बाद शवों को बाहर निकाला गया

प्रशासनिक और राहत टीम ने काफी मशक्कत के बाद कुएं से 4 शवों को बाहर निकाल लिया है। स्थिति को देखते हुए एसडीआरएफ की टीम को भी मौके पर बुलाया गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा है। मृतकों के परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। इस हादसे में विजय चौधरी, विकास चौधरी, दिलचंद मांझी और चमारी मांझी की मौत हो गई है। मृतकों में विजय चौधरी और विकास चौधरी दोनों पिता पुत्र हैं। आपको बता दें कि हाल ही में बिहार के बांका जिले से भी दर्दनाक घटना सामने आई थी। यहां खेत में रोपनी कर रही 3 महिलाओं की आकाशीय बिजली की चपेट में आकर मौत हो गई, जबकि एक किशोर और एक किशोरी गंभीर रूप से झुलस गए।

CM ने किया मुआवजे का ऐलान

गया में हुए इस हादसे और 4 लोगों की मौत पर बिहार के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने भी शोक जताया है और मुआवजे का ऐलान किया है। सम्राट चौधरी ने कहा- "गया के डोभी प्रखंड के करमौनी गांव में कुएं में जहरीली गैस की चपेट में आने से चार लोगों की मृत्यु का समाचार अत्यंत पीड़ादायक है। इस अपूरणीय क्षति पर शोकाकुल परिजनों के प्रति मेरी गहरी संवेदनाएं हैं। ईश्वर दिवंगत आत्माओं को अपने श्रीचरणों में स्थान दें तथा शोक-संतप्त परिजनों को यह असहनीय दुःख सहने की शक्ति प्रदान करें। मृतकों के आश्रितों को अविलंब ₹4-4 लाख की अनुग्रह अनुदान राशि उपलब्ध कराने एवं प्रभावित परिवारों को हरसंभव सहायता प्रदान करने के निर्देश दिए गए हैं। सरकार इस कठिन घड़ी में पीड़ित परिवारों के साथ पूरी संवेदना के साथ खड़ी है।" (रिपोर्ट: अजीत कुमार)

ये भी पढ़ें- शादी तय थी, प्रेग्नेंट थी गर्लफ्रेंड; कुंभ स्नान के बहाने ले जाकर कर दी हत्या, अब मिली उम्रकैद की सजा

नालंदा में नाली और रास्ते को लेकर हुए विवाद में चलीं गोलियां, मौके पर एक युवक की मौत, गांव में तनाव का माहौल

Advertisement

India TV हिंदी न्यूज़ के साथ रहें हर दिन अपडेट, पाएं देश और दुनिया की हर बड़ी खबर। बिहार से जुड़ी लेटेस्ट खबरों के लिए अभी विज़िट करें।